Maharashtra Updates: सीट बंटवारे पर वार्ता के बीच शाह से मिले महायुति नेता; बावनकुले ने एमवीए पर साधा निशाना
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके दोनों उपमुख्यमंत्रियों देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार ने यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। राज्य विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर चल रही वार्ता के बीच महायुति नेताओं की शाह से मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन के बीच सीट बंटवारे की बातचीत अहम दौर में है। भाजपा, शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजीत पवार की नेतृत्व वाली राकांपा सत्ता को बरकरार रखने के लिए पूरी कोशिश कर रही हैं। माना जा रहा है कि शाह से मुलाकात में तीनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर कोई फॉर्मूला तय हुआ होगा। बुधवार को भाजपा की केंद्रीय चुनवा समिति की बैठक हुई थी और महाराष्ट्र चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची को अंतिम रूप दिया गया था। विधानसभा के लिए 20 नवंबर को मतदान होना है
अगर एमवीए सत्ता में आती है, तो राज्य को नुकसान होगा: बावनकुले
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने शुक्रवार को दावा किया कि अगर महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सत्ता में आती है, तो राज्य को नुकसान होगा, क्योंकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन केंद्र से सहयोग नहीं लेगा। इसके विपरीत, एकनाथ शिंदे की सरकार का सत्ता में बने रहना 'डबल इंजन' सरकार सुनिश्चित होगी, जो राज्य में विकास को गति देगी।
बावनकुले ने शिव सेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा कि शरद पवार ने उन्हें शोले फिल्म के पात्र की तरह बना दिया है, जो कहता है कि 'आधा एक ओर जाता है, आधा दूसरी ओर जाता है और बाकी मेरे साथ आते हैं।'
बावनकुले ने कहा, 'तथ्य यह है कि (ठाकरे के साथ) कोई नहीं बचा है। वह पवार और कांग्रेस से जो अच्छे पुराने दिन (मुख्यमंत्री पद के) चाह रहे हैं, वे पूरे नहीं होंगे, क्योंकि दोनों पार्टियों ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है। पवार और कांग्रेस के लिए, उद्धव ठाकरे की उपयोगिता खत्म हो गई है।' बावनकुले ने कहा कि पवार अपनी बेटी और बारामती से लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं।
महाराष्ट्र बीजेपी नेता लक्ष्मण धोबले एनसीपी एसपी में होंगे शामिल
महाराष्ट्र बीजेपी नेता लक्ष्मण धोबले ने शुक्रवार को कहा कि वह अगले दो दिनों में शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी (एसपी) में शामिल होंगे। उनका यह फैसला बीजेपी के अजित पवार के साथ गठबंधन के कारण है। सोलापुर जिले के पूर्व संरक्षक मंत्री धोबले ने दिन में मुंबई में शरद पवार से मुलाकात की।
धोबले ने कहा, 'मैं पहले एनसीपी में था, लेकिन अजित पवार के कारण मैंने पार्टी छोड़ दी थी। बीजेपी में शामिल होने के बाद भी मेरी वही स्थिति हो गई है, इसलिए मैंने शरद पवार की पार्टी में वापस जाने का फैसला किया है। मैं अपने समर्थकों से बात करूंगा और अगले दो दिनों में बीजेपी छोड़ने का फैसला करूंगा।'
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह सोलापुर जिले के मोहोल से टिकट के लिए एनसीपी (एसपी) में शामिल हो रहे हैं, तो धोबले ने दावा किया कि वह उम्मीदवार बनाए जाने के बिना भी एनसीपी (एसपी) के लिए काम करेंगे। मोहोल सीट वर्तमान में यशवंत माने के पास है, जो अब उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ हैं।
मुंबई कस्टम ने 1.70 करोड़ का सोना और 42.14 लाख रुपये का इलेक्ट्रॉनिक्स सामान जब्त किया
मुंबई कस्टम विभाग ने 16-18 अक्तूबर के बीच सात मामलों में 1.70 करोड़ रुपये का लगभग 2.427 किलोग्राम सोना और 42.14 लाख रुपये का इलेक्ट्रॉनिक्स सामान जब्त किया। यह सामान अंडरगारमेंट्स और शरीर में छिपाकर लाने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान क्षेत्र में रखे कूड़ेदान के अंदर छिपा हुआ पाया गया था।
एक मामले में, मुंबई के सीएसएमआई एपी में नियमित जांच के दौरान एयर इंटेलिजेंस यूनिट के अधिकारियों ने मोम में लिपटे 24 कैरेट सोने की धूल के दो पीस बरामद किए, जिनका वजन लगभग 1000 ग्राम और कीमत 7254675 रुपये है।
अन्य छह मामलों में, केन्या, जेद्दा, दुबई और रासल-खतमा से आने वाले 6 यात्रियों को रोककर तस्करी की गई सामग्री जैसे 22 कैरेट सोने की पिघली हुई छड़ें, मोम में लिपटी 24 कैरेट सोने की धूल (2 पीस), 18 कैरेट ज्वेलरी और 24 कैरेट सोने की धूल रेक्सिन में कुल 1.427 किलोग्राम वजन और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान जैसे 36 हाई-वैल्यू फोन (आईफोन 16 प्रो) बरामद किए गए।
मुंबई के पूर्व मेयर दत्ता दलवी पर हमला
मुंबई के पूर्व मेयर दत्ता दलवी पर विक्रोली इलाके में एक रेहड़ी-पटरी वाले द्वारा कथित तौर पर हमला किया गया। घटना का वीडियो वायरल होने पर, शिव सेना (यूबीटी) नेता और 2005 से 2007 तक मुंबई के मेयर रहे दत्ता ने बताया कि यह घटना कन्नमवार नगर के स्टेशन रोड पर कुछ दिन पहले हुई थी। दलवी ने पत्रकारों को बताया कि फेरीवाले ने व्यस्त सड़क पर सब्जी की दो खाली पेटी रखी थी, जिसे उन्होंने उठाकर पैदल यात्रियों के लिए बने फुटपाथ पर रख दिया। इसके बाद फेरीवाले ने उन पर हमला कर दिया और गाली-गलौज की। दलवी ने बताया कि उन्होंने इस घटना की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दलवी ने कहा, फेरीवालों द्वारा पैदा की गई ऐसी बाधाओं के कारण पैदल चलने वालों को शहर की सड़कों पर चलने में कठिनाई होती है।
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्य चुनाव अधिकारी ने सोशल मीडिया पर फैल रही गलत सूचनओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मुख्य चुनाव अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को 1752 पोस्ट हटाने के लिए कहा है, जिनमें मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए फर्जी खबरें फैलाई जा रही थीं। इन पोस्ट्स में से 300 से अधिक पहले ही हटा दिए गए हैं। यह पोस्ट्स विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर थे, जिनमें फेसबुक पर (143 पोस्ट), इंस्टाग्राम (280 पोस्ट), एक्स (1296 पोस्ट), यूट्यूब (31 पोस्ट) और अन्य प्लेटफॉर्म्स (2 पोस्ट) शामिल हैं।
फेसबुक ने अब तक 16 पोस्ट डिलीट कर दिए हैं, जबकि 127 अन्य पोस्ट पर कार्रवाई का इंतजार है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि नोटिस भेजे जाने के बाद से इंस्टाग्राम ने 29, एक्स ने 251 और यूट्यूब ने पांच पोस्ट हटा दी हैं।
यह भी बताया गया कि चुनाव आयोग के सी-विजिल ऐप पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की 420 शिकायतें प्राप्त हुईं। बयान में कहा गया है कि इनमें से 414 शिकायतों का निपटारा कर दिया गया और सबसे ज्यादा निस्तारण ठाणे जिले में हुआ। विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस सप्ताह की शुरुआत में आचार संहिता लागू होने के बाद से नकदी, ड्रग्स, शराब और महंगी मुफ्त वस्तुओं के रूप में 10.64 करोड़ रुपये की सामग्री बरामद की गई है।