फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra: सोमनाथ की हिरासत में मौत की जांच के लिए समिति गठित; मुंबई में ट्रक-कैब की टक्कर, एक की मौत

Thu, 16 Jan 2025 02:04 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Thu, 16 Jan 2025 02:04 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को परभणी में प्रदर्शन कर रहे सोमनाथ सूर्यवंशी की हिरासत में हुई मौत की जांच के लिए एक समिति बनाई है। इस समिति के प्रमुख सेवानिवृत्त न्यायाधीश वी एल अचलिया होंगे। अधिकारियों के अनुसार, गृह विभाग ने इस जांच के लिए न्यायिक आदेश जारी किया है।

विज्ञापन

समिति इस बात की जांच करेगी कि 35 वर्षीय सूर्यवंशी की हिरासत में मौत कैसे हुई। सूर्यवंशी को 15 दिसंबर को परभणी के एक सरकारी अस्पताल में मौत हो गई थी। उन्हें संविधान की कांच की प्रतिकृति का अपमान करने के आरोप में परभणी में हुई हिंसा के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया था कि सूर्यवंशी की मौत बीमारी के कारण हुई। बता दें कि समिति यह भी जांचेगी कि परभणी पुलिस ने हिंसा के दौरान स्थिति को संभालने के लिए क्या कदम उठाए थे।

विज्ञापन


मुंबई में ट्रक-कैब की टक्कर में एक की मौत
मुंबई में एक कैब और ट्रक की टक्कर में कैब चालक की मौत हो गई। यह घटना दहिसर नाका में घटी। कैब चालक एक यात्री को लेकर कांदिवली की तरफ जा रहा था। दहिसर से कांदिवली की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक का एक टायर फट गया, जिसके बाद ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। इस दौरान ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वह एक कैब से टकरा गया। इस हादसे के बाद यात्री सुरक्षित भाग निकला, लेकिन कैब चालक स्टीयरिंग व्हील और अपनी सीट के बीच फंस गया। वह कैब से बाहर निकलने में असफल रहा। घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने चालक को बाहर निकाला और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

नागपुर जिले में बाघ शावक मृत पाया गया
नागपुर जिले के रामटेक तालुका में बुधवार को एक बाघ शावक मृत मिला। वन अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बाघ के शावक का शव दोपहर करीब तीन बजे देवलापार वन रेंज के 'कम्पार्टमेंट संख्या 487' में मिला। सूचना मिलने के बाद उप वन संरक्षक (नागपुर) भरत सिंह हाड़ा और अन्य वरिष्ठ वन अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव के पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा।

पालघर जिले में ड्राइवर की हत्या मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पलघर जिले में पुलिस ने बुधवार को 49 वर्षीय एक व्यक्ति को उसके ड्राइवर की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया। हत्या का शिकार 42 वर्षीय प्रभुकुमार लोटन झा था, जिसका शव मंगलवार को तुंगारेश्वर इलाके में मिला। पुलिस ने झा के नियोक्ता, एस वी सिंह को हिरासत में लिया।

पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस ने बताया कि सिंह और झा के बीच अक्सर झगड़े होते थे, क्योंकि झा शराब पीकर अक्सर काम पर आता था। एक ऐसे ही झगड़े के दौरान सिंह ने झा के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

ठाणे पुलिस ने 14.35 लाख रुपये मूल्य का गांजा किया जब्त
ठाणे पुलिस ने 14.35 लाख रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया और चार लोगों को गिरफ्तार किया है, एक अधिकारी ने बुधवार को जानकारी दी। पुलिस की चितलसर स्टेशन की टीम ने 11 जनवरी की सुबह ठाणे के सुभाष नगर इलाके में एक कार से 42.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस उपायुक्त प्रशांत कदम के मुताबिक, इस दौरान दो लोग मौके से भाग गए, जबकि पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया और वाहन और गांजा जब्त कर लिया।

इसके बाद पुलिस ने पुणे जिले के जुन्नार से दो और ठाणे जिले के कल्याण से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। चारों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

महिला के साथ दुष्कर्म मामेल में पुलिस ने एक ऑटो चालक को किया गिरफ्तार
महाराष्ट्र के मुंबई में एक ऑटो चालक को जादू-टोना करने के बहाने एक महिला के साथ पिछले चार साल से दुष्कर्म करने और उसकी दो बेटियों से छेड़छाड़ करने के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

आरे पुलिस ने दी जानकारी
आरे पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपी राजाराम रामकुमार यादव (43) ने महिला का यौन शोषण किया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने महिला को झांसा दिया था कि वह तंत्र-मंत्र के जरिए उसकी और उसके पति की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ठीक कर सकता है।

अधिकारी ने बताया कि उसने महिला को धमकी भी दी थी कि अगर उसने विरोध किया तो वह उसके पूरे परिवार को मार देगा। उन्होंने बताया कि यादव ने कुछ अनुष्ठानों में शामिल करने के बहाने उसकी दो नाबालिग बेटियों के साथ भी छेड़छाड़ की। साथ ही अधिकारी ने बताया कि यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि यादव के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुणे में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
पुणे से लगातार सामने आ रही चोरी की खबरों के बीच पुणे पुलिस का एक्शन सामने आया है, जिसके तहत पुलिस ने बुधवार को बताया कि पुणे में एक तीन सदस्यीय गिरोह को चोरी की कई वारदातों में कथित तौर पर एक करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधिकारी ने दी जानकारी
मामले में स्वरगेट पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उनके पास से एक किलो सोने के आभूषण, 3.5 किलो चांदी के आभूषण और 135 छोटे हीरे के टुकड़े बरामद किए हैं। साथ ही मामले में तीनों की पहचान गणेश काठवाडे, सुरेश पवार और अजय उर्फ भीम राजपूत के रूप में हुई है।

पुलिस उपायुक्त ने दी जानकारी
साथ ही मामले में पुणे पुलिस उपायुक्त स्मार्टना पाटिल ने बताया कि कई चोरियों के आरोप में गिरफ्तार गिरोह पर सेंधमारी का भी आरोप शामिल है। उन्होंने कहा कि हमें एक आरोपी के बारे में सूचना मिली थी, जिससे गिरोह का भंडाफोड़ करने में मदद मिली। गिरोह के सरगना गणेश ने शहर में 14 घरों में सेंधमारी करने की बात कबूल की है।

नाबालिग लड़की पर हमला करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां दहिसर इलाके में एक नाबालिग लड़की पर हमला करने और उसकी सोने की चेन छीनने के आरोप में 20 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मामले में पुलि अधिकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात को कंदरपाड़ा मेट्रो स्टेशन के पास हुई, जब 17 वर्षीय पीड़िता निजी कोचिंग क्लास से घर लौट रही थी। दहिसर (पश्चिम) की रहने वाली लड़की न्यू लिंक रोड पर अकेली चल रही थी, तभी आरोपी अमन उमेश गुप्ता ने उस पर हमला कर दिया। उसने उसके बाल खींचे, उसके साथ मारपीट की और उसकी सोने की चेन छीन ली। साथ ही उन्होंने बताया कि लड़की ने शोर मचाया और कुछ राहगीरों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया।

फिल्म कला निर्देशक बरी

महाराष्ट्र की एक अदालत ने अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत सबूतों में विसंगतियों का हवाला देते हुए हत्या के प्रयास के 2018 के एक मामले में 48 वर्षीय फिल्म कला निर्देशक को बरी कर दिया है। सत्र न्यायाधीश अमित एम शेटे ने नौ जनवरी को सुशांत निरंजन पांडा को बरी कर दिया। उन पर अरविंद रामरत्न सिंह पर एक जुलाई 2018 में स्टील कटर से हमला करने का आरोप लगाया गया था। पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के अनुसार, पांडा और सिंह की बेटी के बीच तनावपूर्ण रिश्ते को लेकर दोनों के बीच देर रात तकरार हुई। शिकायतकर्ता अरविंद रामरत्न सिंह की बेटी आरोपी के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में थी। 

महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री को राज्य निर्वाचन आयुक्त के लिए नाम सुझाने का अधिकार दिया
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को राज्य निर्वाचन आयुक्त पद के लिए उम्मीदवार की सिफारिश करने के लिए अधिकृत कर दिया। एक सरकारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। यह निर्णय मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान लिया गया। इससे पहले राज्य के मंत्रियों सहित मंत्रिपरिषद को राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद के लिए सिफारिश करने का अधिकार था। यह नाम मुख्यमंत्री के पास भेजा जाता था, जिसे बाद में मुख्यमंत्री राज्यपाल के पास भेज देते थे।

राज्य में अधिकांश नगर निकाय वर्तमान में प्रशासन के अधीन हैं और आने वाले महीनों में उनके सदनों के चुनाव होने की उम्मीद है। राज्य निर्वाचन आयुक्त स्थानीय निकाय चुनावों की देखरेख करते हैं। एक अन्य घटनाक्रम में मंत्रिमंडल ने कोल्हापुर जिले की कागल तहसील के पिंपलगांव खुर में सरकारी होम्योपैथी कॉलेज और उससे संबद्ध अस्पताल की स्थापना के लिए भूमि हस्तांतरण को मंजूरी दे दी है। इस उद्देश्य के लिए चिकित्सा शिक्षा और औषधि विभाग को भूमि निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed