Maharashtra: पुणे में व्यक्ति ने बच्ची को इमारत से दिया धक्का, मौत; वर्धा में कार-टैंकर की टक्कर, चार की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 10 मंजिला आवासीय इमारत से एक व्यक्ति ने 10 वर्षीय बच्ची की धक्का देकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को छठी मंजिल पर स्थित अपने घर की खिड़की से धक्का दिया। पुलिस ने बताया कि घटना मुंब्रा इलाके के सम्राट नगर में हुई। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि घटना की सूचना सोमवार रात 11.48 बजे ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को घायल अवस्था में छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की जांच में पता चला की बच्ची को मुंब्रा के ठाकुरपाड़ा निवासी व्यक्ति ने धक्का दिया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) और 238 (अपराध के सबूतों को गायब करना, या अपराध को छिपाने के लिए गलत जानकारी देना) और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम के प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया है। बच्ची का सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि दुष्कर्म का आरोप अभी तक नहीं लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
वर्धा में कार-टैंकर की टक्कर, चार की मौत
महाराष्ट्र के वर्धा जिले में एक कार और टैंकर की टक्कर में एक दंपत्ति और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि यह दुर्घटना सोमवार रात जिले के तारोदा में हुई। जंगली सूअर के सामने आ जाने के कारण कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन टैंकर से जा टकराया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में कार सवार चार लोगों - एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और दो बच्चों की मौत हो गई।
महाराष्ट्र के पालघर में राम नवमी के मौके पर आयोजित एक बाइक रैली पर अज्ञात लोगों की ओर से अंडे फेंकने की घटना सामने आई है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि घटना रविवार को वीरार (पश्चिम) के ग्लोबल सिटी स्थित पिंपलेश्वर मंदिर के पास हुई। यहां जुलूस में शामिल कुछ बाइक सवारों पर नजदीकी इमारत से अंडे फेंके गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक गबन की जांच तेज, बयान दर्ज कराने के निर्देश
न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक में 122 करोड़ रुपये के गबन की जांच मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) कर रही है। जांच के सिलसिले में एक परिसंपत्ति पुनर्निर्माण कंपनी (एआरसी) के प्रबंध निदेशक और सीईओ को एक सप्ताह के भीतर बयान दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। अधिकारी ने बताया, वित्तीय अनियमितता के कारणों को जानने के लिए ईओडब्ल्यू ने ओमकारा एआरसी के वरिष्ठ अधिकारियों को पूछताछ के लिए बुलाने का फैसला किया है। एमडी और सीईओ को इसी सप्ताह बुलाया गया है, हालांकि कोई निश्चित तारीख तय नहीं की गई है।
पुणे की गर्भवती मौत मामले में नियमों का उल्लंघन उजागर
महाराष्ट्र के पुणे में एक गर्भवती की मौत के मामले में गठित जांच पैनल ने कहा है कि पुणे के अस्पताल ने अग्रिम भुगतान की मांग कर नियमों का उल्लंघन किया। बता दें कि दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल पर 10 लाख रुपये जमा करने के बावजूद गर्भवती को भर्ती न करने का आरोप लगा है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राधाकिशन पवार की अध्यक्षता वाली चार सदस्यीय समिति ने सोमवार को पुणे पुलिस को अपनी रिपोर्ट सौंपी। इसमें कहा गया है कि बॉम्बे पब्लिक ट्रस्ट अधिनियम के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए धर्मार्थ अस्पतालों द्वारा अपनाई जाने वाली योजना के अनुसार, किसी आपात स्थिति में, उन्हें रोगी को तुरंत भर्ती करना होगा। न्यायालय ने कहा कि किसी धर्मार्थ अस्पताल को आपातकालीन मरीज के भर्ती होने पर जमा राशि नहीं मांगनी चाहिए।
ठाणे में नसबंदी के दौरान महिला की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के एक नागरिक अस्पताल में नसबंदी प्रक्रिया के दौरान जटिलताओं के कारण 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला के परिवार ने अस्पताल पर चिकित्सा लापरवाही का आरोप लगाया है। बता दें कि हादसा 4 अप्रैल को हुआ जब शांति देवी, जो कि कल्याण (पूर्व) के खाडेगोलावली की निवासी थीं, को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक, शांति देवी की हालत कमजोर थी, इसलिए उसे रक्त चढ़ाया गया था। डॉक्टरों ने स्थिति में सुधार के बाद 6 अप्रैल को सर्जरी करने का निर्णय लिया, लेकिन एनेस्थीसिया दिए जाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उसे पास के एक निजी अस्पताल में भेजने का फैसला किया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2029 के बाद भी देश का नेतृत्व करते रहेंगे और उनके उत्तराधिकारी पर चर्चा करने का कोई सवाल ही नहीं है। मंगलवार को मुंबई में इंडिया ग्लोबल फोरम में उन्होंने कहा, पीएम नरेंद्र मोदी के उत्तराधिकारी के बारे में सोचने का यह सही समय नहीं है। बता दें कि फडणवीस का यह बयान शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के पिछले महीने के दावे के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि मोदी यह संदेश देने के लिए नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय गए थे कि वह सेवानिवृत्त हो रहे हैं। राउत ने दावा किया था कि मोदी 30 मार्च को आरएसएस मुख्यालय गए थे और सितंबर में वह 75 साल की उम्र में सेवानिवृत्त हो जाएंगे। फडणवीस ने राउत के दावे को खारिज करते हुए कहा, हमारी संस्कृति में, जब पिता जीवित हो, तो उत्तराधिकार के बारे में बात करना अनुचित है। यह मुगल संस्कृति है। इस पर चर्चा करने का समय नहीं आया है।