फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra updates mumbai pune thane palghar crime politics education events and other news in hindi

Maharashtra: शरद पवार बोले- पांचवीं तक हिंदी को वैकल्पिक भाषा रहे; मुंबई में 20 मनसे कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज

Fri, 20 Jun 2025 10:44 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Fri, 20 Jun 2025 10:44 PM IST
विज्ञापन
maharashtra updates mumbai pune thane palghar crime politics education events and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र में पहली से पांचवीं कक्षा तक हिंदी को तीसरी भाषा के रूप में पढ़ाए जाने को लेकर सियासी बवाल जारी है। इस बीच एनसीपी (एसपी) सुप्रीमो शरद पवार ने कहा, सूबे में हिंदी को तीसरी भाषा के रूप में अनिवार्य नहीं किया जाना चाहिए। इसे वैकल्पिक ही रहना चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री का कहना है कि जो छात्र तीसरी भाषा के रूप में हिंदी चुनना चाहते हैं, वे इसे चुन सकते हैं। सूबे की 50 से 60 प्रतिशत आबादी हिंदी बोलती है, उसके आधार पर इस भाषा को सभी के लिए अनिवार्य नहीं बनाया जा सकता। पवार ने निकाय चुनाव में महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के साथ आने की संभावना जताई है। उन्होंने शुक्रवार को बारामती में कहा, एमवीए एकजुट होकर निकाय चुनाव लड़ सकती है। अन्य दलों को भी साथ लेकर चुनाव लड़ने की संभावनाएं तलाशेंगे। वहीं, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव पर पवार ने कहा, मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) की ताकत अधिक है, इसलिए उद्धव ठाकरे की राय पर विचार किया जाएगा।

विज्ञापन


नवी मुंबई में 20 मनसे कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज
नवी मुंबई स्थित सरकारी अस्पताल के पोस्टमार्टम विभाग में कथित तौर पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर हंगामा करने के मामले में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के 20 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मनसे कार्यकर्ताओं का एक समूह 17 जून को वाशी नगर अस्पताल में घुसकर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश म्हात्रे के कार्यालय में नारेबाजी की थी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन


एक अधिकारी ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर डॉ. म्हात्रे को धमकाया। जब अस्पताल के सुरक्षा प्रमुख ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की तो कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला कर दिया। कथित तौर पर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के कारण हंगामा शुरू हुआ, जिसमें दावा किया गया था कि पोस्टमार्टम विभाग के एक कर्मचारी ने मृतक के परिवार से कपड़े देने के लिए रिश्वत मांगी थी। उन्होंने कहा, कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में अपनी हरकतों को वीडियो पर रिकॉर्ड भी किया और फुटेज को सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। अधिकारी ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता और महाराष्ट्र चिकित्सा सेवा अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, लेकिन किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

मुंबई: कॉलेज की तीसरी मंजिल से छात्रा ने लगाई छलांग, मौत
विलेपार्ले स्थित साठे कॉलेज की एक छात्रा ने संस्थान की तीसरी मंजिल से कूद कर जान दे दी। पुलिस ने बताया, नालासोपारा निवासी संध्या पाठक (21) स्टेटिस्टिक्स तृतीय वर्ष की छात्रा थी। बृहस्पतिवार को वह कॉलेज आई और तीसरी मंजिल पर जाकर छलांग लगा दी। घटना में उसे गंभीर चाटें आईं। उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा के पास सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस यह पता लगा रही है कि उसने आत्मघाती कदम क्यों उठाया। दुर्घटनावश मौत के केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

गौतम नवलखा को नहीं मिली दिल्ली में रहने की अनुमति
एल्गार परिषद-माओवादी संबंध मामले में आरोपी कार्यकर्ता गौतम नवलखा (72) को दिल्ली में रहने की अनुमति देने से एक विशेष एनआईए अदालत ने बृहस्पतिवार को इन्कार कर दिया। विशेष न्यायाधीश चकोर भाविस्कर ने नवलखा की याचिका खारिज करते हुए कहा कि अदालत के क्षेत्राधिकार से बाहर रहने की अनुमति देना अलग बात है और अस्थायी रूप से यात्रा की अनुमति देना अलग। 

