फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra News update Mumbai Nagpur pune local body elections politics crime and other news in hindi

Money Laundring Case: एनसीपी नेता नवाब मलिक को बड़ा झटका, विशेष अदालत ने तय किए मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप

Tue, 18 Nov 2025 06:25 PM IST
लव गौर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: लव गौर Updated Tue, 18 Nov 2025 06:25 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra News update Mumbai Nagpur pune local body elections politics crime and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

राकांपा के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में मुंबई की सत्र न्यायालय की विशेष पीएमएलए अदालत ने आरोप तय कर दिए हैं। विशेष पीएमएलए कोर्ट ने मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय की ओर से 2022 में दर्ज किए गए मामले में नवाब मलिक समेत दो अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए। इन सभी को अदालत में पेश होने का भी आदेश दिया गया था।  

विज्ञापन


मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने और मुकदमे को आगे बढ़ाने के लिए रिकॉर्ड पर काफी चीजें मौजूद हैं। नवाब मलिक और उनके परिवार से जुड़ी दो फर्म के खिलाफ आरोप तय किए गए। वहीं, अदालत ने अलग से एक चौथे आरोपी सरदान खान के खिलाफ भी आरोप तय किए, जो पहले से ही एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।
विज्ञापन


नवाब मलिक और दो फर्मों ने मामले में खुद को बेगुनाह बताया। प्रवर्तन निदेशालय ने 2002 में नवाब मलिक और उनसे जुड़ी दो फर्मों पर भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम और उसके नेटवर्क से जुड़े कथित धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) का मामला दर्ज किया था। 

विज्ञापन
विज्ञापन

कारोबारी ने कार में अज्ञात महिला को दी लिफ्ट, सोने की चेन लूटी

मुंबई के लोखंडवाला इलाके में एक 52 वर्षीय कारोबारी से कथित तौर पर 15 ग्राम सोने की चेन लूट ली गई। शिकायतकर्ता ने एक दोस्त के साथ मलाड (पश्चिम) के एक क्लब में जाने की बात कही थी। सुबह करीब 4 बजे, दोनों क्लब से निकले और लिफ्ट के अंदर एक अज्ञात महिला से मिले।

पुलिस ने बताया कि जब वे पार्किंग क्षेत्र में पहुंचे, तो महिला ने उन्हें बताया कि उसे कोई ऑटो रिक्शा नहीं मिल रहा है और उसने अंधेरी के लोखंडवाला तक जाने के लिए लिफ्ट मांगी। पुलिस ने बताया कि कारोबारी के दोस्त ने मना कर दिया, लेकिन वह मान गया और उसे अपनी कार में लिफ्ट देने की पेशकश की।

बाद में, महिला ने कथित तौर पर कार में कारोबारी से बातचीत करते हुए सोने की चेन चुरा ली। घर पहुंचने पर ही उसे पता चला कि चेन, जिसकी कीमत लगभग 75,000 रुपये और वजन 15 ग्राम था गायब मिली। कथित तौर पर शिकायतकर्ता घटना के तुरंत बाद गुजरात चला गया, जिससे शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई। पिछले हफ्ते वह महिला के बारे में पूछताछ करने के लिए क्लब में दोबारा आया। उसकी पहचान स्थापित होने के बाद, ओशिवारा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और उन्हें संदेह है कि चोरी हनीट्रैप के जरिए की गई होगी।
 

स्थानीय निकाय चुनाव: शिंदे और कदम शिवसेना के 40 स्टार प्रचारकों में शामिल

शिवसेना ने सोमवार को महाराष्ट्र में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पार्टी नेताओं और मंत्रियों सहित 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। इन प्रमुख नामों में शिवसेना प्रमुख और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, पार्टी के वरिष्ठ नेता रामदास कदम, गजानन कीर्तिकर और आनंदराव अडसुल शामिल हैं।

अन्य स्टार प्रचारकों में शिंदे के पुत्र और सांसद श्रीकांत शिंदे, केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव, विधान परिषद की उपसभापति नीलम गोरहे, राज्य मंत्रिमंडल में शिवसेना के मंत्री और पार्टी सांसद शामिल हैं। राज्य मंत्री प्रताप सरनाईक के पुत्र पूर्वेश सरनाईक को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।

पुणे में शिवाजी की प्रतिमा हटाने पर विरोध प्रदर्शन, पुनः स्थापित करने का आदेश

पुणे में एक सरकारी कार्यालय परिसर से छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा हटाए जाने पर सोमवार को विभिन्न संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद प्रशासन को प्रतिमा को उसके मूल स्थान पर पुनः स्थापित करना पड़ा।

प्रदर्शनकारी संगठनों ने 17वीं सदी के मराठा योद्धा राजा की प्रतिमा को हटाने का इस आधार पर विरोध किया कि यह एक विरासत संरचना का हिस्सा थी। शहर के शुक्रवार पेठ इलाके में स्थित तहसीलदार कार्यालय परिसर से शनिवार को प्रतिमा हटा दी गई।

इससे पहले प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चूंकि कार्यालय को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जा रहा है, इसलिए प्रतिमा को सम्मानपूर्वक हटा दिया गया है और इसे नए परिसर में पुनः स्थापित किया जाएगा। हालांकि, शाम तक प्रशासन ने नरम रुख अपनाया और कहा कि प्रतिमा को उसके मूल स्थान पर पुनः स्थापित किया जा रहा है।

मैसूर मेफेड्रोन जब्ती मामले में मुंबई पुलिस निर्वासित ड्रग डीलर से पूछताछ करेगी

मैसूर मेफेड्रोन फैक्ट्री भंडाफोड़ मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने सोमवार को कथित ड्रग डीलर मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल शेख को हिरासत में ले लिया, जिसे पिछले महीने दुबई से निर्वासित किया गया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अपराध शाखा की यूनिट दो ने घाटकोपर ड्रग्स मामले में न्यायिक हिरासत में बंद शेख को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। उसे पाँच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मुंबई पुलिस और मैसूर में उनके समकक्षों ने जुलाई में एक मेफेड्रोन निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया था और 300 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की ड्रग्स जब्त की थी।

शेख ने दावा किया था कि वह देश-विदेश में फिल्म और फैशन हस्तियों के साथ-साथ गैंगस्टरों के लिए रेव पार्टियों का आयोजन करता था। पुलिस ने कहा था कि शेख द्वारा नामित फिल्म और फैशन हस्तियों से पूछताछ की संभावना है।

पुणे की अदालत ने जैन संपत्ति विक्रय विलेख रद्द करने का आदेश दिया

पुणे की सिविल अदालत ने जैन ट्रस्ट की एक प्रमुख संपत्ति से संबंधित विवादास्पद विक्रय विलेख को ट्रस्टी और बिल्डर के अनुरोध पर रद्द करने का आदेश दिया है। अदालत ने कहा कि जैन बोर्डिंग के ट्रस्टी और गोखले बिल्डर्स के बीच जमीन की खरीद और विक्रय विलेख कानूनी रूप से अमान्य और रद्द हो गए हैं।

यह आदेश सोमवार को अदालत की वेबसाइट पर अपलोड किया गया। अदालत ने निर्देश दिया कि हवेली-10 के उप-पंजीयक और हवेली-13 के उप-पंजीयक, पंजीकरण रिकॉर्ड और अनुक्रमणिका-II में 15 मई, 2025 के विक्रय समझौते के रद्द होने को दर्शाने के लिए उपयुक्त प्रविष्टियां करें।

यह जमीन, जिसमें जैन छात्रों के लिए एक आवासीय सुविधा और भगवान महावीर का मंदिर है, पॉश मॉडल कॉलोनी में स्थित है और इसे गोखले लैंडमार्क्स एलएलपी ने इस साल की शुरुआत में सेठ हीराचंद नेमचंद मेमोरियल ट्रस्ट से 311 करोड़ रुपये में खरीदा था।

कुल राशि में से 230 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जबकि शेष राशि छात्रावास के पुनर्विकास के लिए थी। हालांकि, इस सौदे को छात्रों, पूर्व छात्रों, संतों और जैन समुदाय के अन्य सदस्यों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा, जिसके कारण दोनों पक्षों ने सौदा रद्द कर दिया।
 

केंद्र ने महाराष्ट्र में तेंदुओं की नसबंदी योजना को मंजूरी दी; पुणे जिले में परियोजना शुरू होगी

तेंदुओं के देखे जाने और इंसानों पर हमलों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एमओईएफसीसी) ने महाराष्ट्र सरकार के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसमें राज्य में तेंदुओं के जन्म नियंत्रण की बात कही गई है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार नसबंदी-आधारित तेंदुआ जनसंख्या प्रबंधन कार्यक्रम को प्रायोगिक आधार पर चलाने की मंजूरी मिल गई है और यह परियोजना पुणे के जुन्नार वन प्रभाग में शुरू होगी।

वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "पिछले साल 125 तेंदुओं के लिए नसबंदी-आधारित जनसंख्या प्रबंधन कार्यक्रम का प्रस्ताव केंद्र को सौंपा गया था। अब हमें पांच तेंदुओं पर प्रायोगिक आधार पर पहली बार नसबंदी-आधारित तेंदुआ जनसंख्या प्रबंधन कार्यक्रम चलाने की मंजूरी मिल गई है।"
 

मुंबई में फ्रांसीसी दूतावास की कर्मी से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार
मुंबई के बांद्रा इलाके में फ्रांस के दूतावास में काम करने वाली एक 27 साल की फ्रांसीसी महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छेड़छाड़ करने वाला आरोपी स्कूटर पर सवार था। पुलिस ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने धारावी से 25 साल के कबाड़ विक्रेता सुनील वाघेला को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया। खार पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि यह घटना 8 नवंबर को रात 12:25 बजे हुई थी।

महाराष्ट्र: बंधुआ मजदूरी में फंसे 31 जनजातीय समुदाय के लोगों को बचाया गया, कलेक्टर ने दी जानकारी

महाराष्ट्र के बीड जिले में बंधुआ मजदूरी कर रहे 31 लोगों को बचाया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। 

अधिकारी ने बताया कि बचाए गए सभी लोग जलगांव जिले के रहने वाले हैं और जनजातीय समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। इनसे बीड के मजलगांव तालुका में पिछले तीन महीनों से जबरन मजदूरी कराई जा रही थी और धमकाया जा रहा था। मजदूरों के परिजनों की शिकायत के बाद विभिन्न एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाया और रविवार को सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। बीड के कलेक्टर विवेक जॉनसन ने एक बयान में कहा कि वह जलगांव के कलेक्टर के साथ मिलकर इन मजदूरों के बच्चों की शिक्षा और भलाई के लिए आवश्यक व्यवस्था करेंगे।

ठाणे: कोर्ट ने अपहरण और यौन उत्पीड़न के आरोपों से व्यक्ति को किया बरी
ठाणे जिले के कल्याण में एक फास्ट-ट्रैक कोर्ट ने एक व्यक्ति को अपहरण और यौन उत्पीड़न के आरोपों से बरी कर दिया, क्योंकि अभियोजन पक्ष न तो लड़की को कोर्ट में पेश कर पाया और न ही यह साबित कर सकता कि घटना के समय वह नाबालिग थी। मामला साल 2013 का था। 

पॉक्सो अधिनियम के विशेष जज वीए पात्रावले ने तीन नवंबर को आरोपी रितेश घनश्याम रोहिदास (33 वर्षीय) को बरी कर दिया। लड़की के पिता ने 2013 में पुलिस में शिकायत की थी कि उसकी बेटी का अपहरण कर लिया गया है और 15,000 रुपये की फिरौती मांगी गई है। बाद में आरोपी को उत्तर प्रदेश में उसके गांव से पकड़ा गया और लड़की को बचाया गया। लेकिन कोर्ट ने मामले में अभियोजन पक्ष की कई खामियां बताईं। लड़की के पिता ने कहा था कि वह 15 साल की थी, लेकिन वह उसकी जन्मतिथि नहीं बता सके और न ही अभियोजन कोई दस्तावेज प्रस्तुत कर पाया जिससे यह साबित हो सके कि वह नाबालिग थी।

इसके अलावा, लड़की को अदालत में गवाही के लिए बुलाया ही नहीं गया, जो अभियोजन के लिए सबसे बड़ी कमजोरी साबित हुई। सबसे महत्वपूर्ण गवाह खुद पीड़िता होती। लेकिन उसे पेश नहीं किया गया। कोर्ट ने कहा,अभियोजन के सबूतों को देखकर ऐसा कुछ नहीं है जो आरोपी को इस कथित अपराध से जोड़ सके। पीड़िता के पिता ने कोर्ट को बताया कि उसकी बेटी की शादी हो चुकी है और वह उसे गवाही के लिए नहीं लाना चाहता, क्योंकि ऐसा करने से 'उसका वैवाहिक जीवन खराब हो सकता है।' कोर्ट ने कहा कि पीड़िता के पिता की गवाही अविश्वसनीय और विरोधाभासी है। साथ ही, यह साबित करने के लिए कोई फोरेंसिक सबूत भी नहीं था कि लड़की के साथ यौन उत्पीड़न हुआ था, इसलिए कोर्ट ने आरोपी को बरी कर दिया।


मुंबई में निजी स्टील कंपनी के कर्मचारी की सहकर्मी ने पीट-पीटकर हत्या कर दी, आरोपी फरार
मुंबई में निजी स्टील कंपनी के कर्मचारी की सहकर्मी ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के दक्षिण मुंबई स्थित एक निजी स्टील कंपनी में गुजरात के रहने वाले 39 वर्षीय एक कर्मचारी की उसके सहकर्मी ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी।

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना गिरगांव स्थित सेंटेक कोटेड स्टील्स प्राइवेट लिमिटेड में रात 1 बजे से 1.30 बजे के बीच हुई। पुलिस ने मृतक की पहचान गुजरात के बनासकांठा निवासी रमेश हाजाजी चौधरी के रूप में की है। अधिकारी के अनुसार, उसी परिसर में रहने और काम करने वाले आरोपी सूरज संजय मंडल (22) ने चौधरी पर लकड़ी के स्टूल और अग्निशामक यंत्र से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हालांकि, उन्होंने बताया कि जानलेवा हमले के पीछे क्या कारण था, यह अभी पता नहीं चल पाया है। अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता के तहत आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी है।

जनवरी से अब तक 1,001 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को निर्वासित किया गया: मुंबई पुलिस
पुलिस ने इस साल जनवरी से अब तक मुंबई में रह रहे अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के खिलाफ 401 आपराधिक मामले दर्ज किए हैं और उनमें से 1,001 को निर्वासित किया है। वीजा उल्लंघनों की पुष्टि और सबूत इकट्ठा करने के बाद पुलिस ने विभिन्न इलाकों से संदिग्धों को हिरासत में लिया।

एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें पुणे ले जाया गया और फिर भारतीय वायुसेना के विशेष विमानों से बांग्लादेश सीमा पर ले जाकर सुरक्षा बलों को सौंप दिया गया। जब्ती किए गए दस्तावेजों की जांच से पता चला कि कई बांग्लादेशी प्रवासियों ने आधार कार्ड सहित नकली भारतीय दस्तावेज तैयार किए थे।

बीएमसी चुनाव अकेले लड़ने के फैसले के बाद अब कांग्रेस ने उठाया ये बड़ा कदम

मुंबई कांग्रेस ने मंगलवार को 18 प्रवक्ताओं के पैनल का एलान किया। कांग्रेस की ओर से आगामी बीएमसी चुनाव अकेले लड़ने के फैसले के बाद ये एलान सामने आया है। प्रवक्ताओं के इस पैनल में मुंबई के तीन कांग्रेस के विधायक असलम शेख, अमीन पटेल और ज्योति गायकवाड शामिल हैं। इनके साथ ही 15 नेता और पूर्व पार्षद शामिल हैं। 

इस पैनल में मुख्य प्रवक्ता के तौर पर सचिन सावंत की नियुक्ति की गई है। वहीं, सुरेशचंद्र राजहंस को मीडिया कॉर्डिनेटर बनाया गया है। कांग्रेस ने जाति वैधता और छानबीन समिति का भी गठन किया है। इसका चेयरमैन अशोक सूत्राले और राजेश टेक्के को कॉर्डिनेटर बनाया गया है। इस समिति में 16 सदस्य रखे गए हैं।

इस साल जनवरी-अक्तूबर के दौरान महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में 899 किसानों ने की आत्महत्या

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में इस साल जनवरी से अक्तूबर के दौरान 899 किसानों ने आत्महत्या की। आधिकारिक आंकड़ों से पता चलता है कि इनमें से 537 ने पिछले छह महीने में उस समय जान दी जब इनकी फसलों को बाढ़ से भारी नुकसान हुआ। कृषि राज्य मंत्री आशीष जायसवाल ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार कर रही है और समर्पित योजनाओं और प्रोत्साहनों पर खर्च बढ़ाकर 1 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है।

बीड और छत्रपति संभाजीनगर जिलों में किसानों की आत्महत्या की सबसे अधिक संख्या दर्ज की गई। इन छह महीनों में छत्रपति संभाजीनगर में 112, जालना में 32, परभणी में 45, हिंगोली में 33, नांदेड़ में 90, बीड में 108, लातूर में 47 और धाराशिव में 70 आत्महत्याएं दर्ज की गईं। राज्य सरकार ने मराठवाड़ा में प्रभावित किसानों के लिए मुआवजे के रूप में लगभग 32,000 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की है, जिसमें छत्रपति संभाजीनगर, जालना, नांदेड़, परभणी, हिंगोली, लातूर, बीड और धाराशिव जिले शामिल हैं।

बच्चों को बंधक बनाने वाले रोहित आर्या की पत्नी का क्राइम ब्रांच ने दर्ज किया बयान

बीते महीने मुंबई के पवई स्थित एक स्टूडियो में बच्चों को बंधक बनाने के बाद पुलिस कार्रवाई में उद्यमी रोहित आर्य की मौत मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने मंगलवार को आर्य की पत्नी अंजलि का बयान दर्ज किया। एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस की एक टीम पुणे पहुंची और ढाई घंटे से ज्यादा तक अंजलि का बयान रिकॉर्ड किया।

अंजलि ने स्कूली बच्चों के लिए आर्य के स्वच्छता मॉनिटर प्रोजेक्ट और सरकार से बकाया भुगतान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने अपराध शाखा की टीम को कुछ दस्तावेज भी सौंपे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना वाले दिन अंजलि आर्य अहमदाबाद में थीं। अंजलि ने कथित तौर पर मीडिया को बताया था कि उनके पति उस परियोजना के लिए लंबित भुगतान हासिल करने का प्रयास कर रहे थे, जिसके लिए सरकार ने दो करोड़ रुपये मंजूर किए थे। उनके पति ने अनशन के दौरान दावा किया था कि परियोजना पूरी हो गई थी, लेकिन उन्हें कोई धनराशि नहीं दी गई।

आर्य ने 30 अक्टूबर को मुंबई के एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो में 17 बच्चों सहित 19 लोगों को बंधक बनाया था। पवई क्षेत्र में एक इमारत में बचाव अभियान के दौरान पुलिस कार्रवाई में 50 वर्षीय रोहित आर्य की मौत हो गई थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed