फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Ganpati Fest preps Shiv Sena BJP NCP Cong Politics nagpur mumbai pune crime court news

महाराष्ट्र: चार लोगों की मौत के बाद बाघिन को बेहोश कर पकड़ा गया, 20 दिन से फैला था आतंक

Mon, 07 Sep 2026 10:03 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 07 Sep 2026 10:03 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Ganpati Fest preps Shiv Sena BJP NCP Cong Politics nagpur mumbai pune crime court news
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
महाराष्ट्र के अमरावती और वर्धा जिलों के कुछ इलाकों में दहशत का कारण बनी बाघिन को सोमवार को वन विभाग की विशेष टीम ने बेहोश कर पकड़ लिया। बाघिन ने 17 अगस्त से अब तक चार लोगों की जान ली थी। उसे चांदूर बाजार तहसील के शिरजगांव कस्बा में पकड़ा गया। अमरावती के उप वन संरक्षक (क्षेत्रीय) अर्जुन के. आर. ने बताया कि बाघिन वर्धा की आष्टी तहसील से आगे बढ़ते हुए पिछले 20 दिनों में वरुड, मोर्शी और चांदूर बाजार तहसीलों में पहुंची थी। इस दौरान उसने मवेशियों और लोगों पर हमले किए।
विज्ञापन


अमरावती जिला सूचना कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि बाघिन ने चार लोगों की जान ली। विज्ञप्ति के अनुसार, वर्धा के नरसिंहपुर निवासी रामभाऊ भोयर (74) की 17 अगस्त को, मोर्शी के भांबोरा निवासी चारणदास इखे (55) की 27 अगस्त को, चांदूर बाजार के सोनौरी निवासी उर्मिला इवने (18) की 6 सितंबर को और शिरजगांव कस्बा निवासी दिनेश आवरे (45) की 7 सितंबर को मौत हुई।
विज्ञापन


6 सितंबर से 24 घंटे के भीतर दो लोगों की मौत के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद वन विभाग ने चौबीसों घंटे गश्त, कैमरा ट्रैप, थर्मल ड्रोन और लोगों को जागरूक करने के अभियान के साथ हाई अलर्ट पर तलाशी अभियान शुरू किया। विज्ञप्ति में कहा गया, "जिला प्रशासन और पुलिस ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। बाघिन को तकनीकी उपायों की मदद से सुरक्षित तरीके से बेहोश कर दिया गया, जिससे इलाके में आगे का खतरा टल गया।"
विज्ञापन
विज्ञापन


गणेश उत्सव के मद्देनजर महाराष्ट्र में 2900 बसों में मुफ्त यात्रा
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आगामी गणेश उत्सव के मद्देनजर 2,900 एसटी बसों की सेवा शुरू की। डिप्टी सीएम ने त्योहार के सांस्कृतिक महत्व पर जोर दिया और कहा कि यह राज्य की पहचान, संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है। रविवार को शिवसेना की तरफ से की गई इस पहल का शुभारंभ करते हुए शिंदे ने कहा, इन बसों में यात्रियों को कोंकण क्षेत्र तक मुफ्त यात्रा का इंतजाम किया गया है। त्योहारी मौसम के दौरान ट्रेनों में भारी भीड़ और सीमित टिकटों की उपलब्धता को स्वीकार करते हुए शिंदे ने हर साल मुफ्त बस सेवा की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, इसका मकसद भक्तों को बिना किसी परेशानी के गांवों तक पहुंचाना है। सरकार के अन्य फैसलों का जिक्र करते हुए शिंदे ने कहा, त्योहार से इतर आम दिनों में भी महिलाओं के लिए एसटी बस किराए पर 50 प्रतिशत की छूट का इंतजाम भी किया है।

सबस्टेशन में आग, पुणे-पिंपरी-चिंचवड़ में बिजली बाधित
महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (MahaTransco) ने बताया कि पुणे के  चिंचवड़ सबस्टेशन में तकनीकी खराबी और आग लग गई। रविवार दोपहर की इस घटना के कारण पुणे तथा पिंपरी-चिंचवड़ के बड़े हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। 22-केवी करंट ट्रांसफार्मर में विस्फोट के बाद दोपहर 12:25 बजे आग लगी। प्रबंधन के अनुसार, कुल 3.10 लाख उपभोक्ता प्रभावित हुए। कई क्षेत्रों में आपूर्ति 3 बजे तक बहाल हुई।

एमपी का आदिवासी बहुल धार रेल नेटवर्क से जुड़ेगा 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में एक कार्यक्रम के दौरान प्रतापनगर और धार के टांडा रोड स्टेशनों के बीच मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाने के बाद मध्य प्रदेश का आदिवासी बहुल धार जिला आजादी के आठ दशक बाद देश के विशाल रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मेमू सेवा छोटा उदयपुर-धार खंड पर संचालित होगी और यह पहली बार होगा जब कोई यात्री ट्रेन धार जिले तक पहुंचेगी। प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के वडोदरा और मध्य प्रदेश के रतलाम के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन की आधारशिला भी रखेंगे, जिससे दोनों शहरों के बीच दो अप और दो डाउन लाइनें बनेंगी। 12 कोच वाली मेमू (मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) ट्रेन वडोदरा के प्रतापनगर और धार के टांडा रोड स्टेशनों के बीच प्रतिदिन चलेगी और गुजरात के वडोदरा और छोटा उदयपुर जिलों और मध्य प्रदेश के अलीराजपुर और धार जिलों को जोड़ेगी।

 डॉक्टरों से बदसलूकी पर शिवसेना का सख्त एक्शन
पालघर के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार के मामले को शिवसेना के मुख्य नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने पालघर शहर प्रमुख राहुल घरत को पार्टी से निलंबित करने और निष्कासित करने की घोषणा की। गोवा में पश्चिम विभागीय परिषद की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में शिंदे ने कहा कि डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों के साथ मारपीट किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। यदि मरीज के साथ लापरवाही हुई थी, तो कानूनी शिकायत दर्ज कराई जानी चाहिए थी, न कि कानून हाथ में लिया जाना चाहिए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा को लेकर सख्त चेतावनी दी। वहीं, गोवा चुनाव पर शिंदे ने कहा कि शिवसेना और भाजपा समान विचारधारा वाले सहयोगी हैं और चुनाव की घोषणा के बाद पार्टी अपनी भूमिका तय करेगी। विशाखा राउत मामले पर उन्होंने कहा कि गलत जानकारी या तथ्य छिपाकर चुनाव लड़ने वालों पर कार्रवाई होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed