फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra hindi update Mumbai Nagpur pune education politics crime and other news updates

Maharashtra: नवी मुंबई में मोबाइल चोरी के शक में हत्यारा बना भाई; मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों के सामान जब्त

Fri, 07 Nov 2025 08:29 PM IST
लव गौर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: लव गौर Updated Fri, 07 Nov 2025 08:29 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra hindi update Mumbai Nagpur pune education politics crime and other news updates
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
महाराष्ट्र के नवी मुंबई से दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। तुर्भे इलाके में एक 34 वर्षीय व्यक्ति की हत्या मोबाइल चोरी के शक में कर दी गई। आरोप मृतक के चचेरे भाई और उसके एक साथी पर लगा है। पुलिस के मुताबिक मोबाइल फोन चोरी के संदेह में दोनों लोगों ने पीट-पीटकर युवक की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार को एक सार्वजनिक शौचालय में हुई। तुर्भे पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, आरोपी अर्जुन अदागले (55) को शक था कि उसके चचेरा भाई सुधाकर पाटोले ने उसका फोन चुराया है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अदागले और उसके साथी ने शराब पीने के बाद सुधाकर की बेरहमी से पिटाई की, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्यारोपी अर्जुन का साथी विधान मंडल ने सार्वजनिक शौचालय में काम करता था, जहां हत्याकांड को अंजाम दिया गया। दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन


17.93 करोड़ से अधिक के प्रतिबंधित पदार्थ और 25 लाख+ रुपये का सोना जब्त
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर तीन अलग-अलग मामलों में करोड़ों रुपये के सामान जब्त किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, कुल 17.93 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) और 25.64 लाख रुपये का सोना जब्त किया गया। कस्टम्स विभाग ने बैंकॉक से आए एक यात्री के ट्रॉली बैग से 5.922 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 5.922 करोड़ रुपये आंकी गई। यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। बैंकॉक से आए दो अन्य यात्रियों के पास से चॉकलेट और चिप्स के पैकेटों में छिपाई गई 12.017 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड जब्त की गई। इसकी कीमत करीब 12.017 करोड़ रुपये है। इन दोनों को भी गिरफ्तार किया गया है। तीसरे मामले में दुबई से आए एक यात्री के पास से 24 कैरेट के 225 ग्राम सोने के कंगन जब्त किए गए। इनकी कीमत 25.64 लाख रुपये है।
विज्ञापन

IPS अधिकारी के पति के ठाणे स्थित चार फ्लैटों को कुर्क करने के लिए अदालत में आवेदन

एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि आईपीएस अधिकारी रश्मि करंदीकर के पति पुरुषोत्तम चव्हाण से जुड़े ठाणे स्थित एक आवासीय परिसर में स्थित चार फ्लैटों को कुर्क करने के लिए अदालत में आवेदन दिया गया है। आर्थिक अपराध शाखा चव्हाण के खिलाफ धोखाधड़ी के दो मामलों की जांच कर रही है। अधिकारी ने बताया, 'ये चार फ्लैट ठाणे के एक आलीशान परिसर में हैं। ये पुरुषोत्तम चव्हाण से जुड़े हैं। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 107 के तहत फ्लैटों को कुर्क करने के लिए अदालत में आवेदन दिया गया है। आर्थिक अपराध शाखा ने उनके खातों का फोरेंसिक ऑडिट भी शुरू कर दिया है।' बीएनएसएस की धारा 107 आपराधिक गतिविधि से प्राप्त संपत्ति की कुर्की, जब्ती या वापसी से संबंधित है। इस धारा के तहत, पुलिस 'अपराध की आय' मानी जाने वाली संपत्ति को जब्त करने के लिए अदालत की मंजूरी ले सकती है।
 

महिला पत्रकार राणा अय्यूब को जान से मारने की धमकी
महिला पत्रकार राणा अय्यूब को एक अज्ञात अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सएप के जरिये जान की धमकी मिली है। सर्च किए जाने के बाद यह नंबर हैरी शूटर कनाडा के नाम से दिख रहा है। पुलिस ने बताया कि बीते दो नवंबर को धमकी दी गई। इसमें कहा गया कि अगर उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों और दिवंगत इंदिरा गांधी के हत्यारों पर वाशिंगटन पोस्ट में लेख नहीं लिखा तो उन्हें नुकसान पहुंचाया जाएगा। बता दें कि पत्रकार राणा अय्यूब नवी मुंबई में रहती हैं और वाशिंगटन पोस्ट के लिए लिखती हैं। पुलिस अधिकारी ने दावा किया है कि फोनकर्ता को महिला पत्रकार का पता और उनसे जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी ज्ञात है। उसने राणा अय्यूब को धमकी दी कि उन्हें और उनके पिता को मार दिया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर कोपरखैरने पुलिस ने मंगलवार को इस संबंध में असंज्ञेय मामला दर्ज किया है।

पांचवीं नीलामी में भी दाऊद की मां की जमीन का नहीं मिला खरीदार
भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम की मां के मालिकाना हक वाले चार भूखंडों की हाल ही में की गई सरकारी नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला। इनकी कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये है।  एक अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के खेड़ इलाके में स्थित इन संपत्तियों को बेचने की स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स एक्ट अथॉरिटी (एसएसएफईएमए) की यह पांचवीं कोशिश थी।  यह नीलामी 4 नवंबर को हुई थी लेकिन उसमें कोई भी शामिल नहीं हुआ। 1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट के मास्टरमाइंड में से एक दाऊद इब्राहिम के बारे में माना जाता है कि वह पाकिस्तान में है। 

विज्ञापन

ठाणे में शख्स ने पत्नी की चाकू मारकर की हत्या
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक 40 वर्षीय महिला की उसके पति ने चाकू मारकर हत्या कर दी और खुद भी उसी हथियार से घायल हो गया। मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी संतोष पोवाले ने अपनी पत्नी विद्या पर बेवफाई के शक में हमला किया।

उन्होंने बताया कि गुरुवार रात कल्याण तालुका के वरप में अपने घर में हुए झगड़े के दौरान संतोष ने अपनी पत्नी पर चाकू से कई वार किए। महिला की चीखें सुनकर पड़ोसी दंपत्ति के घर पहुंचे और विद्या को खून से लथपथ पाया। अधिकारी ने बताया कि संतोष, जिसने खुद को चाकू मारा था, गंभीर रूप से घायल हो गया था। दोनों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विद्या को मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि हत्या के आरोप में आरोपी को बाद में ठाणे शहर के कलवा नागरिक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

खडसे ने की अजीत पवार से इस्तीफे की मांग
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बेटे पार्थ पवार पर एक कंपनी से संबंधित 300 करोड़ रुपये के भूमि सौदे पर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। जिसके बाद पूर्व मंत्री और राकांपा (शरद पवार गुट) के नेता एकनाथ खडसे ने भूमि सौदे में कथित अनियमितताओं की जांच उच्च न्यायालय के एक वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग की है। कभी भाजपा में रहे खडसे ने यह भी कहा कि जांच पूरी होने तक अजित पवार को देवेंद्र फडणवीस सरकार से इस्तीफा दे देना चाहिए। खडसे ने मुंबई में मीडिया से बात करते हुए कहा, 'इस मामले की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश द्वारा की जानी चाहिए, न कि सरकार द्वारा। अन्यथा, जांच का अंत अजीत पवार के खिलाफ पहले के मामलों की तरह होगा। मेरी मांग है कि जांच पूरी होने तक अजीत पवार को इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर वह इसमें शामिल नहीं हैं, तो वह अपना इस्तीफा वापस ले सकते हैं, लेकिन उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए।' पूर्व राज्य मंत्री ने आगे कहा, "पार्थ पवार की कंपनी की पूंजी सिर्फ एक लाख रुपये है, लेकिन उन्होंने 300 करोड़ रुपये का सौदा किया। उन्हें यह पैसा किसने दिया? उन्होंने इतनी बड़ी धनराशि कैसे जुटाई? इन सबकी जांच होनी चाहिए। यह सौदा संदिग्ध है।'

शिंदे के गृह क्षेत्र ठाणे में भाजपा ने गणेश नाइक को चुनाव प्रभारी किया नियुक्त
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गृह क्षेत्र ठाणे जिले के लिए मंत्री गणेश नाइक को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। गणेश नाइक की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब कुछ महीने पहले उन्होंने भाजपा की सहयोगी पार्टी शिवसेना के प्रमुख शिंदे के खिलाफ कई आलोचनात्मक टिप्पणियां की थीं। स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी में जुटी भाजपा ने पूरे महाराष्ट्र में जिला स्तरीय चुनाव प्रमुखों और प्रभारियों की सूची जारी की है। जिसमें नाइक ठाणे शहर, ठाणे ग्रामीण, कल्याण, उल्हासनगर, मीरा-भयंदर, भिवंडी और नवी मुंबई में चुनाव तैयारियों की देखरेख करेंगे।

बीड जिले में भाजपा विधायक सुरेश धास को जिला चुनाव प्रमुख नियुक्त किया गया है, जबकि मंत्री पंकजा मुंडे को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद से एक-दूसरे से अनबन चल रहे दोनों नेताओं को अब मिलकर काम करना होगा। मंत्री नितेश राणे सिंधुदुर्ग जिले के चुनाव प्रभारी होंगे, जबकि गणेश बिडकर को पुणे ग्रामीण का प्रभार सौंपा गया है। मुंबई में, मंत्री और स्थानीय विधायक आशीष शेलार चुनाव प्रभारी होंगे। भाजपा ने कहा कि ये नियुक्तियां संगठनात्मक तंत्र को मजबूत करने और आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारी के लिए राज्यव्यापी रणनीति के तहत की गई हैं।

नवी मुंबई कोस्टल रोड प्रोजेक्ट का 60% काम पूरा, अटल सेतु से नए एयरपोर्ट तक बनेगा सीधा रास्ता
नवी मुंबई में अटल सेतु और नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को जोड़ने वाली कोस्टल रोड परियोजना का 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। राज्य की योजना एजेंसी सिडको ने शुक्रवार को बताया कि सात किलोमीटर लंबा यह छह लेन (3+3) वाला मार्ग, जिसमें 5.8 किमी कोस्टल रोड और 0.9 किमी एयरपोर्ट लिंक रोड शामिल है। क्षेत्र के लिए परिवर्तनकारी अवसंरचना परियोजनाओं में से एक है। इस परियोजना को ‘उल्वे कोस्टल रोड’ नाम दिया गया है, जो दिसंबर से शुरू होने वाले हवाई अड्डे को अटल सेतु (मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक), जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण और नवी मुंबई विशेष आर्थिक क्षेत्र से जोड़ेगी।

सिडको के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक विजय सिंगल के अनुसार, यह परियोजना नवी मुंबई की मौजूदा सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव घटाएगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएगी। उल्वे कोस्टल रोड के पूरा होने के बाद दक्षिण मुंबई और नवी मुंबई के बीच यात्रा समय में भारी कमी आएगी। यह न केवल यात्रियों बल्कि उद्योगों और लॉजिस्टिक सेक्टर के लिए भी राहत लेकर आएगी। सिडको ने बताया कि यह प्रोजेक्ट समय पर पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसे नवी मुंबई के परिवहन नेटवर्क में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।

पार्थ पवार से जुड़ी जमीन सौदे की जांच तेज, पुलिस ने जब्त किए सेल डीड और अहम दस्तावेज
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बेटे पार्थ पवार से जुड़ी एक विवादित जमीन सौदे की जांच में पुलिस ने अहम कदम उठाया है। पिंपरी चिंचवड़ पुलिस ने शुक्रवार को बावधान स्थित उप-पंजीयक कार्यालय से 40 एकड़ जमीन की बिक्री से संबंधित सेल डीड की स्कैन कॉपी और अन्य दस्तावेज जब्त किए। यह 300 करोड़ रुपये का सौदा पुणे के मुँढवा इलाके में अमाडिया एंटरप्राइजेज एलएलपी के साथ हुआ था। विपक्षी दलों का आरोप है कि यह जमीन सरकारी थी, जिसकी वास्तविक कीमत करीब 1800 करोड़ रुपये है और इस पर स्टांप ड्यूटी भी माफ की गई थी।

बावधान थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अनिल विभुते ने बताया कि फिलहाल तीन लोगों दिग्विजय पाटिल, शीतल तेजवानी और उप-पंजीयक आर बी तारू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पाटिल पर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने का आरोप है। आरोपियों पर सरकार को धोखा देने और स्थानीय निकाय उपकर व मेट्रो टैक्स की लगभग छह करोड़ रुपये की चोरी करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच जारी है और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि पार्थ पवार का नाम फिलहाल एफआईआर में नहीं है, लेकिन दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed