फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai thane pune crime politics education event and other news in hindi

Maharashtra: कामा अस्पताल में अब महिला मरीजों के लिए खास विंग; NCP नेता राहुल मोटे विरोधी गुट में शामिल होंगे

Mon, 04 Aug 2025 06:33 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Mon, 04 Aug 2025 06:33 AM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai thane pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

मुंबई के एक सरकारी अस्पताल- कामा एंड एल्बलेस हॉस्पिटल ने महिलाओं के लिए अलग विंग की शुरुआत की है। इस उत्कृष्टता केंद्र के खुलने के बाद अब मूत्र-स्त्री रोग संबंधी विकारों का बेहतर उपचार किया जा सकेगा। सोमवार को इस सेवा की शुरुआत के बाद अस्पताल ने आधिकारिक बयान में कहा, सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) के माध्यम से स्थापित इस केंद्र में छह क्लिनिक कक्ष और उन्नत उपकरणों से युक्त अत्याधुनिक निदान केंद्र है। इसे भारत के सबसे उन्नत स्त्री मूत्र रोग केंद्रों में से एक माना जा रहा है। यहां पेल्विक फ्लोर से जुड़ी जटिल बीमारियों का इलाज कराया जा सकेगा। पेल्विक ऑर्गन प्रोलैप्स, मूत्र असंयम, मल असंयम, फिस्टुला, अनियमित पेशाब, पेरिनियल आघात, मूत्र मार्ग में संक्रमण, मूत्राशय दर्द सिंड्रोम जैसी परेशानियों का इलाज कराया जा सकेगा। अस्पताल के मुताबिक लगभग चार में से एक भारतीय महिला इससे पीड़ित होती है, लेकिन अक्सर इनका निदान और उपचार नहीं हो पाता। इस अस्पताल में अब स्त्री-मूत्र रोग विज्ञान से जुड़े विश्व स्तरीय प्रशिक्षण और अनुसंधान का काम भी कराया जा सकेगा।

विज्ञापन

राकांपा (शपा) नेता राहुल मोटे पार्टी के प्रतिद्वंद्वी गुट में शामिल होंगे
महाराष्ट्र के पूर्व विधायक और राकांपा (शपा) नेता राहुल मोटे मंगलवार को अजित पवार के नेतृत्व वाले पार्टी के प्रतिद्वंद्वी गुट का दामन थाम लेंगे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित की पार्टी में शामिल होने को लेकर राकांपा सूत्रों ने सोमवार को  बताया कि धाराशिव के परांदा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे मोटे 2019 के विधानसभा चुनाव में शिवसेना के तानाजी सावंत से हार गए थे। इसके बाद 2023 में जब राकांपा का विभाजन हुआ, तो वह शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट के साथ रहे। 2024 के विधानसभा चुनाव में वे सावंत के खिलाफ चुनाव हार गए। बता दें कि अजित खेमे वाली राकांपा और शिवसेना-भाजपा गठबंधन की महायुति सरकार में सहयोगी है।

विज्ञापन

सीमा शुल्क अधिकारी 10 लाख की घूस लेते गिरफ्तार
केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) ने मुंबई के सहार हवाईअड्डे पर तैनात एक सीमा शुल्क अधीक्षक कृष्ण कुमार को एक एजेंट से 10.20 लाख की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। कुमार को मुंबई की विशेष अदालत ने 6 अगस्त तक सीबीआई की रिमांड में भेज दिया गया। सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि कृष्ण कुमार के खिलाफ सीमा शुल्क हाउस एजेंट से आयातित खेपों की निकासी में मदद के लिए 10 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया है। यह भी आरोप लगाया गया कि जब एजेंट ने रिश्वत देने से इन्कार कर दिया, तो कुमार ने उसे धमकाया और जानबूझकर माल रोक लिया।  सीबीआई ने 25 जुलाई से 1 अगस्त के बीच स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपों की जांच की और सबूतों से रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि की। आरोपी ने पहले से क्लियर खेपों के बदले 6 लाख मांगे थे। 

ठाणे में घोड़बंदर रोड पर आग से धधका आर्गन गैस से भरा टैंकर
सोमवार को ठाणे की व्यस्त घोड़बंदर रोड पर एक पुल पर चलते समय आर्गन गैस से भरे एक टैंकर में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय पर कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया और कोई घायल नहीं हुआ।

ठाणे नगर निगम की आपदा प्रबंधन इकाई के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि यह टैंकर नवी मुंबई के महापे से गुजरात की ओर जा रहा था। टैंकर में 19 टन गैर-ज्वलनशील संपीड़ित आर्गन गैस भरी थी। जब टैंकर पटलीपाडा ब्रिज पर था, तभी उसमें आग लग गई। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन रोका और सुरक्षित बाहर निकल गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और एक रेस्क्यू वाहन मौके पर पहुंचे। आपदा प्रबंधन दल भी तुरंत सक्रिय हुआ। आग बुझाने और राहत कार्य के लिए दो टोइंग वैन और एक क्रेन की भी मदद ली गई। तडवी ने बताया, "आग लगने की सूचना मिलते ही सभी विभागों ने मिलकर तेजी से काम किया और 30 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि, इस घटना के चलते घोड़बंदर रोड पर भारी ट्रैफिक जाम हो गया। टैंकर को पुल से हटाने का कार्य जारी है।
विज्ञापन

चलती ट्रेन से गिरा युवक, पैर कटा; मोबाइल लूट के लिए नाबालिग ने की थी वारदात
ठाणे जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ट्रेन से सफर कर रहे 26 वर्षीय युवक का मोबाइल छीनने के चक्कर में वह चलती ट्रेन से गिर गया और उसका बायां पैर कट गया। यह हादसा रविवार सुबह करीब 7 बजे शाहद और अंबिवली स्टेशन के बीच हुआ। पीड़ित की पहचान गौरच रामदास निकम के रूप में हुई है, जो नासिक के रहने वाले किसान हैं। वे टापोवन एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे, जब एक 16 साल के नाबालिग लड़के ने ट्रैक के पास खड़े होकर उनके हाथ पर डंडा मारा। इससे निकम का संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रेन से नीचे गिर गए। ट्रेन की चपेट में आने से उनका बायां पैर कट गया।

रेलवे पुलिस ने बताया कि गिरने के बाद भी आरोपी नाबालिग लड़के ने उन्हें डंडे से पीटा और उसका मोबाइल फोन (कीमत ₹20,000) लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने पुलिस को सूचित किया। तुरंत मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और घायल निकम को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि अब उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें लंबे समय तक इलाज और पुनर्वास की जरूरत पड़ेगी। नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर रही है कि क्या वह अन्य मामलों में भी शामिल है।

कुंभ मेले की तैयारी को लेकर रेलवे चेयरमैन का नासिक के 5 स्टेशनों पर निरीक्षण
आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और सीईओ सतीश कुमार ने रविवार को महाराष्ट्र के नासिक जिले के पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। ये स्टेशन हैं नासिक रोड, देवलाली, ओढा, खेड़वाड़ी और कासबे सुकने। रेलवे की ओर से सोमवार को जारी बयान के मुताबिक, निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य साफ-सफाई, यात्री सुविधाएं, ट्रैक की स्थिति, ढांचागत सुधार और स्टेशनों की समग्र तैयारी का जायजा लेना था।

सतीश कुमार के साथ इस दौरे में मध्य रेलवे के महाप्रबंधक धरमवीर मीणा, भुसावल मंडल प्रबंधक पुनीत अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने महाराष्ट्र सरकार के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें कुंभ मेले के लिए योजना और समन्वय पर चर्चा हुई। इस बैठक में भीड़ प्रबंधन, परिवहन व्यवस्था, कार्यों की समयसीमा और एजेंसियों के बीच तालमेल जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया।

पुणे में खुदाई के दौरान मिट्टी का ढेर धंसा, दो मजदूर दबे; एक सुरक्षित बाहर निकाला गया
पुणे में सोमवार को खुदाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी का ढेर अचानक धंस गया, जिससे दो मजदूर उसके नीचे दब गए। अधिकारियों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद राहत कार्य शुरू किया गया और एक मजदूर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। दूसरे मजदूर को निकालने के प्रयास तेजी से जारी हैं। मौके पर बचाव दल और पुलिस मौजूद है।

व्हाट्सएप ग्रुप के जरिये लोगों को बना रहे थे कट्टरपंथी, ठाणे से दो आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश एटीएस और महाराष्ट्र पुलिस ने सोमवार को ठाणे जिले में एक संयुक्त कार्रवाई में एक व्हाट्सएप ग्रुप के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन पर लोगों को कट्टरपंथी बनाने और जिहाद के लिए उकसाने का आरोप है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यूपी एटीएस और महाराष्ट्र पुलिस ने ठाणे से सटे बदलापुर में छापा मारकर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, जबकि दूसरा आरोपी बदलापुर का है।

पुलिस ने कहा कि एक आतंकी संगठन के लिए लोगों को कट्टरपंथी बनाने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया था, जिसमें जिहाद जैसे शब्दों का खुलकर इस्तेमाल और चर्चा हो रही थी। इस सोशल मीडिया ग्रुप के कुछ सदस्य पाकिस्तानी ऑपरेटिव से भी जुड़े हुए थे। इस व्हाट्सएप की संदिग्ध गतिविधियों का पता चलने पर यूपी एटीएस ने मामला दर्ज कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दो और लोगों के नाम सामने आए, जिनकी लोकेशन मुंबई के पास पाई गई। इसके बाद महाराष्ट्र एटीएस को इसकी सूचना दी गई और संयुक्त ऑपरेशन में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। आगे की जांच के लिए दोनों आरोपियों को यूपी एटीएस के हवाले कर दिया गया है।

महाराष्ट्र में शिवसेना ने शाइना एनसी को बनाया पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता
शिवसेना (शिंदे गुट) ने शाइना एनसी को अपनी पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। पार्टी ने सोमवार को इस फैसले की जानकारी दी। शाइना एनसी पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता थीं और पार्टी की प्रवक्ता के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वे एक जानी-मानी सामाजिक कार्यकर्ता और फैशन डिज़ाइनर भी हैं। अब वे शिवसेना की तरफ से राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की बात रखेंगी और मीडिया में शिवसेना का पक्ष रखेंगी। शिंदे गुट द्वारा उन्हें यह अहम ज़िम्मेदारी दिए जाने को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब पार्टी राज्य और केंद्र में अपनी भूमिका को मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

पुणे में मिट्टी धंसने से एक मज़दूर की मौत, तीन को बचाया गया
पुणे शहर में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। पाइपलाइन बिछाने के लिए चल रहे खुदाई काम के दौरान मिट्टी का ढेर धंस गया, जिसमें चार मज़दूर दब गए। हादसा सिंहगढ़ रोड इलाके के नांदेड सिटी गेटेड टाउनशिप की दीवार के पास हुआ। पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (PMRDA) की दमकल टीम को जब इस हादसे की जानकारी मिली, तो तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारी ने बताया कि तीन मज़दूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक मज़दूर की मौके पर ही मौत हो गई।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed