फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai thane pune crime politics education event and other news in hindi

Maharashtra: फडणवीस बोले- 'धनगर' को ST दर्जा उनके अधिकार से बाहर; सात वर्षीय बच्ची का शोषण, प्राचार्य गिरफ्तार

Sat, 27 Sep 2025 05:53 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Sat, 27 Sep 2025 05:53 PM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai thane pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

विज्ञापन

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने धनगर समाज को अनुसूचित जनजाति (ST) दर्जा देने में असमर्थता जाहिर की है। शनिवार को उन्होंने जलना में भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता दीपक बोरहाडे से बातचीत के दौरान कहा, इस समाज के लोगों को एसटी दर्जा देने का अधिकार केवल केंद्र सरकार के पास है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इस मुद्दे पर केंद्र से चर्चा कर प्रस्ताव भेजेगी। फडणवीस के मुताबिक यह सांविधानिक विषय है और मराठा आरक्षण मामले से अलग है। उन्होंने कहा, फरवरी 2024 में बॉम्बे हाईकोर्ट भी इस मांग को खारिज कर चुका है। इसके बावजूद सरकार आदिवासी समुदाय को विश्वास में लेकर आगे बढ़ेने को प्रतिबद्ध है, जिससे उनके आरक्षण पर असर न पड़े। बता दें कि बोरहाडे पिछले 11 दिनों से अनिश्चितकालीन उपवास कर रहे हैं। उन्होंने सीएम के इस बयान के बाद कहा, वे रविवार को सरकार से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही आगे की रणनीति तय करेंगे। बोरहाडे ने आशंका जताई कि प्रक्रिया लंबी हो सकती है। उन्होंने राज्य सरकार को सुझाव दिया कि धनगर समाज को वर्तमान NT-C श्रेणी से हटाकर ST में शामिल किया जाए, बगैर आदिवासी समुदाय के अधिकारों को प्रभावित किए। सीएम फडणवीस से पहले राज्य सरकार में शामिल मंत्री पंकजा मुंडे, गिरीश महाजन, कई अन्य विधायक और जिलाधिकारी आशिमा मित्तल ने भी आंदोलन स्थल पर पहुंचकर बोरहाडे से मुलाकात की। बता दें कि धनगर समुदाय परंपरागत रूप से चरवाहों और पशुपालकों का समाज माना जाता है।

सात वर्षीय बच्ची के शोषण का आरोपी स्कूल का प्राचार्य गिरफ्तार
ठाणे जिले के निलजे गांव में जिला परिषद के संचालन वाले स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक महेंद्र गोपाल खैरनार (47) पर सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोप लगे हैं। आरोपी प्राचार्य को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, खैरनार ने अवकाश के दौरान बच्ची के साथ गलत हरकत की। पीड़िता के माता-पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत बलात्कार समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस संबंधित जानकारी औऱ साक्ष्य जुटा रही है।

विज्ञापन

फडणवीस ने पीएम से किसानों के लिए लगाई मदद की गुहार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य में हुई भारी बारिश से प्रभावित किसानों की मदद करने का आग्रह किया। उन्होंने पीएम को ज्ञापन भी सौंपा। मुख्यमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री ने प्रस्ताव भेजने को कहा है। फडणवीस ने कहा कि हम घोषणापत्र में किसानों के लिए किए गए कर्जमाफी के वादे को जरूर पूरा करेंगे। किसानों को खरीफ फसल के कर्ज अगले साल चुकाने होंगे। तात्कालिक चिंता उनके खातों में मदद पहुंचाना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी के साथ महाराष्ट्र में तीन रक्षा गलियारे, गढ़चिरौली में इस्पात उत्पादन के लिए रियायत सहित कई मुद्दों पर पीएम से चर्चा की।

मुंबई- रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के सामान चोरी करने वाले दो चोर गिरफ्तार
ठाणे जिला और मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से सोने के गहने चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नासिक से चोरी किए गए करीब 10 लाख रुपये के सोने के गहने भी बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से बात-चीत करके उनका भरोसा बनाते और फिर चालाकी या जबरदस्ती से उनके सोने के गहने छीनकर फरार हो जाते थे। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय खेड़कर ने बताया कि अब दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी कीमती सामान जब्त किया गया है।

ठाणे के एक बुजुर्ग शख्स के साथ इसी तरह की घटना कालयाण स्टेशन पर हुई थी। वह अपने दामाद से मिलने आए थे, जहां दो लड़कों ने उनसे दोस्ताना बातचीत कर भरोसा जीता और फिर जबरन उनके अंगूठी छीनकर भाग गए। कलयाण पुलिस स्टेशन में शिकायत मिलने के बाद, मुंबई के कुरला स्टेशन पर हुई इसी तरह की चोरी का भी पता चला। पुलिस ने दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज जांचे, जिसमें दोनों मामलों में एक जैसे आरोपी दिखे। पुलिस ने आरोपियों अफजाल अहमद मदारी (23) और मुश्ताक नज्मुद्दीन मदारी (21) को नासिक जिले के येवला तालुका से गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन

भिवंडी में कुत्ते के शौच करने को लेकर भिड़े दो परिवार, छह घायल
ठाणे जिले के भिवंडी में दो परिवारों के बीच झगड़ा हुआ, क्योंकि एक परिवार का कुत्ता दूसरे परिवार के घर में शौच कर गया। शांति नगर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना नागांव इलाके के गायत्री नगर में बृहस्पतिवार सुबह 11:30 बजे हुई। इस झगड़े में छह लोग घायल हुए। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता दया सुरेश चव्हाण (37) के पालतू कुत्ते ने उनके पड़ोसी ओमप्रकाश राव (50) के आंगन में मल किया, जिससे दोनों परिवारों में बहस शुरू हो गई। राव के परिवार ने चव्हाण परिवार की बहू पर भी गाली-गलौज की। वरिष्ठ निरीक्षक विनायक गायकवाड़ ने बताया कि राव ने चव्हाण परिवार के कई लोगों पर लाठी से हमला किया। राव, उनकी पत्नी और बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और राव को गिरफ्तार कर लिया गया है।

फुकेट-मुंबई फ्लाइट में धूम्रपान करने पर यात्री गिरफ्तार
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक 25 वर्षीय यात्री को विमान में धूम्रपान करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि यह घटना शुक्रवार रात फुकेट से मुंबई आ रही फ्लाइट में हुई।

अधिकारी के अनुसार, विमान के शौचालय से धुआं निकलता देख यात्रियों में घबराहट फैल गई। आरोपी की पहचान भव्य गौतम जैन के रूप में हुई है, जो दक्षिण मुंबई के नेपियनसी रोड का निवासी है। पुलिस ने बताया कि जैन ने विमान के शौचालय में सिगरेट जलाई थी। लैंडिंग के बाद उसे एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया और विमानन नियमों के तहत एयरक्राफ्ट एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।

 

मुंबई हवाई अड्डे पर 21.8 करोड़ की हाइड्रोपोनिक घास, सोना और विदेशी मुद्रा जब्त
मुंबई सीमा शुल्क विभाग ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चार दिनों में 21.8 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हाइड्रोपोनिक खरपतवार, विदेशी मुद्रा और सोना जब्त किया है। अधिकारियों ने बताया कि विभाग ने 21 से 24 सितंबर के बीच छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर यह जब्ती की। एक अधिकारी ने बताया कि कोलंबो (श्रीलंका) से यात्रा कर रहे एक यात्री को एक ट्रॉली बैग में छिपाकर 2.624 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (मारिजुआना) ले जाते हुए पाया गया। इसकी कीमत लगभग 2.62 करोड़ रुपये है। बैंकॉक (थाईलैंड) से आए एक यात्री को 18.40 करोड़ रुपये मूल्य के 18.4 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया। अघोषित विदेशी मुद्रा के साथ तीन यात्रियों को भी पकड़ा। दुबई जा रहे एक यात्री के पास 7.11 लाख रुपये की अघोषित विदेशी मुद्रा पकड़ी गई। उसी उड़ान में सवार एक अन्य यात्री के पास 49.38 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा पकड़ी गई। जकार्ता (इंडोनेशिया) जा रहे एक यात्री को 19.17 लाख रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा के साथ पकड़ा गया। अधिकारियों ने इमिग्रेशन काउंटर के पास एक शौचालय से 365 ग्राम सोने की धूल से भरा एक लावारिस पैकेट बरामद किया। उन्होंने बताया कि 38.10 लाख रुपये मूल्य के इस सोने को सीमा शुल्क अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया।

बारिश से प्रभावित किसानों को दिवाली से पहले राहत राशि देने की मंशा: शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को कहा कि सरकार बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए धनराशि वितरित कर रही है। हम चाहते हैं कि दिवाली से पहले राहत राशि सभी किसानों तक पहुंच जाए। हमने खेतों का दौरा किया है और स्थिति का जायजा लिया है। हमारी सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। हमने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है और उन्हें मदद के लिए एक पत्र सौंपा है। जब भी कोई संकट आया है, केंद्र ने हमेशा सहयोग दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की और उन्हें महाराष्ट्र में भारी बारिश की स्थिति से अवगत कराया। घरों के पुनर्निर्माण, पशुओं, क्षतिग्रस्त फसलों और जानमाल के नुकसान के लिए धनराशि दी जा रही है। सरकार का मानना है कि दिवाली से पहले किसानों के हाथों में पैसा पहुंच जाना चाहिए। विपक्ष के सवालों पर शिंदे ने कहा कि ऐसे आलोचकों को राजनीति करने के बजाय लोगों के आंसू और उनकी स्थिति देखने के लिए खेतों में जाना चाहिए। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल ने जहां अब तक घोषित राहत राशि को थोड़ा सा बताया। वहीं शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा है कि राज्य सरकार को प्रभावित किसानों के लिए प्रति हेक्टेयर 50,000 रुपये की राहत की घोषणा करनी चाहिए।

मुंबई पुलिस ने 26.48 करोड़ रुपये के ड्रग्स नष्ट किए
नवी मुंबई पुलिस ने अपनी एंटी-नारकोटिक्स अभियान के तहत 26.48 करोड़ रुपये की ड्रग्स नष्ट की। एक अधिकारी ने बताया कि यह ड्रग्स 35 अलग-अलग मामलों में जब्त की गई थी और शुक्रवार को रायगढ़ जिले के तळोजा स्थित मुंबई वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी में आधिकारिक तौर पर नष्ट की गई। पुलिस के अनुसार, यह इस साल का दूसरा बड़ा ऑपरेशन है। इससे पहले 26 फरवरी को 79 मामलों में जब्त 11.61 करोड़ रुपये की ड्रग्स नष्ट की गई थी। इस तरह, इस साल अब तक करीब 38 करोड़ रुपये की ड्रग्स कानूनी रूप से नष्ट की जा चुकी है। साल 2023 से अब तक पुलिस ने 1,831 मामले दर्ज किए, 2,854 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 70.18 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की। इनमें 101 अफ्रीकी नागरिक शामिल थे, जिनसे 40 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद हुई। साथ ही 2,034 अफ्रीकी नागरिकों को, जो नवी मुंबई में अवैध रूप से रह रहे थे, वापस भेजा गया। पुलिस ने सात बड़े ड्रग्स तस्करों पर मकोका के तहत कार्रवाई भी की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 8 जनवरी को ‘ड्रग्स-फ्री नवी मुंबई’ अभियान की शुरुआत की थी।

रोडरेज फायरिंग केस में गैंगस्टर के खिलाफ LOC जारी
पुणे पुलिस ने गैंगस्टर नीलेश घायवाल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया है। घायवाल पर आरोप है कि वह रोड रेज केस में शामिल होने के बाद विदेश चला गया। इस मामले में उसके 5-6 साथियों ने एक व्यक्ति पर फायरिंग की थी। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अदालत द्वारा पासपोर्ट जमा करने के आदेश के बावजूद उसने पासपोर्ट और वीजा कैसे हासिल किया। उन्होंने बताया कि 40 वर्षीय घायवाल के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और जबरन वसूली सहित एक दर्जन से ज्यादा गंभीर अपराध दर्ज हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed