बिहार की राजधानी पटना में अमित शाह का रोड शो, रविशंकर और रामकृपाल के लिए मांगा वोट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का आज बिहार की राजधानी पटना में रोड शो करने पहुंचे। शाह ने पटना साहिब से भाजपा के उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से प्रत्याशी रामकृपाल यादव के समर्थन में रोड शो किया। पटना के कदमकुआं के सेंट सेवरेंस स्कूल से शुरु हुआ रोड शो साहित्य सम्मेलन, ठाकुरबाड़ी रोड, बाकरगंज, बारीपथ होते हुए गांधी मैदान स्थित उद्योग भवन के पास समाप्त हुआ। रोड शो में अमित शाह के साथ बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और रविशंकर प्रसाद मौजूद थे।
पटना साहिब की लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के खिलाफ भाजपा से कांग्रेस में गए शत्रुघ्न सिन्हा मैदान में हैं। शत्रुघ्न इस सीट से वर्तमान सांसद भी हैं। इस सीट पर जातीय गणित को देखें तो दोनों ही प्रत्याशी कायस्थ हैं। इस लोकसभा सीट पर कायस्थों का दबदबा रहा है। जाहिर है ऐसे में कायस्थ मतदाताओं का वोट दोनों के बीच बंटेगा। इस स्थिति में यादव और राजपूत मतदाता निर्णायक हो सकते हैं। वहीं पाटलिपुत्र सीट से रामकृपाल यादव के सामने लालू यादव की बेटी मीसा भारती चुनावी मैदान में हैं।
बिहार के पटना की दोनों ही सीटों पर लोकसभा के आखिरी चरण 19 मई को मतदान होगा।
झारखंड में बोले अमित शाह, कांग्रेस के 55 साल पर मोदी के 5 साल भारी
झारखंड के पाकुड़ में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 55 साल पर मोदी के पांच साल भारी है। अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में थोड़ी गर्मी बढ़ती है तो राहुल बाबा छुट्टी मनाने विदेश चले जाते हैं। उनकी माता जी भी ढूंढ़ती रह जाती हैं कि बिटवा कहां गया।
अमित शाह ने कहा, मैं राहुल बाबा से कहना चाहता हूं कि आप अपने 55 साल का हिसाब लाइए और मैं अपने युवा कार्यकर्ताओं को मोदी जी के 5 साल के कामकाज का हिसाब लेकर भेजता हूं। मोदी जी के 5 साल के काम, आपके 55 साल के काम पर भारी पड़ेंगे।
अमित शाह ने कहा, देश के हर क्षेत्र में एक ही नारा सुनाई देता है, वो नारा है मोदी-मोदी। ये नारा किसी नेता की हौसला अफजाई में लगाया नारा नहीं है। सवा सौ करोड़ हिंदुस्तानी चाहते हैं कि मोदी जी फिर से देश के प्रधानमंत्री बनें। इसलिए, मोदी-मोदी का नारा लगा रहे हैं। पाकुड़ झारखंड के राजमहल लोकसभा सीट के तहत आता है। यहां 19 मई को वोटिंग होगी।