ऑपरेशन बालाकोट पर राजनाथ ने इंदिरा से की पीएम मोदी की तुलना, कहा- वीर नहीं गिद्ध गिनते हैं लाशें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार में चुनावी सभा में बोलते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी की तुलना, इंदिरा गांधी से की। उन्होंने कहा,
1971 में श्रीमती इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान को धूल चटाई थी, उस समय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने संसद में खड़े होकर, उनकी प्रशंसा की थी। यदि पाक को धूल चटाने के लिए इंदिरा जी का जयकारा हो सकता है तो पाक को सबक सिखाने के लिए मोदीजी का जयकारा क्यों नहीं हो सकता? लेकिन इस पर कांग्रेस के लोगों को आपत्ति है और कह रहे हैं कि बताइए कितने लोगों को मारा है? बताओ, बहादुर, कभी लाशें गिनते हैं? लाशें वीर नहीं गिनते, लाशें गिद्ध गिनते हैं।"
विज्ञापन
पिथौरागढ़ में राजनाथ
पिथौरागढ़ में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के किसी भी मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है। ऐसे में कांग्रेस को भाजपा से सीखना चाहिए कि सरकार कैसे चलाई जाती है। वर्ष 2013 में दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं की सूची में 11 वें पायदान पर खडा भारत पहले ही छठे पायदान पर पहुंच चुका है और अगले छह महीने में वह सूची में पांचवें स्थान पर आ जाएगा। अगर विकास की यही रफ्तार जारी रही तो 2018 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह भाजपा से सीखना चाहिए कि सरकार कैसे चलाई जाती है क्योंकि पिछले पांच वर्षों में मोदी मंत्रिमंडल के किसी मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है।
सिंह, अल्मोडा (सुरक्षित) सीट से भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। अजय टम्टा का मुकाबला बतौर कांग्रेस प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा से है। कांग्रेस पर हमेशा तुच्छ राजनीति करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन चुनावों में एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गरीबी दूर करने का फर्जी नारा दोहरा रहे हैं ।
उन्होंने कहा कि गरीबी उन्मूलन का नारा पहले जवाहर लाल नेहरू ने दिया जिसे इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने आगे बढ़ाया। अब राहुल गांधी इसे दोहरा रहे हैं जो हर गरीब आदमी के खाते में 72, 000 रू डालने का वादा कर रहे हैं । यह गरीबी उन्मूलन के नारे जैसा ही फर्जी वादा है।
एक अमेरिकी विचारक का हवाला देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि 2015 में गरीब व्यक्तियों की संख्या 16.5 करोड थी जो अब घटकर पांच करोड़ हो गई है। उन्होंने कहा कि ऐसा पिछले पांच सालों में मोदी सरकार द्वारा गरीबी दूर करने के लिए उठाए गए कदमों के कारण हुआ है। न केवल अमेरिकी थिंक टैंक बल्कि अंतराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) ने भी कहा है कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।