महाराष्ट्र: राज्य के सियासी उलटफेर को लेकर जानिए किसने क्या कहा
महाराष्ट्र का राजनीतिक गणित पल-पल बदल रहा था लेकिन यहां इतना बड़ा उलटफेर हो जाएगा इसकी किसी को उम्मीद तक नहीं थी। शुक्रवार तक राज्य में शिवसेना, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेतृत्व में सरकार बनाने की चर्चाएं जारी थी। इसी बीच शनिवार सुबह देवेंद्र फडणवीस ने सभी राजनीतिक पंडितों के विश्लेषण को गलत साबित करते हुए दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई है। फडणवीस को 30 नवंबर तक विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा।
इसी बीच जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र की नई सरकार को बधाई दी है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि पवारजी तुस्सी ग्रेट हो। शिवसेना ने इसे पाप करार दिया है। जानिए इस सियासी उलटफेर को लेकर किसने क्या कहा।
सड़क पर मरता है निर्णय न लेने वाला जानवर
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राम विलास पासवान ने कहा, 'सड़क पर वही जानवर मरता है जो निर्णय नहीं लेता है कि दाएं जाएं या बाएं जाएं।'
यह संविधान का मजाक: दिग्विजय सिंह
महाराष्ट्र में सरकार गठन पर कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि 'यह संविधान का मजाक बन रहा है, भाजपा ने गोवा, मेघालय और अन्य राज्यों में भी ऐसा ही किया। राकांपा का कोई भी विधायक इसका समर्थन नहीं करेगा, अजित पवार अकेले उनके साथ गए हैं।'
अजित पवार का व्यक्तिगत निर्णय: शरद पवार
शरद पवार ने ट्वीट कर कहा कि महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए भाजपा को समर्थन देने का अजित पवार का फैसला उनका व्यक्तिगत निर्णय है। यह एनसीपी का फैसला नहीं है। हम यह स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि हम इस फैसले का समर्थन नहीं करते हैं।
पाप करने वाले व्यक्ति की झुकी रहती हैं नजरें: संजय राउत
शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत ने कहा, 'शरद पवार साहब का इससे कोई लेना-देना नहीं है। अजित पवार ने महाराष्ट्र के लोगों को धोखा दिया है। कल नौ बजे तक ये महाशय (अजित पवार) हमारे साथ बैठे थे। बाद ये अचानक गायब हो गए। वो नजर से नजर मिलाकर बात नहीं कर रहे थे। उससे हमें शक भी हुआ था। जो व्यक्ति पाप करने जाता है उसकी नजरें जैसे झुकती हैं वैसे बी झुकी नजरों से बात कर रहे थे।'
समय आने पर देशवासी देंगे इसका जवाब: अशोक गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महाराष्ट्र के उलटफेर को लेकर लिखा, 'महाराष्ट्र में जो हुआ वह छिपकर करने की क्या आवश्यकता थी, इस प्रकार अचानक राष्ट्रपति शासन का हटना और इस प्रकार शपथ दिलाना कौन सी नैतिकता है? ये लोग देश में लोकतंत्र को किस दिशा में ले जा रहे हैं? समय आने पर देशवासी इसका जवाब देंगे और भाजपा को सबक सिखाएंगे। इस माहौल में फडणवीस जी मुख्यमंत्री के रूप में कामयाब हो पाएंगे, यह डाउटफुल है। सीएम और डिप्टी सीएम दोनों ने गिल्टी कॉन्शियस होकर शपथ ली है वे गुड गवर्नेंस दे पाएंगे इसमें संदेह है जिसका नुकसान महाराष्ट्र की जनता को होगा।'
सियासत हूं मैं, कपड़े नहीं पहनती: रणदीप सुरजेवाला
महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने ट्विटर पर लिखा, 'मुझे मत देखो यूं उजाले में लाकर, सियासत हूं मैं, कपड़े नहीं पहनती। इसे कहते हैं-: जनादेश से विश्वासघात, लोकतंत्र की सुपारी।'
पवार जी तुस्सी ग्रेट हो: अभिषेक मनु सिंघवी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने ट्वीट कर कहा, 'महाराष्ट्र के बारे में पढ़कर हैरान हूं। पहले लगा कि यह फर्जी खबर है। निजी तौर पर बोल रहा हूं कि तीनों पार्टियों की बातचीत तीन दिन से ज्यादा नहीं चलनी चाहिए थी। यह बहुत लंबी चली। मौका दिया गया तो फायदा उठाने वालों ने इसे तुरंत लपक लिया। पवार जी तुस्सी ग्रेट हो। अगर यही सही है तो आश्चर्यजनक है। अभी यकीन नहीं है।'
प्रधानमंत्री मोदी ने फडणवीस और पवार को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार जी को बधाई। मुझे विश्वास है कि वे महाराष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगन से काम करेंगे।
सरकार महाराष्ट्र के विकास और कल्याण के प्रति निरंतर रहेगी कटिबद्ध: अमित शाह
अमित शाह ने महाराष्ट्र की दोबारा कमान संभालने वाले देवेंद्र फडणवीस को बधाई देते हुए ट्वीट किया, 'श्री देवेंद्र फडणवीस जी को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और श्री अजित पवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। मुझे विश्वास है कि यह सरकार महाराष्ट्र के विकास और कल्याण के प्रति निरंतर कटिबद्ध रहेगी और प्रदेश में प्रगति के नए मापदंड स्थापित करेगी।'