फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Manish Desai becomes Principal Director General of PIB Latest Big news in hindi

Big News: मनीष देसाई बने पीआईबी के प्रधान महानिदेशक, टीबी की दवा बेडाक्विलिन 55 फीसदी तक सस्ती

Sat, 02 Sep 2023 06:50 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: जलज मिश्रा Updated Sat, 02 Sep 2023 06:50 AM IST
सार

स्टॉप टीबी पार्टनरशिप की ग्लोबल ड्रग फैसिलिटी (जीडीएफ) ने दवा प्रतिरोधी टीबी (डीआर-टीबी) के इलाज के लिए बेडाक्विलिन दवा की कीमत में 55 फीसदी तक की कटौती की है।

विज्ञापन
Manish Desai becomes Principal Director General of PIB Latest Big news in hindi
National News - फोटो : Social Media

विस्तार

भारतीय सूचना सेवा के 1989 बैच के अधिकारी मनीष देसाई को पत्र सूचना कार्यालय का प्रधान महानिदेशक बनाया गया है। उन्होंने शुक्रवार को अपना पदभार संभाल लिया। देसाई ने राजेश मल्होत्रा की जगह ली है जो 31 अगस्त को रिटायर हो गए। पीआईबी में नियुक्त किए जाने से पहले देसाई केंद्रीय संचार ब्यूरो के महानिदेशक थे। उन्होंने इससे पहले फिल्म प्रभाग के महानिदेशक, भारतीय जनसंचार संस्थान के एडिशनल डीजी आदि का कार्यभार भी संभाला है। वह पीआईबी के मुंबई कार्यालय में मीडिया गतिविधियों को संभाल चुके हैं। 

विज्ञापन

टीबी की दवा बेडाक्विलिन 55 फीसदी तक सस्ती
स्टॉप टीबी पार्टनरशिप की ग्लोबल ड्रग फैसिलिटी (जीडीएफ) ने दवा प्रतिरोधी टीबी (डीआर-टीबी) के इलाज के लिए बेडाक्विलिन दवा की कीमत में 55 फीसदी तक की कटौती की है। नई कीमत के मुताबिक, जॉनसन एंड जॉनसन की यह दवा छह माह के लिए 10,758 रुपये में उपलब्ध होगी। इसी तरह ल्यूपिन कंपनी की यह दवा छह माह के लिए 16,050 रुपये में उपलब्ध होगी। यह कीमतें दिसंबर 2024 तक लागू रहेंगी। बेडाक्विलाइन दवा की नई कीमतें निम्न और मध्यम आय वाले देशों के लिए उपलब्ध होंगी। जॉनसन एंड जॉनसन और ल्यूपिन कंपनी की इस दवा की कीमत में क्रमशः 55 और 33 प्रतिशन की कमी आई है। अभी तक यह दवा छह माह के लिए करीब 23,912 रुपये में मिलती थी। अनुमान है कि दवा कीमत में कटौती से मरीजों को करीब 66 करोड़ रुपये से ज्यादा की बचत होगी।

विज्ञापन

दरअसल, भारत में हर साल 24 लाख से ज्यादा टीबी रोगियों की पहचान हो रही है। भारत में यह बेडाक्विलाइन दवा छह माह के लिए करीब 21 हजार रुपये में उपलब्ध है, जो सरकार के माध्यम से खरीदी जा रही है। इसका इस्तेमाल एमडीआर टीबी में किया जा रहा है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

धीरेंद्र ओझा केंद्रीय संचार ब्यूरो के महानिदेशक बने
भारतीय सूचना सेवा के 1990 बैच के अधिकारी धीरेंद्र ओझा को केंद्रीय संचार ब्यूरो का महानिदेशक बनाया गया है। उन्होंने शुक्रवार को कार्यभार संभाल लिया। ओझा ने मनीष देसाई की जगह ली है जिन्हें पीआईबी में प्रिंसिपल महानिदेशक बनाया गया है। ओझा इससे पहले रजिस्ट्रार फॉर न्यूजपेपर्स ऑफ इंडिया(आरएनआई) के प्रेस रजिस्टार रह चुके हैं। उनके पास एनएमडब्ल्यू और ईएमएमसी का अतिरिक्त प्रभार भी था। वह ये अतिरिक्त प्रभार संभालते रहेंगे। ओझा अपने तीन दशक लंबे कॅरिअर में चुनाव आयोग के निदेशक और महानिदेशक भी रह चुके हैं।

सोनाली बनीं असम के काजीरंगा उद्यान की पहली महिला निदेशक
भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी सोनाली घोष ने शुक्रवार को असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) के क्षेत्र निदेशक (फील्ड डायरेक्टर) का कार्यभार संभाला। 118 साल पुराने केएनपी में बतौर निदेशक कार्यभार संभालने वाली सोनाली पहली महिला अधिकारी हैं।  उत्तराखंड के देहरादून की रहने वाली हैं। पूर्व सैनिक की बेेटी सोनाली को जंगल और जीवों से खासा लगाव है। अमर उजाला से एक बातचीत में उन्होंने कहा, यह एक गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। सोनाली ने शुक्रवार को मौजूदा क्षेत्र निदेशक जतिंद्र शर्मा से पार्क का प्रभार ग्रहण किया। जतिंद्र 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो गए हैं। निदेशक बनने से पूर्व सोनाली गुवाहाटी में प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन बल के प्रमुख के कार्यालय में मुख्य वन संरक्षक के रूप में कार्यरत थीं।

आतंकी भर्ती मामले में चार राज्यों में छापे कई उपकरण जब्त
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को दावा किया कि भारतीय उपमहाद्वीप में अल-कायदा (एक्यूआईएस) और तहरीक-ए-तालिबान की तरफ से युवाओं की भर्ती करने और आतंक फैलाने के इरादे से उन्हें कट्टरपंथी बनाने की साजिश के सिलसिले में छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण बरामदगी की है। जांच एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और तमिलनाडु में छापेमारी के दौरान कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं। प्रवक्ता ने कहा, एनआईए साजिश में शामिल लोगों का पता लगाने और दोनों आतंकी संगठनों की गैरकानूनी और कट्टरपंथी योजनाओं और अभियानों के माध्यम से देश को अस्थिर करने के उनके प्रयासों को विफल करने के लिए उपकरणों की जांच कर रही है।

150 करोड़ की धोखाधड़ी में माकपा विधायक से चार को ईडी करेगी पूछताछ
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बैंक से 150 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से संबंधित धनशोधन मामले में केरल में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के विधायक एसी मोइदीन को नया समन जारी कर चार सितंबर को पेश होने के लिए कहा है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक मोइदीन (67) को 31 अगस्त को जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने असमर्थता जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें समन देर से मिला। यह मामला सीपीआई (एम) नियंत्रित करुवन्नूर सहकारी बैंक में कथित धोखाधड़ी से संबंधित है।

राहुल गांधी ने मुंबई के अस्पताल में करवाई अपनी आंखों की जांच
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी विपक्षी गठबंधन इंडिया की दूसरे दिन की बैठक में शामिल होने से पहले शुक्रवार को आंखों की जांच के लिए एक आईकेयर सेंटर गए। राहुल सुबह 8.35 बजे दक्षिण मुंबई में पेडर रोड पर रूसी संस्कृति केंद्र के पास स्थित आईकेयर पहुंचे और चिकित्सा निदेशक से मुलाकात कर अपनी आंखों की जांच कराई। एजेंसी

अवैध रूप से प्रवेश के आरोप में पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार
भारत में वर्ष 2022 में अवैध रूप से दाखिल होने के आरोप में एक पाकिस्तानी नागरिक को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के शांगल जिले के रहने वाले फैज मोहम्मद (24) को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि फैज नेपाल सीमा के रास्ते बिना वैध वीजा के भारत में दाखिल हुआ था। वह किशन बाग इलाके में अपनी पत्नी के घर पर अवैध रूप से रह रहा था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed