बंगाल में फिर खेला होबे?: मिथुन चक्रवर्ती का दावा- TMC के 38 विधायक भाजपा के संपर्क में, सियासी हलचल तेज
भाजपा विधायकों की बैठक के बाद मिथुन ने आरोप लगाया कि 2021 में हुए विधानसभा चुनाव को जबरदस्ती जीता गया था। टीएमसी पर चुनावों में धांधली और गुंडागर्दी के बल पर चुनाव जीतती आई है। उन्होंने सवाल किया कि अगर पश्चिम बंगाल की जनता टीएमसी और ममता बनर्जी को इतना ही पसंद करती है, तो मतदाताओं को डराया-धमकाया क्यों जाता है?
विस्तार
पश्चिम बंगाल की राजनीति में भाजपा नेता और फिल्म इंडस्ट्री की दिग्गज हस्तियों में शुमार मिथुन चक्रवर्ती ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कोलकाता में एक बड़ा बयान देकर बंगाल की राजनीति में हलचल मचा दी है। पहले उन्होंने पूछा कि क्या आपको ब्रेकिंग न्यूज चाहिए? इसके बाद उन्होंने कहा कि आज के वक्त में तृणमूल कांग्रेस के करीब 38 विधायकों के हमारे साथ अच्छे रिश्ते हैं। इनमें से करीब 21 तो हमारे सीधे संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि यह तो अभी म्यूजिक लॉन्च है, फिल्म की धमाकेदार रिलीज तो अभी बाकी है।
भाजपा विधायकों की बैठक के बाद मिथुन ने आरोप लगाया कि 2021 में हुए विधानसभा चुनाव को जबरदस्ती जीता गया था। टीएमसी पर चुनावों में धांधली और गुंडागर्दी के बल पर चुनाव जीतती आई है। उन्होंने सवाल किया कि अगर पश्चिम बंगाल की जनता टीएमसी और ममता बनर्जी को इतना ही पसंद करती है, तो मतदाताओं को डराया-धमकाया क्यों जाता है?
उन्होंने कहा कि चुनाव में टीएमसी के कितने लोग चुनकर आए? आपको बड़ी सफलता मिली, लेकिन मेरा एक सवाल है कि इतने लोग अगर आपसे प्यार करते हैं और आप लोगों के प्यार के कारण चुनाव जीतकर आए हैं, तो फिर आप लोग डरते क्यों हैं? उन्होंने कहा कि प्यार का बम तो परमाणु बम से भी ज्यादा बड़ा है। आप लोगों को क्यों डराते हैं कि चुनावों में अगर पीएम मोदी या भाजपा को वोट दिया तो गला काट देंगे, हाथ काट देंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य में अगर बिन किसी के डर के और निष्पक्ष चुनाव कराए जाएं तो टीएमसी और ममता दीदी की सरकार चली जाएगी। इसके बाद क्या होगा? आपको भी पता है। बंगाल में भाजपा सत्ता में आ जाएगी।
#WATCH | West Bengal: Do you want to hear breaking news? At this moment, 38 TMC MLAs have very good relations with us, out of which 21 are in direct (contact with us): BJP leader Mithun Chakraborty in Kolkata pic.twitter.com/1AI7kB4H5I
— ANI (@ANI) July 27, 2022
इससे पहले तृणमूल कांग्रेस सांसद प्रतिमा मंडल ने बुधवार को लोकसभा में दावा किया कि देश में नफरत और हिंसा का माहौल बढ़ाया जा रहा है। इसे सत्तापक्ष की शह मिल रही है। इस पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने पलटवार करते हुए कहा कि तृणमूल सांसद ने सदन में झूठ बोला है। गुमराह किया है, क्योंकि कानून-व्यवस्था राज्यों का विषय है। इस मामले में पश्चिम बंगाल सरकार पूरी तरह विफल रही है।
प्रतिमा मंडल ने सदन में शून्यकाल के दौरान दावा किया कि महंगाई जैसे मुद्दों से देश का ध्यान भटकाने के लिए नफरत का माहौल बढ़ाया जा रहा है। अगर कदम उठाए नहीं गए, तो स्थानीय स्तर पर सुरक्षा चुनौती पैदा हो सकती है। सरकार नींद से जागे और उचित कदम उठाए।
इस पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि सांसद ने बगैर तथ्य के झूठे आरोप लगाये हैं। कानून व्यवस्था राज्यों का विषय है। उन्हें पश्चिम बंगाल की बात करनी चाहिए थी जहां की सरकार विफल है। पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो रही है।