Maharashtra: अस्पताल में महिला रिसेप्शनिस्ट से मारपीट का मामला, दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया आरोपी
Maharashtra: ठाणे के अस्पताल में महिला रिसेप्शनिस्ट से मारपीट करने वाले व्यक्ति को दो दिन पुलिस हिरासत में भेजा गया। उसे बुधवार को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी ने डॉक्टर से मिलने की इजाजत न मिलने पर रिसेप्शनिस्ट पर हमला किया था। महिला को गंभीर चोटें आईं। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।राजनीतिक दल सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
विस्तार
पुलिस ने ठाणे जिले के कल्याण इलाके के अस्पताल में महिला रिसेप्शनिस्ट के साथ मारपीट के मामले में बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे दो दिन पुलिस हिरासत में भेज दिया। आरोप है कि महिला ने उसे बिना अपॉइंटमेंट के डॉक्टर के कमरे में जाने से रोक दिया था, जिससे गुस्साए व्यक्ति ने उस पर हमला कर दिया था। यह घटना बच्चों के निजी अस्पताल में हुई थी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आरोपी बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वह रिसेप्शनिस्ट को लात मारता है। इसके बाद महिला के बाल पकड़कर अस्पताल के रिसेप्शन फ्लोर पर घसीटता है। महिला महाराष्ट्र की रहने वाली है। घठना सोमवार शाम की है। मौके पर मौजूद मरीजों के परिजनों ने महिला को बचाया।
ये भी पढ़ें: भारतीय वायु सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेंगे पाकिस्तानी विमान, सरकार ने 23 अगस्त तक बढ़ाई पाबंदी
प्राथमिकी के अनुसार ,आरोपी की पहचान गोकुल झा के रूप में हुई है। वह इसलिए गुस्से में था क्योंकि महिला रिसेप्शनिस्ट (25 वर्षीय) ने उसे और उसके साथ आई महिला और बच्चे को लाइन तोड़कर सीधे डॉक्टर से मिलने की इजाजत नहीं दी थी। डॉक्टर उस समय पहले से मौजूद मरीजों को देख रहे थे।
महिला रिसेप्शनिस्ट को आईं गंभीर चोटें
पुलिस के अनुसार, इस हमले में रिसेप्शनिस्ट को गंभीर चोटें आई हैं और उसे डोंबिवली के एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। इसमें मारपीट, अभद्र भाषा का इस्तेमाल और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसे आरोप शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: मणिपुर के देइवाइजांग गांव में गोलीबारी, आपसी झड़प में मारे गए कुकी उग्रवादी संगठन के पांच सदस्य
बर्दाश्त नहीं की जाएगी हिंसा: पुलिस आयुक्त, ठाणे
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी गोकुल झा को मंगलवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया है। ठाणे के पुलिस उपायुक्त अतुल जेंडे ने बताया कि ऐसी हिंसा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हमारी टीम ने लगातार मेहनत कर आरोपी को कल्याण से गिरफ्तार किया। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
राजनीतिक दलों ने सख्त कार्रवाई की मांग
इस घटना की सभी राजनीतिक दलों ने निंदा की है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राज्य प्रमुख रविंद्र चव्हाण ने मंगलवार देर रात डीसीपी जेंडे से मुलाकात की और इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, शिवसेना के जिला अध्यक्ष दीपेश म्हात्रे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के स्थानीय नेता राजू पाटिल ने भी पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.