Maharashtra: मनोज जरांगे 29 अगस्त से आंदोलन करेंगे, परिसीमन पर बोले उद्धव ठाकरे- सांसदों की सीट न बढ़ाए सरकार
मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे ने 29 अगस्त से आखिरी और निर्णायक आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। उनका आरोप है कि राज्य सरकार ने 58 लाख कुनबी रिकॉर्ड मिलने के बावजूद हैदराबाद गजट के आधार पर जाति प्रमाणपत्र जारी नहीं किए। जरांगे ने कहा कि यदि 28 अगस्त तक प्रमाणपत्र नहीं दिए गए तो 29 अगस्त से बड़ा आंदोलन शुरू होगा। उन्होंने मराठा समाज से आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उनकी अन्य मांगों में आंदोलनकारियों पर दर्ज केस वापस लेना, सारथी योजनाओं की बहाली, मराठा मंत्रालय का गठन और SEBC श्रेणी के लाभ लागू करना शामिल है। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अधिकांश पात्र आवेदकों को प्रमाणपत्र जारी किए जा चुके हैं और लंबित मामलों की संख्या बहुत कम है। उन्होंने कहा कि यदि किसी की वास्तविक शिकायत है तो सरकार बातचीत के जरिए समाधान निकालने के लिए तैयार है।
सांसदों की संख्या न बढ़ाएं- उद्धव ठाकरे
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सांसदों की संख्या बढ़ाने के बजाय सरकार को युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने चाहिए। ठाकरे ने दावा किया कि 850 सांसद होने पर सभी को सदन में बोलने का मौका नहीं मिलेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सांसदों को इस विधेयक के समर्थन के लिए तोड़ा जा रहा है। उन्होंने नीट पेपर लीक के खिलाफ युवाओं के आंदोलन की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं ने लोकतंत्र में नई जान फूंकी है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनका हिंदुत्व नहीं बदला, बल्कि समय के अनुसार विकसित हुआ है।
महाराष्ट्र में अब तक 2,000 स्कूल बंद हो चुके हैं: संजय राउत
उन्होंने कहा, 'कल ही पुणे यूनिवर्सिटी और आस-पास के इलाकों में एक फेक डिग्री स्कैम सामने आया। एक मार्कशीट स्कैम भी हुआ, और टीईटी व एमपीएससी परीक्षा के पेपर लीक हुए। महाराष्ट्र में ये हालात हैं। देवेंद्र फडणवीस की नाक के नीचे एजुकेशन डिपार्टमेंट में करोड़ों का स्कैम हो रहा है, और अब वे हमें लेक्चर देने के लिए यह बिल ला रहे हैं।'
संजय राउत ने कहा, "नीट पेपर लीक मामले के आधे से ज्यादा गुनहगार पुणे और लातुर से हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, "पेपर सेट करने वाले भाजपा के लोग हैं। एक विचारधारा के लोगों को पेपर सेट करने के लिए नियुक्त किया जाता है। पैसा कमाने के लिए अपने-अपने कार्यकर्ताओं को काम में लगा दिया जाता है।"
उन्होंने कहा, 'महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सबसे अच्छे शिक्षा मंत्री हो सकते हैं। उन्हें यहां लाना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने भी उनसे कहा है कि उन्हें आना होगा, तो देर किस बात की? देवेंद्र फडणवीस जैसे पढ़े-लिखे लोगों को शिक्षा मंत्री बनाया जाना चाहिए।'
पुरानी रंजिश में युवक की चॉपर से हत्या, दो दोस्त घायल
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में पुरानी रंजिश को लेकर हुए हमले में 26 वर्षीय अंकुश सुभाष आधे की चॉपर और धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई, जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात भंडारी चौक स्थित एक पान की दुकान के पास अंकुश अपने दोस्तों के साथ मौजूद था। इसी दौरान पांच आरोपी वहां पहुंचे और 23 जुलाई को हुए पुराने विवाद को लेकर बहस करने लगे। अंकुश ने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की। इसके बाद एक आरोपी दो चॉपर लेकर आया और अन्य आरोपियों ने अंकुश को गली में ले जाकर उस पर कई वार किए। वहीं, उसके दो साथियों पर भी धारदार हथियारों से हमला किया गया। घायल अंकुश की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और दंगा समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं।
अंबेडकर जयंती जुलूस में तेज आवाज पर कार्रवाई, 4 लोगों पर केस दर्ज
महाराष्ट्र के लातूर में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती (14 अप्रैल) के जुलूस के दौरान ध्वनि प्रदूषण नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आयोजकों को पहले ही हाई-डेसीबल साउंड सिस्टम का इस्तेमाल न करने के निर्देश दिए गए थे और कई बार सार्वजनिक अपील भी की गई थी। इसके बावजूद 14 समितियों ने नियमों का उल्लंघन किया। सभी को 60 दिन के भीतर जवाब देने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दो समितियों के अध्यक्षों और उनके साउंड सिस्टम मालिकों के खिलाफ अदालत में मामला दायर किया गया। आरोपियों पर पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, 2000 के तहत कार्रवाई की गई है। दोषी पाए जाने पर 5 साल तक की जेल, 1 लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है।
एक्स्ट्रा बैगेज फीस नहीं दी, फ्लाइट छूटी; उपभोक्ता आयोग ने यात्री की शिकायत खारिज की
मुंबई उपनगर उपभोक्ता आयोग ने ब्रुसेल्स एयरलाइंस के खिलाफ एक यात्री की शिकायत खारिज कर दी। यात्री ने अतिरिक्त सामान का शुल्क देने से इनकार कर दिया था और सामान दोबारा व्यवस्थित करने के दौरान चेक-इन की समय सीमा चूक गया, जिसके कारण उसे फ्लाइट में सवार होने की अनुमति नहीं मिली। आयोग ने कहा कि एयरलाइन ने अपनी मानक बैगेज नीति और नियमों का पालन किया है, इसलिए इसे सेवा में कमी (Deficiency in Service) नहीं माना जा सकता। आयोग के अनुसार, समय पर चेक-इन करना सभी यात्रियों के लिए अनिवार्य है और समय सीमा समाप्त होने के बाद सुरक्षा व परिचालन कारणों से बोर्डिंग नहीं दी जा सकती। यात्री को दूसरी एयरलाइन से नया टिकट खरीदना पड़ा, लेकिन यह उसकी अपनी शर्तों का पालन न करने का परिणाम था, इसलिए उसे मुआवजा देने का कोई आधार नहीं बनता।
मुंबई में 35.50 लाख की एमडी ड्रग्स बरामद
मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने बांद्रा में कार्रवाई करते हुए 35.50 लाख रुपये की एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में नालासोपारा निवासी 32 वर्षीय सोहेल अब्दुल गनी सैयद को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 142 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने के मामलों में आरोपी रह चुका है। उसके खिलाफ खेरवाड़ी पुलिस थाने में एनडीपीएस कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब ड्रग्स के स्रोत, खरीददार और तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है।
महाराष्ट्र के 16 हजार स्कूलों में लगेंगे PA स्पीकर सिस्टम
महाराष्ट्र सरकार ने स्थानीय स्वशासी निकायों द्वारा संचालित करीब 16,000 स्कूलों में पब्लिक एड्रेस (PA) स्पीकर सिस्टम लगाने के लिए 20.80 करोड़ रुपये के खर्च को मंजूरी दी है। स्कूल शिक्षा एवं खेल विभाग ने इस संबंध में सरकारी आदेश (GR) जारी किया। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षण-सीखने का माहौल बेहतर बनाना है। यह फैसला शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम, 2009 और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप लिया गया है, जो बच्चों के लिए बेहतर और प्रेरक शिक्षण वातावरण पर जोर देती है।
महाराष्ट्र में विकास कार्यों की AI से होगी निगरानी, ऑडिट सिस्टम होगा हाईटेक
महाराष्ट्र सरकार ने शहरी स्थानीय निकायों में तकनीकी और वित्तीय ऑडिट सिस्टम को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए एक विशेष अध्ययन समिति गठित की है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शहरी विकास विभाग ने यह फैसला लिया है। समिति एक महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। समिति यह सुझाव देगी कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और जियो-टैगिंग की मदद से सड़कों, जलापूर्ति और अन्य विकास कार्यों की रियल-टाइम निगरानी कैसे की जाए। इससे कार्यों की गुणवत्ता, समय पर पूरा होने और सार्वजनिक धन के सही उपयोग पर नजर रखी जाएगी। साथ ही नागरिकों, आरडब्ल्यूए, एनजीओ, तकनीकी विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से सोशल ऑडिट भी किया जाएगा, ताकि विकास कार्यों के वास्तविक सामाजिक प्रभाव का आकलन हो सके।
मराठा आरक्षण की लड़ाई फिर सड़क पर
महाराष्ट्र में पुणे-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित वरवंद गांव के पास एक ऑटोमोबाइल कंपनी की इकाई में आग लग गई। ओम साई मोटर्स में भीषण आग लगने के मामले में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
ठाणे की झील में युवती का शव बरामद
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक युवती का शव बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि कल्याण कस्बे में मंगलवार को एक झील में एक अज्ञात महिला का शव मिला। कल्याण डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) के अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 19 वर्षीय पीड़ित का शव शाम करीब 5 बजे काला तालाब में मिला। सूचना मिलने पर दमकल कर्मियों की एक टीम ने झील से शव बरामद किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।