जैश और लश्कर ने ‘मिशन दिल्ली’ के लिए मिलाया हाथ
- आतंकी हमले के अलर्ट के बाद पूरे देश में सक्रिय हुई सुरक्षा एजेंसियां
- आतंकियों के पास से मिली चिट्ठी में थी ‘मिशन दिल्ली’ की चर्चा
- जैश-ए-मोहम्मद के ‘मिशन दिल्ली’ की विस्तार से चर्चा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते भारत में बड़े वारदात को अंजाम देने की आतंकवादियों की कोशिश दरअसल जैश-ए-मोहम्मद का ‘मिशन दिल्ली’ है। बीते शनिवार देर शाम पाकिस्तान सरकार की ओर से गुजरात में हमले की दी गई खुफिया सूचना की समीक्षा के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे देश में अपना जाल बिछा दिया है।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) और खुफिया एजेंसियों ने केंद्र सरकार को आगाह किया है कि जैश-ए-मोहम्मद लश्कर-ए-ताइबा के साथ मिलकर ‘मिशन दिल्ली’ को अंजाम देने पर आमादा है। मामले की गंभीरता के मद्देनजर सोमवार सुबह गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सुरक्षा समीक्षा की उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में खुफिया एजेंसी आईबी के निदेशक दिनेश्वर शर्मा ने गृहमंत्री और गृहसचिव को हालात की जानकारी दी। इससे पहले मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की चार टीमों को देश के अलग अलग हिस्सों के सामरिक लोकेशन पर तैनात किया गया है। बैठक में जैश के मिशन दिल्ली के बारे में विस्तार से समीक्षा की गई है।
उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक 2 जनवरी को पठानकोट में हुए जैश-ए-मोहम्मद के हमले में मारे गए आतंकियों के पास से एक चिट मिली थी। 25 दिसंबर को लिखी गई उस चिट्ठी में पठानकोट से पहले हुए कई आतंकी हमलों की जिम्मेदारी लेते हुए अगला निशाना दिल्ली को बनाने की चेतावनी दी गई है। 25 दिसंबर को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अफगानिस्तान से भारत लौटते समय अचानक लाहौर का अल्पकालीन दौरा कर पूरी दुनिया को चौंका दिया था।
दोनों देशों के एनएसए ‘मिशन दिल्ली’ को असफल बनाने के लिए कर रहे थे काम
सूत्रों ने बताया कि एनएसए की टीम उस चिट्ठी पर शुरू से ही काफी गंभीरता से काम कर रही है। एनएसए अजीत डोभाल ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष नसीर खान जंजुआ के साथ चिट्ठी की जानकारी साझा की थी। सूत्रों के मुताबिक उसी आधार पर पाकिस्तानी एजेंसियां भी खुफिया जानकारी इकट्ठा कर रही थीं।
इस रविवार को ‘अमर उजाला’ ने खबर छापी थी कि जंजुआ ने ‘मिशन दिल्ली’ की बात पुख्ता होते ही शनिवार को डोभाल को फोन पर उसकी जानकारी दी। इसी दौरान करीब 10 आतंकियों के समुद्र के रास्ते गुजरात में प्रवेश के प्रति अलर्ट किया गया था।
सूत्रों ने बताया कि दोनों एनएसए आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई पर ठोस काम कर रहे हैं। खुफिया जानकारी का आदान-प्रदान उसी मुहिम का हिस्सा है। पठानकोट हमले के बाद पाकिस्तान ने जैश प्रमुख मसूद अजहर को नजरबंद कर रखा है।