फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Chhatrapati Sambhajinagar Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra Updates: मुंबई में डबल डेकर फ्लाईओवर का उद्घाटन; रिश्वत लेने के आरोप में FDA अधिकारी गिरफ्तार

Wed, 28 Aug 2024 10:24 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Wed, 28 Aug 2024 10:24 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Chhatrapati Sambhajinagar Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र अपडेट - फोटो : Amar Ujala

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर में रविवार को 26 वर्षीय नवविवाहिता डॉक्टर प्रतीक्षा भुसारे ने कथित तौर पर छत के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतका के शव के पास से पुलिस को सात पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसके पति द्वारा उसके चरित्र पर सवाल उठाने और उसके फोन कॉल रिकॉर्ड और संदेशों की जांच करने के कारण उसके उत्पीड़न के बारे में विवरण दिया है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सुसाइड नोट के अनुसार, डॉक्टर की शादी पांच महीने पहले 27 मार्च को हुई थी। उसके पिता ने आरोप लगाया कि रूस से एमबीबीएस करने वाला पति अपना अस्पताल खोलना चाहता था। वह लगातार उसकी बेटी पर माता-पिता से पैसे लाने के लिए दबाव बना रहा था। पुलिस ने डॉक्टर के परिवार की शिकायत पर सिडको पुलिस स्टेशन में पति के खिलाफ दहेज हत्या और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। 

विज्ञापन

मुंबई के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी से तीन लोगों ने 23 करोड़ रुपये ठगे
मुंबई में एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी से तीन लोगों ने कथित तौर पर 23 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर ली। तीनों के खिलाफ मुंबई के दहिसर पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। मंगलवार को एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता मनोहर गोविंद सकपाल के पास 117 बसें हैं। उन्होंने वैभव रवींद्र कुमार शर्मा, जीतेंद्र गुल्लू थडानी और सुनील गुल्लू थडानी को बैंकों से ऋण पर ली गई अपनी बसें बेचने के लिए कहा। व्यवसायी ने उन्हें अपनी बसें बेचने, बैंक का बकाया चुकाने और एकमुश्त निपटान के बाद ऋणदाताओं से एनओसी प्राप्त करने का काम सौंपा और तीनों के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए। काम के बदले तीनों ने व्यवसायी से 23 करोड़ रुपये लिए थे, लेकिन काम पूरा नहीं कर पाए। व्यवसायी ने उनसे काम के बारे में पूछा तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला और न ही पैसे वापस किए। 

विज्ञापन
विज्ञापन

पेंट्स कंपनी के मैनेजर से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 53 लाख ठगे
शेयर ट्रेडिंग निवेश पर आकर्षक रिटर्न का वादा करने की आड़ में साइबर जालसाजों ने एक पेंट्स कंपनी के 53 वर्षीय प्रबंधक से कथित तौर पर 53 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि प्रबंधक ने 5 मई को इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें शेयर बाजार में ट्रेडिंग के जरिए निवेश पर आकर्षक रिटर्न का जिक्र था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसे 'एमएसएफएल स्टॉक चार्ट 33' नामक एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जिसमें 140 सदस्य थे। पीड़ित ने ग्रुप एडमिन जूही पटेल से संपर्क किया और पैसे निवेश करने की इच्छा जताई। जूही ने उसे लिंक भेजकर पेन कार्ड-आधार कार्ड का विवरण देने को कहा, जिसके बाद 'मारवाड़ी फाइनेंशियल सर्विसेज' के तहत एक आभासी खाता खोला। मैनेजर ने खाते में 53 लाख रुपये से अधिक जमा किए, जिसके बाद उसे वर्चुअल खाते में 26.95 करोड़ रुपये का 'मुनाफा' दिखा। पीड़ित ने कर चुकाने के लिए 30 लाख रुपये निकालना चाहा तो ग्रुप एडमिन ने उसे 80.55 लाख रुपये जमा करने के लिए कहा। जिसके बाद उसे धोखाधड़ी का एहसास हुआ। पीड़ित की शिकायत के बाद मध्य क्षेत्र साइबर पुलिस स्टेशन में दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

विज्ञापन

शिवाजी महाराज की मूर्ति ढहने पर मैं महाराष्ट्र सरकार की ओर से माफी मांगता हूं: शेलार
सिंधुदुर्ग जिले में शिवाजी महाराज की प्रतिमा ढहने के मामले में मंगलवार को विपक्ष की आलोचना झेल रहे भाजपा नेता आशीष शेलार ने माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वह महाराष्ट्र सरकार की ओर से लोगों से माफी मांग रहे हैं। मुंबई भाजपा इकाई के प्रमुख शेलार ने संवाददाताओं से कहा, 'छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का ढहना बिल्कुल दुर्भाग्यपूर्ण, दर्दनाक और परेशान करने वाला है। हम इस घटना पर सरकार की ओर से महाराष्ट्र के सभी निवासियों से माफी मांगते हैं।' मुंबई से विधायक शेलार ने कहा हमारे गौरव, स्वाभिमान और हिंदुत्व को बनाए रखने के लिए श्रद्धेय शिवाजी महाराज की मूर्ति फिर से बनाई जाएगी।
 

नागपुर में दंपती ने नवजात बेटे को 1.10 लाख रुपये में बेचा, छह गिरफ्तार
नागपुर पुलिस ने पांच दिन के बेटे को कथित तौर पर एक नि:संतान दंपती को 1.10 लाख रुपये में बेचने के आरोप में माता-पिता सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि आरोपी माता-पिता ने आर्थिक तंगी के चलते अपने नवजात शिशु को निःसंतान दंपती को बेच दिया, जो गोद लेने के लिए उत्सुक थे लेकिन कानूनी गोद लेने की प्रक्रिया को दरकिनार कर दिया। माता-पिता के अलावा, पुलिस ने बच्चे को खरीदने वाले जोड़े और सौदे में मदद करने वाले दो मध्यस्थों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील उर्फ भोंदू दयाराम गेंड्रे (31) और उसकी पत्नी श्वेता (27) के रूप में की गई है। वहीं, निःसंतान दंपती की पहचान ठाणे जिले के बदलापुर निवासी पूर्णिमा शेल्के (32) और उसके पति स्नेहदीप धरमदास शेल्के (45) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि दोनों मध्यस्थों की पहचान नागपुर निवासी किरण इंगले (41) और उनके पति प्रमोद इंगले (45) के रूप में हुई है।

शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने का मामला: विपक्ष ने सीएम से मांगा इस्तीफा
महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में छत्रपति शिवाजी महाराज की 35 फुट ऊंची प्रतिमा के गिरने पर राजनीति शुरू हो गई है। विपक्ष ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के इस्तीफे की मांग की है। वहीं, इस मामले में मालवण पुलिस ने ठेकेदार जयदीप आप्टे और स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट चेतन पाटिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल चार दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौसेना दिवस पर इस प्रतिमा का अनावरण किया था। दूसरी तरफ, भारतीय नौसेना ने प्रतिमा गिरने की घटना की जांच के लिए एक टीम तैनात की है। 

अब 100 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव
उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि प्रतिमा का गिरना दुखद है। इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। प्रतिमा के निर्माण की देखरेख राज्य सरकार ने नहीं, बल्कि नौसेना ने की थी। सिंधुदुर्ग से ताल्लुक रखने वाले महाराष्ट्र के मंत्री दीपक केसरकर ने उसी स्थान पर शिवाजी महाराज की 100 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है।

कांग्रेस सदस्य पर हमला करने के आरोप में दो भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस

जालना जिले में पुलिस ने कांग्रेस के एक सदस्य पर कथित रूप से हमला करने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। भाजपा के जिन कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, वे भाई हैं। कांग्रेस सदस्य ने उन पर अवैध खनन में संलिप्त होने का आरोप लगाया था। घटना मंगलवार को जाफराबाद तहसील कार्यालय में हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपियों के इस कृत्य की व्यापक निंदा हो रही है।

मुंबई में दही हांडी उत्सव के दौरान 245 'गोविंदा' घायल

मुंबई में एक दिन पहले 'दही हांडी' उत्सव के तहत मानव पिरामिड बनाने में शामिल कुल 245 'गोविंदा' घायल हो गए। स्थानीय निकाय के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इन घायलों में से 32 विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 213 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जन्माष्टमी के तहत दही हांडी उत्सव में लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में यह त्योहार पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। उत्सव के तहत दही हांडी के प्रतिभागी बहु-स्तरीय मानव पिरामिड बनाते हैं और हवा में लटकी दही हांडी को तोड़ते हैं।

