फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra news and update today, Thane man kills 9-yr-old son by stuffing paper ball into his mouth

Maharashtra Updates: नशेड़ी पिता ने बेटे को बेरहमी से मार डाला; देवेंद्र फड़णवीस के आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई

Wed, 12 Jun 2024 02:40 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: काव्या मिश्रा Updated Wed, 12 Jun 2024 02:40 PM IST
सार

Maharashtra Updates:  महाराष्ट्र के ठाणे में नशे में धुत पिता ने बेटे को बेरहमी से मार डाला। उधर उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई है। पढ़िए महाराष्ट्र की बड़ी खबरें

विज्ञापन
Maharashtra news and update today, Thane man kills 9-yr-old son by stuffing paper ball into his mouth
महाराष्ट्र अपडेट - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक रौंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक पिता ने कथित तौर पर अपने नौ साल के बेटे के मुंह में कागज से बनी बॉल ठूंस दी, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल, पुलिस ने 59 साल के शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।  पुलिस ने बताया कि साहापुर तालुका के कसारा इलाके के वाशाला में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात को घटना हुई। घटना के समय आरोपी नशे में था।  पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि पति और पत्नी के बीच में संबंध सही नहीं थे। दोनों में बहुत झगड़ा होता था। इसलिए दोनों अलग रह रहे थे। बच्चा अपनी मां के साथ रह था। सोमवार को अचानक लड़का घर से लापता हो गया था। उन्होंने बताया कि बच्चे की तलाश में पूरा परिवार जुट गया था। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे बच्चा अपने पिता के घर के पास मरा हुआ मिला। अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चे के मुंह में कागज से बनी गेंद थी। उसकी नाक से खून बह रहा था। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि पत्नी के चले जाने के बाद पति बहुत शराब पीने लगा था। उसने सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात शराब पी और कथित तौर पर नोटबुक के फटे हुए कागज से बनी गेंद लड़के के मुंह में ठूंस दी, जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि मृतक के एक रिश्तेदार की शिकायत के बाद आरोपी को मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

विज्ञापन

 

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के आवास की  सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। एक अधिकारी ने बताया कि एक स्थानीय संगठन ने बुधवार को प्री-पेड बिजली मीटर लगाने को लेकर फड़णवीस के आवास के आसपास प्रदर्शन किया था। इस विरोध प्रदर्शन के बाद यहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बता दें कि फड़णवीस के पास राज्य ऊर्जा विभाग का प्रभार भी है। उनका निजी आवास धरमपथ क्षेत्र के त्रिकोनी पार्क में है। यह आवास प्रदर्शन स्थल से 3 से 4 किलोमीटर दूर स्थित है। विरोध प्रदर्शन के दौरान जय विदर्भ पार्टी के कई कार्यकर्ता यहां एकत्र हुए और महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) द्वारा प्री-पेड मीटर लगाने को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

विज्ञापन


व्यवसायी की हत्या के मामले में चार आरोपियों को 15 जून तक हिरासत
महाराष्ट्र सरकार में एमएसएमई के निदेशक प्रशांत पारलेवार और नागपुर स्थित व्यवसायी पुरोषत्तम पुट्टेवार की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों को 15 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों की पहचान संदिग्ध सुपारी किलर नीरज ईश्वर निमजे (30), सचिन मोहन धार्मिक (29) और सार्थक बागड़े (29) के रूप में की गई है। एक अन्य आरोपी पायल नागेश्वर (28) मुख्य आरोपी की निजी सहायक है। अदालत के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई।  अदालत ने पुलिस को मुख्य आरोपी की बहू अर्चना पुट्टेवार को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करने की भी अनुमति दी। अपराध शाखा के एक अधिकारी ने कहा कि अर्चना को पहले न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। अब उन्हें गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


मुंबई हवाईअड्डे एक नेपाली महिला गिरफ्तार, फर्जी पासपोर्ट की मदद से जा रही थी हंगरी
मुंबई हवाईअड्डे से एक 31 साल की महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि नेपाल की रहने वाली महिला फर्जी पासपोर्ट की मदद से हंगरी जाने की कोशिश कर रही थी। सोमवार को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर महिला के दस्तावेजों की जांच के दौरान अधिकारियों को शक हुआ। जांच के बाद पता लगा कि पासपोर्ट फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके बनाया गया था।  सहार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि जब अधिकारियों ने महिला से पूछताछ की तो वह कुछ जवाब नहीं दे पाई। महिला को आगे की जांच के लिए स्थानीय पुलिस थाने लाया गया, जहां पता चला कि उसने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कोलकाता में पासपोर्ट बनवाया था। अधिकारी ने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और पासपोर्ट अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।


ठाणे में अपार्टमेंट में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में 27 मंजिला आवासीय इमारत के एक अपार्टमेंट में बुधवार तड़के आग लगने से 47 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि तुलसीधाम सोसाइटी में इमारत की चौथी मंजिल पर स्थित अपार्टमेंट में तड़के तीन बजकर 11 मिनट पर आग लग गई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर बालकुम के दमकल कर्मी और क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की टीम मौके पर पहुंची। बचावकर्मियों को फ्लैट के एक कमरे में अरुण केडिया नाम का एक शख्स बेहोशी की हालत में मिला। अधिकारी ने बताया कि उसे पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि घर में रहने वाले दो नाबालिग समेत चार अन्य लोग सुरक्षित बचाए लिए गए। आग ने कमरों और फर्नीचर सहित विभिन्न घरेलू सामानों को खाक कर दिया। उन्होंने बताया कि हालांकि, आग पर सुबह चार बजकर 22 मिनट पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

ठाणे में भूस्खलन के बाद ऑटो-रिक्शा पर गिरा बड़ा पत्थर, दो लोगों की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मालशेज घाट पर भारी बारिश के चलते भूस्खलन हो गया। इससे बाद एक ऑटो-रिक्शा पर एक बड़ा पत्थर आकर गिर गया, जिससे एक पुरुष और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना कल्याण-अहमदनगर राजमार्ग पर मंगलवार शाम को हुई, जिसके बाद कुछ समय के लिए इस मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। टोकवाडे पुलिस थाने के निरीक्षक दिनकर चाकोर ने बताया कि एक परिवार के पांच सदस्य ऑटोरिक्शा से मुंबई के मुलुंड से अहमदनगर जिले के संगमनेर जा रहे थे। तभी वाहन पर 15-20 किलोग्राम वजन का पत्थर गिरा। पुणे जिले के ओटूर पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक लाहू ताठे ने बताया कि मृतकों की पहचान राहुल बबन भालेराव (30) और उनके भतीजे स्वयं सचिन भालेराव (सात) के रूप में हुई। वहीं, 55 वर्षीय एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस व बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। ताठे ने कहा कि ओटूर पुलिस ने दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट दर्ज की है और यह मामला मुर्बाद के टोकवाडे पुलिस थाने को सौंपा जाएगा क्योंकि घटना उसके अधिकार क्षेत्र में हुई है।

पुणे में तेज रफ्तार कार ने महिला को मारी टक्कर, घायल
महाराष्ट्र के पुणे शहर में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से सड़क किनारे पैदल चल रही एक महिला घायल हो गई। यह घटना हिंजेवाड़ी इलाके में मंगलवार दोपहर को हुई। इसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कार अचानक सड़क से हटकर महिला को टक्कर मार देती है।  पिंपरी चिंचवाड़ पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि कार चालक ने नियंत्रण खो दिया था। उन्होंने कहा कि यह शराब पीकर गाड़ी चलाने का मामला नहीं है और मुंबई की रहने वाली महिला ने अब तक शिकायत भी दर्ज नहीं कराई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'दुर्घटना मंगलवार दोपहर को हुई जब कार ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे चल रही महिला को टक्कर मार दी। महिला को चोटें आई हैं। घटना के कुछ देर बाद ही महिला का भाई और चाचा वहां पहुंच गए  थे और उन्हें घर ले गए। उन्होंने हमें जानकारी दी है कि वे शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस स्टेशन आएंगे।' अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।


पुणे पोर्श कार हादसा: नाबालिग की रिमांड 25 जून तक बढ़ाई गई
किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) ने पुणे के पोर्श कार दुर्घटना मामले में कथित रूप से शामिल 17 वर्षीय किशोर की निगरानी गृह रिमांड बुधवार को 25 जून तक बढ़ा दिया। पिछले महीने पुणे में कार दुर्घटना में दो आईटी इंजीनियरों की मौत हो गई थी। पुणे पुलिस ने नाबालिग की सुरक्षा का हवाला देते हुए उसे और 14 दिन के लिए निगरानी गृह में रखने का अनुरोध किया। वह 12 जून तक निगरानी गृह में था। उन्होंने बोर्ड को यह भी बताया कि फिलहाल किशोर की रिहाई से मामले की जांच और अन्य संबंधित मामलों में बाधा उत्पन्न हो सकती है। संबंधित मामलों में 19 मई को दुर्घटना होने के बाद लिए गए किशोर के रक्त के नमूनों का कथित तौर पर बदले जाने का मामला भी शामिल है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed