पलटवार: 'पीएम बंगाल में व्यस्त' उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया तो भड़के केंद्रीय मंत्री, बोले- न करें तुच्छ राजनीति
उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी पर आरोप लगाया कि वो बंगाल के चुनाव में व्यस्त हैं, जबकि उन्हें ऑक्सीजन की कमी के बारे में जानकारी देने के लिए फोन किया गया था और वो उपलब्ध नहीं हुए। इस पर केंद्रीय मंत्रियों ने उद्धव ठाकरे को जवाब देते हुए कहा कि केंद्र लगातार राज्य सरकारों के साथ संपर्क साधे हुए है।
विस्तार
देश में कोरोना की दूसरी लहर कहर बरपा रही है और इसी बीच कई राज्यों में ऑक्सीजन सप्लाई की कमी की भी शिकायतें सुनने को मिल रही हैं। शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने राज्य में कोरोना मरीजों के लिए ऑक्सीजन की कमी की जानकारी देने के लिए पीएम को फोन किया लेकिन उन्हें बताया गया कि पीएम मोदी बंगाल के चुनावों में व्यस्त हैं।
उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया कि उन्होंने दिल्ली में प्रधानमंत्री कार्यालय को फोन किया ताकि प्रधानमंत्री से ऑक्सीजन की कमी को लेकर बात की जा सके लेकिन उन्हें बताया गया कि पीएम मोदी पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार करने में व्यस्त हैं। उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री कार्यालय के द्वारा कहा कि महाराष्ट्र को ऑक्सीजन की जरूरत है।
उद्धव ठाकर ने बताया कि मैंने पीएम मोदी से संपर्क साधने की कोशिश की लेकिन वो उपलब्ध नहीं थे क्योंकि वो बंगाल के चुनाव में व्यस्त थे। हालांकि केंद्र सरकार राज्य के साथ समन्वय बनाए हुए है। उद्धव ठाकर ने कहा कि राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए पीएम मोदी को ऑक्सीजन की जरूरत बताना जरूरी था। हालांकि उद्धव ठाकरे के इस बयान का कई केंद्रीय मंत्रियों ने खंडन किया है।
उद्धव ठाकरे के आरोपों पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि उन्होंने उद्धव ठाकरे से बात की थी और उन्हें आश्वासन दिया था कि देश के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र को पर्याप्त ऑक्सीजन सप्लाई दी जाएगी और 1,121 वेंटिलेटर भी दिए जाएंगे।
डॉ. हर्षवर्धन ने ट्वीट कर कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ठाकरे से बात हो गई है। उन्हें आश्वासन दिया गया है कि राज्य को पर्याप्त मेडिकल ऑक्सीजन और स्वास्थ्य सुविधाओं की मदद की जाएगी।
Spoke to #Maharashtra CM Sh Uddhav Thackeray Ji
— Dr Harsh Vardhan (@drharshvardhan) April 17, 2021
Reassured @OfficeofUT of adequate & uninterrupted supply of medical oxygen & all possible support w.r.t healthcare infra, medicines & therapeutics
Additional 1,121 ventilators are also being rushed to them given the surge in cases.
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी सीएम ठाकरे के बयान का खंडन किया और इसे निम्न राजनीति का दर्जा दिया। उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी कि महाराष्ट्र को अब तक सबसे ज्यादा ऑक्सीजन की सप्लाई की गई है। केंद्र सरकार रोजाना राज्य सरकारों के साथ संपर्क में है।