मुंबई महानगर क्षेत्र में पहला डबल-डेकर फ्लाईओवर यातायात के लिए खुला

मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में मेट्रो लाइन-9 के एक पुल को जोड़ने वाले पहले डबल डेकर फ्लाईओवर का बुधवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उद्घाटन किया। एक किलोमीटर लंबा यह फ्लाईओवर ठाणे जिले के मीरा भयंदर में मेट्रो लाइन-9 के मेट्रो पुल और एक सड़क फ्लाईओवर को जोड़ता है। अधिकारियों ने बताया कि इस फ्लाईओवर से यातायात आवागमन में बढ़ोत्तरी होगी और मीरा रोड के प्रमुख चौराहों पर भीड़भाड़ भी कम होगी। मेट्रो लाइन-9 अंधेरी से मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और दहिसर से मीरा रोड तक रेड लाइन का विस्तार है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, मुंबई महानगर क्षेत्र में डबल डेकर फ्लाई ओवर का निर्माण मुंबई और महाराष्ट्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह परियोजना यातायात संबंधी समस्याओं का समाधान करती है, समय और ईंधन की बचत करती है, और आधुनिक प्रौद्योगिकी और कुशल योजना का प्रमाण है। इससे एमएमआर के विकास में तेजी आएगी और समग्र यातायात प्रवाह तथा यात्री सुविधा में सुधार होगा।

लड़कियों से 'दुर्व्यवहार' के आरोप में ट्यूशन टीचर को नग्न करके घुमाया

महाराष्ट्र के पालघर जिले में बुधवार को अभिभावकों और स्थानीय लोगों के एक समूह ने एक ट्यूशन टीचर की पिटाई की, उसे नंगा करके घुमाया। आरोप है कि वह छात्राओं से 'दुर्व्यवहार' करता है। मामले में एक अधिकारी ने बताया कि यह मामला तब प्रकाश में आया जब 13 वर्षीय एक लड़की ने ट्यूशन क्लास में जाने से इनकार कर दिया। जब उसके अभिभावकों ने इसका कारण जानना चाहा तो उसने ट्यूशन टीचर के कथित दुर्व्यवहार के बारे में बताया। इसके बाद लड़की के अभिभावकों और अन्य नागरिकों ने टीचर की पिटाई की। मामले में विरार थाने के वरिष्ठ निरीक्षक विजय पवार ने संवाददाताओं को बताया कि टीचर को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और वे बयान दर्ज कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ट्यूशन टीचर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करेगी।

रिश्वत लेने के आरोप में FDA का वरिष्ठ अधिकारी गिरफ्तार

महाराष्ट्र भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक नई मेडिकल शॉप के लिए लाइसेंस जारी करने के लिए कथित तौर पर 25,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के एक सहायक आयुक्त को गिरफ्तार किया है। एसीबी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि आरोपी दीपक मालपुरे ने नई मेडिकल शॉप के लिए लाइसेंस जारी करने के लिए शुरू में 50,000 रुपये की मांग की थी। एसीबी ने बताया कि बाद में रिश्वत की मांग 25,000 रुपये पर तय हुई। आवेदक ने दीपक मालपुरे के खिलाफ एसीबी से संपर्क किया, जिसके बाद उसे मंगलवार को ठाणे के वागले एस्टेट इलाके में एफडीए के कार्यालय में 25,000 रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।

नासिक: नाबालिग लड़की ने की आत्महत्या, 10 लोगों पर मामला दर्ज
नासिक में एक नाबालिग लड़की (15 वर्षीय) ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि नाबालिग को एक युवक (22 वर्षीय) और उसके परिवार की ओर से उसे सताया और धमकाया जा रहा था। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। 

लड़की की मां ने मंगलवार को नासिक रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई की कलम इजहार मंसूरी नाम का युवक पिछले साल से उनकी बेटी से शादी करने का दबाव बना रहा था। इसके साथ ही मंसूरी की मां और अन्य परिजनों ने लड़की को धमकाया था। तनाव में आकर लड़की ने 23 अगस्त को अपने घर में जहर खा लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 
 
पुलिस पहले इसे आकस्मिक मौत का मामला मानकर चल रही थी। लेकिन मां की शिकायत के बाद मंसूरी और नौ अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 107 और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed