एंटीलिया मामला : अजीत पवार बोले- हम किसी को बचा नहीं रहे, लेकिन अफवाहों के आधार पर कार्रवाई नहीं
उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर जिलेटिन की छड़ों से भरी स्कॉर्पियो मिलने के मामले में सचिन वाजे पर एनआईए की कार्रवाई के बाद महाराष्ट्र सरकार में दरार पड़ने की खबरें हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार की सोमवार को हुई मुलाकात ने इन अटकलों को हवा दे दी। वहीं सचिन वाजे को लेकर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हम किसी को बचा नहीं रहे हैं, लेकिन बिना सबूत किसी पर कार्रवाई नहीं की जाएगी।
उद्धव सरकार ने साफ कर दिया है कि वह एंटीलिया मामले में न तो किसी अधिकारी या मंत्री को बचा रही है और न ही किसी पर बिना सबूत कार्रवाई करने वाली है। सीएम आवास पर बुलाई गई तीनों सहयोगी दलों की बैठक के बीच उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने यह बात कही।
सबूतों के आधार पर होगी कार्रवाई
सचिन वाजे को लेकर किए गए सवाल पर पवार ने कहा, ''इस केस की हमें जैसे ही जानकारी मिली हमने कार्रवाई की, लेकिन पिछले दो दिनों से अन्य अधिकारियों को लेकर खबरें आ रहीं हैं कि इसे हटाया जाएगा, उसे हटाया जाएगा। सरकार कोई भी निर्णय ऐसे ही नहीं लेती है। मुख्यमंत्री ने पहले भी स्पष्ट किया है कि सबूतों के आधार पर ही हम किसी को हटाएंगे या उस पर कार्रवाई करेंगे। अफवाहों के आधार पर कार्रवाई करने का सवाल ही नहीं उठता।''
दरार की खबरों पर बोले पवार, कोई मतभेद नहीं
बैठक के बीच से कुछ देर के लिए बाहर निकले अजीत पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि जो भी इस मामले में दोषी होगा उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस और शिवसेना के नेताओं के बीच में कोई भी मतभेद नहीं है। हम मिलकर अच्छा काम कर रहे हैं।
CM said in Assembly that in any case if someone is doing anything wrong, govt will take immediate decision if there's evidence. But no action against anyone until there's evidence. Govt doesn't want to protect anyone: Maharashtra Dy CM on Mumbai Police Commissioner Parambir Singh pic.twitter.com/C0IOOaSJzZ
— ANI (@ANI) March 16, 2021
महा विकास अघाड़ी समूह की बैठक जारी
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अपने आधिकारिक आवास 'वर्षा' पर महाविकास अघाड़ी के तीनों घटक दलों के बड़े मंत्रियों की बैठक बुलाई है। बैठक में सीएम उद्धव ठाकरे एंटीलिया मामले को लेकर सभी प्रमुख मंत्रियों से बातचीत कर रहे हैं, इस दौरान सचिन वाजे के मुद्दे पर भी चर्चा की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री उद्धव के साथ इस बैठक में उप मुख्यमंत्री अजीत पवार, मंत्री एकनाथ शिंदे, बालासाहब थोराट, अनिल परब, आशोक चव्हाण और जयंत पाटिल भी मौजूद हैं।
सचिन वाजे के मुद्दे पर हमलावर भाजपा
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में भाजपा की ओर से लगातार सरकार को घेरे जाने के प्रयास कमजोर करने पर रणनीति बनाई जा रही है। इस बैठक के बाद सरकार डैमेज कंट्रोल के लिए पुलिस के कुछ बड़े अधिकारियों का तबादला कर सकती है, जिसमें सबसे पहले मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह का नाम सामने आ रहा है। चर्चा यह भी है कि इस बैठक के बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकता है।
इस पर महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा कि एंटीलिया मामले में दोषी का सजा जरूरी मिलेगी। वहीं सरकार में फेरबदल को लेकर पूछ जाने पर उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल और राज्य सरकार में कोई बदलाव नहीं होगा।
ATS and NIA are pursuing an unbiased inquiry (in gelatin-laden car found outside Antilia and Mansukh Hiren death cases), guilty will be punished. No change in ministry or transfer is happening: Maharashtra Minister Nawab Malik pic.twitter.com/R5C9qDGL6j
— ANI (@ANI) March 16, 2021
पिछले लंबे समय से ज्यादातर मामलों- सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या, धनंजय मुंडे प्रकरण, टिक टॉक स्टार पूजा चव्हाण की मौत का मामला में उद्धव सरकार बैकफुट पर रही है। इसलिए, एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने सोमवार को उद्धव ठाकरे से मुलाकात की थी। एक घंटे चली इस मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि पवार के कहने पर ही मंगलवार को उद्धव ने मंत्रियों की यह बैठक बुलाई है।