अदालत ने नीरव मोदी की 66 करोड़ रुपये की संपत्ति पीएनबी को सौंपने की दी अनुमति
विशेष अदालत ने भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी और उनकी बहन पूर्वी मोदी की 66.33 करोड़ रुपये की संपत्ति पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) को सौंपने की अनुमति दे दी। यह संपत्ति प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पीएनबी धोखाधड़ी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत कुर्क की थी।

पीएनबी ने कोर्ट में इन संपत्तियों की बिक्री या नीलामी से बकाया राशि वसूलने की मांग को लेकर अर्जी दी थी। विशेष जज एवी गुजराथी ने बैंक को निर्देश दिया कि वह हलफनामा दे कि अगर भविष्य में जरूरत पड़ी, तो बेची गई संपत्ति की राशि वापस की जाएगी। पीएनबी के नेतृत्व में बैंकों के समूह ने दावा किया था कि नीरव व उनके सहयोगियों की धोखाधड़ी से उन्हें 8,526 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। जबकि, ईडी ने करीब 2,324.97 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की हैं।

मुंबई एयरपोर्ट पर यात्री से 1.7 करोड़ के हीरे बरामद
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुंबई सीमा शुल्क विभाग ने दुबई जा रहे एक यात्री से 50,000 सऊदी रियाल और 1.70 करोड़ रुपये मूल्य के हीरे जब्त किए। इसे यात्री के हैंडबैग और शरीर के अंदर छिपाया गया था। सीमा शुल्क विभाग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर सीएसएमआईए के कस्टम अधिकारियों ने 652.20 कैरेट के हीरे और विदेशी मुद्रा बरामद की।

बीजद प्रमुख नवीन पटनायक गठिया की सर्जरी के लिए मुंबई रवाना
बीजद प्रमुख नवीन पटनायक शुक्रवार को मुंबई के लिए रवाना हो गए। यहां 22 जून को एक निजी अस्पताल में उनकी गठिया की सर्जरी होनी है। उन्हें विदा करने के लिए बड़ी संख्या में वरिष्ठ बीजद नेता और पार्टी कार्यकर्ता यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। उन्होंने सफल सर्जरी और शीघ्र स्वस्थ होने की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इससे पहले एक्स पर एक पोस्ट में पटनायक ने कहा कि जय जगन्नाथ। चिकित्सा विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार मैं इस महीने की 22 तारीख को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में गठिया सर्जरी की प्रक्रिया से गुजरूंगा। मेरे निजी चिकित्सक डॉ. रमाकांत पांडा मुंबई में इसका समन्वय कर रहे हैं। भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद और ओडिशा के मेरे भाइयों और बहनों की शुभकामनाओं के साथ आप सभी की सेवा जारी रखने के लिए जल्द ही लौटने की उम्मीद कर रहा हूं।

पूर्व मंत्री निरंजन पुजारी ने कहा कि ओडिशा के लोग उनसे बहुत प्यार करते हैं और उनसे भावनात्मक जुड़ाव रखते हैं, इसलिए बड़ी संख्या में लोग उन्हें बधाई देने के लिए हवाई अड्डे पर आए हैं। बीजद नेता प्रफुल्ल सामल ने कहा कि हम भगवान जगन्नाथ से उनके अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं ताकि वह ओडिशा लौट सकें और भाजपा से लड़ने के लिए बीजद को पुनर्जीवित कर सकें और इसे राज्य में नंबर एक पार्टी बना सकें।

जालना किसान मुआवजा घोटाले में 11 और अधिकारी निलंबित
महाराष्ट्र के जालना जिला प्रशासन ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों के लिए निर्धारित 34.97 करोड़ रुपये के धन के गबन में कथित संलिप्तता के लिए ग्राम राजस्व अधिकारियों समेत 11 और अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। जिला कलेक्टर श्रीकृष्ण पंचाल ने गुरुवार शाम को इन 11 राज्य सरकार के कर्मचारियों को निलंबित करने का आदेश दिया, जिससे अब तक ऐसे कर्मियों की संख्या 21 हो गई है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई का सामना करने वाले नवीनतम कर्मियों में मध्य महाराष्ट्र के जालना जिले के तहसील कार्यालय में तैनात सात ग्राम राजस्व अधिकारी (तलाठी) और चार वरिष्ठ क्लर्क शामिल हैं। घोटाले के सिलसिले में 13 जून को दस तलाठी को निलंबित किया गया था।

कल्याण की किशोरी से दुष्कर्म-हत्या मामले में महिला को जमानत मिली
ठाणे में पिछले साल किशोरी से दुष्कर्म और हत्या मामले में पति को हिरासत में लिए जाने के बाद गिरफ्तार की गई महिला को जमानत दे दी गई है। विशेष न्यायाधीश (पोक्सो) और 6वें अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (कल्याण) वीए पात्रावाले ने 16 जून को साक्षी गवली को राहत दी। उनके पति और मुख्य आरोपी विशाल गवली ने अप्रैल में जेल में आत्महत्या कर ली थी।  पिछले साल कल्याण इलाके में विशाल गवली पर 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगा था। जबकि उसकी पत्नी साक्षी पर शव को ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने में उसकी मदद करने का आरोप था। बैंक में काम करने वाली साक्षी करीब सात महीने से न्यायिक हिरासत में थी।

जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान साक्षी के वकील ने अदालत को बताया कि विशाल ने उसे शव को ठिकाने लगाने में मदद करने के लिए मजबूर किया। वकील ने दावा किया कि उसका गला घोंटने की भी कोशिश की गई। सरकारी अभियोजक ने कहा कि हत्या में साक्षी की कोई भूमिका नहीं थी, क्यों  अपराध उस समय किया गया था जब वह काम पर थी। अदालत ने आदेश में कहा कि साक्षी की भूमिका मुख्य आरोपी को शव के साथ-साथ सबूतों को नष्ट करने में मदद करने तक सीमित है। न्यायाधीश ने कहा कि अपराध जमानती है, इसलिए वह जमानत पर रिहा होने की हकदार है।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में 40 मीटर लंबा गर्डर लगाया गया
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के लिए महाराष्ट्र में पहला 40 मीटर लंबा प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट बॉक्स गर्डर सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया। 970 मीट्रिक टन वजनी यह गर्डर भारत के निर्माण क्षेत्र में अब तक का सबसे भारी गर्डर है। नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने शुक्रवार को बताया कि यह लॉन्च दहानू के साखरे गांव में किया गया। गर्डर को 390 क्यूबिक मीटर कंक्रीट और 42 मीट्रिक टन स्टील का उपयोग कर एकल, निर्बाध इकाई के रूप में तैयार किया गया है। फुल-स्पैन गर्डर के उपयोग से निर्माण कार्य पारंपरिक खंड-आधारित विधियों की तुलना में 10 गुना तेजी से हो रहा है। तेजी से निर्माण के लिए एनएचएसआरसीएल स्वदेशी भारी मशीनरी जैसे स्ट्रैडल कैरियर्स, ब्रिज लॉन्चिंग गैन्ट्री और गर्डर ट्रांसपोर्टरों का इस्तेमाल कर रहा है।

कल्याण रेलवे स्टेशन पर 20 किलो गांजा जब्त
मुंबई के कल्याण रेलवे स्टेशन पर दो यात्रियों से कुल 20.86 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। जीआरपी ने बताया कि मंगलवार को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा निवासी मेहताब आलम इरशाद आलम शेख (35) और कर्नाटक के गुलबर्गा निवासी लाल अहमद मोमिन अमीन कोटकी (27) पुरी एक्सप्रेस से उतरे। वे दो असामान्य रूप से बड़े बैग लेकर जा रहे थे और उनका व्यवहार भी संदिग्ध लग रहा था। पुलिस ने बताया कि बैग की जांच करने पर 20.86 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ जिसकी कीमत 4.17 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि शेख और कोटकी को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed