फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai thane pune crime politics education event and other news in hindi

Maharashtra: ट्रक-बस की टक्कर से दो ड्राइवरों की मौत; पति की हत्या मामले में पत्नी को पुलिस हिरासत में भेजा

Wed, 23 Jul 2025 06:10 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Wed, 23 Jul 2025 06:10 PM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai thane pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र के वाशिम जिले में बुधवार सुबह एक ट्रक और निजी बस की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हो गए। हादसा सुबह करीब सात बजे पेडगांव गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, नागपुर से छत्रपति संभाजीनगर जा रहे ट्रक का टायर अचानक फट गया। इससे चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक दूसरी दिशा से आ रही बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के ड्राइवरों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को वाशिम, अकोला और शेलूबाजार के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मंगरुलपीर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन


पति की हत्या मामले में पत्नी और प्रेमी को कोर्ट ने पुलिस हिरासत में भेजा 
महाराष्ट्र के पालघर जिले में पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार महिला और उसके प्रेमी को वसई सत्र न्यायालय ने 30 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, 28 वर्षीय चमन देवी और 20 वर्षीय मोनू शर्मा ने महिला के पति विजय चौहान की हत्या कर उसके शव को फर्श के नीचे दफना दिया था। घटना नालासोपारा के गंगानीपाड़ा इलाके की है, जहां से सोमवार को सड़ी-गली हालत में शव बरामद हुआ। पड़ोसियों द्वारा दुर्गंध की सूचना पर चौहान के भाइयों ने पुलिस को बुलाया। जांच में सामने आया कि चमन देवी 19 जुलाई से फरार थी। पुलिस ने पुणे से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या), 238 (सबूत मिटाना) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

 

सरकारी अधिकारी ने अपने पति पर बेडरूम में जासूसी कैमरे लगाने का आरोप लगाया; पुणे में शिकायत दर्ज
महाराष्ट्र में एक महिला ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसके निजी पलों को रिकॉर्ड करने के लिए उनके शयनकक्ष में गुप्त रूप से जासूसी कैमरे लगाए। इतना ही नहीं वह उसके माता-पिता से 1.5 लाख रुपये दहेज की मांग कर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने बाथरूम में भी कैमरे लगा रखे हैं। बता दें कि आरोपी पति सरकारी कर्मचारी है। 

पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति, सास, तीन ननदों और दो ननदों के पतियों के खिलाफ धारा 85 (पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा महिला के प्रति क्रूरता) और 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) तथा बीएनएस की अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि राज्य सरकार के एक विभाग में द्वितीय श्रेणी की अधिकारी महिला को उसके पति और उसके परिवार के सदस्यों द्वारा शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

कोहरे के चलते नहीं बदला जाएगा उड़ानों का मार्ग
उड्डयन से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि शीतकालीन कोहरा प्रयोग (वाईएफईएक्स) के तहत सटीक पूर्वानुमानों से एयरलाइनों को महत्वपूर्ण लाभ हुआ है। इससे उड़ानों के मार्ग परिवर्तन और रद्दीकरण में कमी आई है। साथ ही आर्थिक नुकसान और यात्रियों की असुविधा को कम किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि एक दशक लंबे प्रयोग डाटासेट का उपयोग करते हुए एक पूर्वानुमान मॉडल विकसित किया गया है, जो अब कोहरे से संबंधित घटना का कम से कम 18 घंटे पहले पूर्वानुमान लगा सकता है। कोहरे की तीव्रता तथा उसके छंटने के समय का भी अनुमान लगा सकता है। 2015 की सर्दियों में इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे नई दिल्ली में लॉन्च किए गए वाईफेक्स ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वाईएफईएक्स अब अपने अगले चरण वाईएफईएक्स-II में प्रवेश कर रहा है, जो उत्तर और उत्तर-पूर्व भारत के अधिक हवाई अड्डों तक कोहरे की भविष्यवाणियों का विस्तार करेगा।
विज्ञापन

जालना के स्कूल में 8 साल के छात्र की हत्या, दो नाबालिग हिरासत में
महाराष्ट्र के जालना जिले के एक आवासीय विद्यालय में दो नाबालिग छात्रों ने कथित रूप से एक 8 वर्षीय छात्र की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना भोकर्डन तहसील के एक सरकारी सहायता प्राप्त जनजातीय इंग्लिश स्कूल में हुई। सोमवार शाम को तीनों बच्चों के बीच मामूली बात पर झगड़ा हुआ था। रात को जब पीड़ित छात्र सो गया, तब दो आरोपितों ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया। मंगलवार सुबह जब वह नहीं जागा, तो अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित किया गया। दोनों नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।

तुर्किये की कंपनी सेलेबी का अनुबंध कैंसिल होने के बाद नए टेंडर पर रोक वाला अंतरिम आदेश रद्द
बॉम्बे हाईकोर्ट ने बुधवार को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) को बड़ी राहत दी। अदालत ने तुर्किये की कंपनी सेलेबी के अनुबंध समाप्ति के बाद ग्राउंड और ब्रिज हैंडलिंग सेवाओं के लिए नए टेंडर को अंतिम रूप देने पर रोक लगाने वाला अपना अंतरिम आदेश रद्द कर दिया। न्यायमूर्ति सोमशेखर सुंदरसन की एकल पीठ ने कहा कि मई में दिया गया अंतरिम संरक्षण अब उचित नहीं है, क्योंकि दिल्ली हाईकोर्ट ने हाल ही में दिल्ली एयरपोर्ट के लिए सेलेबी के अनुबंध समाप्ति और सुरक्षा मंजूरी रद्द किए जाने के खिलाफ उसकी याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने कहा कि सेलेबी अब मुंबई एयरपोर्ट तक कोई भौतिक पहुंच नहीं रखती, क्योंकि उसके सभी उपकरण और कर्मचारी अब इंडो थाई एयरपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के नियंत्रण में हैं, जो वर्तमान में सेवाएं दे रही है। कोर्ट ने यह भी उल्लेख किया कि अनुबंध के अनुसार दोनों पक्षों के बीच सुलह की प्रक्रिया चल रही है और इस आधार पर सेलेबी की याचिकाएं समाप्त कर दी गई हैं। सेलेबी ने भारत सरकार की तरफ से सुरक्षा मंजूरी रद्द किए जाने को चुनौती दी है। हाईकोर्ट में दायर याचिका पर गुरुवार को सुनवाई होगी।

कल्याण में क्लीनिक में लड़की पर हमला, युवक पर केस
कल्याण के एक निजी क्लीनिक में एक लड़की के साथ कथित मारपीट के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि एक लड़के ने निजी क्लीनिक की रिसेप्शनिस्ट पर हमला किया। कोई भी आम आदमी किसी पर, खासकर किसी महिला पर इस तरह हमला नहीं कर सकता। उसने जो किया वह समाज के लिए खतरनाक है। लड़की का हमारे अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़िता ने कहा कि अपने रिश्तेदार के साथ आई मरीज बिना बारी के ही अंदर जा रही थी। जब मैंने उसे रुकने को कहा, तो उस व्यक्ति ने मुझे गालियां देनी शुरू कर दीं और मुझे पीटना शुरू कर दिया। किसी तरह मैंने अपनी बहन को फ़ोन किया। हमने शिकायत दर्ज करा दी है, लेकिन अभी तक उस व्यक्ति को पकड़ा नहीं गया है। हमारी बस यही मांग है कि वो व्यक्ति हमें अपने सामने चाहिए।

ठाणे में कपड़ा फैक्टरी में लगी आग
ठाणे जिले में एक कपड़ा फैक्टरी में बुधवार को आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि डोंबिवली के एमआईडीसी में दोपहर करीब 12.30 बजे फैक्टरी में आग लगने से कोई घायल नहीं हुआ। पांच दमकल गाड़ियां और आपातकालीन प्रतिक्रिया दल को मनपाड़ा पुलिस स्टेशन के पीछे घटनास्थल पर भेजा गया है। आग बुझाने का काम जारी है। फैक्टरी से निकलती लपटें और धुआं काफी दूर से देखा जा सकता था। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

जितेंद्र आव्हाड और उनके 60 समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने राकांपा (सपा) विधायक जितेंद्र आव्हाड और उनके 60 समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि आव्हाड और उनके समर्थक उस समय वहां मौजूद थे जब उनकी पार्टी के विधायक रोहित पवार  एक पुलिस अधिकारी पर चिल्लाए और अभद्रता की थी। गौरतलब है कि बीते सप्ताह विधानसभा सत्र के दौरान विधान भवन परिसर में उनके समर्थकों और भाजपा विधायक गोपीचंद पडलकर के समर्थकों के बीच हुई झड़प से संबंधित आव्हाड के खिलाफ यह दूसरा मामला है। इससे पहले, गुरुवार को आव्हाड पर राज्य विधानमंडल परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए लोक सेवकों को उनके कर्तव्य निर्वहन में बाधा डालने के लिए मामला दर्ज किया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed