फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Lalu Yadav Family Tree: Rohini Acharya daughter of RJD Chief Lalu Prasad Yadav Rabri Devi RJD Tejashwi Yadav

Lalu Yadav Family: लालू की बेटी रोहिणी आचार्य चर्चा में, राजद प्रमुख के परिवार में किसका कैसा सियासी कद?

Mon, 17 Nov 2025 11:07 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Mon, 17 Nov 2025 11:07 AM IST
विज्ञापन
सार
Lalu Yadav Family Tree: बिहार की राजनीति में एक बार फिर लालू प्रसाद यादव और उनका परिवार चर्चा में है। दरअसल, लालू की बेटी रोहिणी यादव ने हाल ही में एलान किया था कि वे राजनीति और परिवार से नाता तोड़ रही हैं। इसके बाद उन्होंने भाई तेजस्वी यादव के करीबियों का नाम लेकर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया।
loader
Lalu Yadav Family Tree: Rohini Acharya daughter of RJD Chief Lalu Prasad Yadav Rabri Devi RJD Tejashwi Yadav
लालू प्रसाद यादव का परिवार। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बिहार में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की करारी हार के बाद लालू यादव के कुनबे में कलह शुरू हो गई है। लालू की बेटी रोहिणी आचार्य के पोस्ट के साथ शुरू हुई कलह रविवार को तब और बढ़ गई, जब उन्होंने भाई तेजस्वी यादव के करीबियों का नाम लेकर खुद को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं रोहिणी ने खुद पर चप्पल फेंके जाने का भी आरोप लगाया। साथ ही कहा कि उन्हें अपशब्द कहे गए और पिता को गंदी किडनी देने जैसी बातें भी सुनाई गईं। रोहिणी के घर छोड़ने के एक दिन बाद उनकी तीन और बहनें रागिनी, चंदा और राजलक्ष्मी बच्चों के साथ लालू का पटना स्थित घर छोड़कर दिल्ली पहुंच गईं। 


ऐसे में यह जानना अहम है कि आखिर रोहिणी आचार्य से जुड़ा मामला क्या है, जिसका प्रभाव लालू प्रसाद यादव से लेकर उनके दल- राजद तक पर पड़ा है? इस मामले में लालू परिवार के सदस्यों का क्या कहना है? यह जानना भी अहम है कि लालू प्रसाद यादव के परिवार में कौन-कौन है और करता क्या है? कितने सदस्य राजनीति में हैं? आइये जानते हैं...

पहले जानें- रोहिणी आचार्य से जुड़ा मामला क्या है?
14 नवंबर को बिहार चुनाव के नतीजे आने के बाद रोहिणी ने आरोप लगाया था कि उन्हें गालियां दी गईं। उन्होंने भाई तेजस्वी यादव और उनके सहयोगियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें चुनाव में राजद की हार के बाद गंदी कहा गया। रोहिणी के मुताबिक, उनसे कहा गया कि उन्होंने पिता (लालू प्रसाद यादव) को गंदी किडनी लगवा दी। अपने पोस्ट में रोहिणी ने दर्द जाहिर करते हुए कहा, "मुझसे कहा गया मैंने करोड़ों रुपये लिए, टिकट लिया, तब गंदी किडनी लगवाई।" रोहिणी ने तेजस्वी और उनके करीबी सहयोगियों संजय यादव और रमीज पर मायका छुड़वा देने का आरोप भी लगाया। 


 

रोहिणी आचार्य ने पटना एयरपोर्ट से निकलते समय दु:ख भरी आपबीती सुनाई थी।
रोहिणी आचार्य ने पटना एयरपोर्ट से निकलते समय दु:ख भरी आपबीती सुनाई थी। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
रोहिणी ने सोशल मीडिया पर अपनी पीड़ा जाहिर की। उन्होंने संजय यादव पर तंज कसते हुए लिखा कि सभी बेटी-बहन, जो शादीशुदा हैं, उन्हें बोलूंगी कि जब मायके में बेटा-भाई हो, तो भूलकर भी अपने भगवान रूपी पिता को नहीं बचाएं। अपने भाई, उस घर के बेटे को ही बोलें कि वह अपनी या अपने किसी हरियाणवी दोस्त की किडनी लगवा दे।

रोहिणी ने आगे लिखा, बहन-बेटियां अपना घर-परिवार देखें, माता-पिता की परवाह किए बिना अपने बच्चे, अपना काम, ससुराल देखें, अपने बारे में सोचें। मुझसे बड़ा गुनाह हो गया, मैंने अपना परिवार, तीनों बच्चों को नहीं देखा, किडनी देते वक्त न अपने पति, न ससुराल से अनुमति ली।

रोहिणी आचार्य के मामले में परिवार ने क्या कहा?
रोहिणी को लेकर उनके परिवार की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं की गई। न ही उनके भाई तेजस्वी यादव अब तक इस मामले पर मीडिया के सामने आए हैं। हालांकि, उनके भाई तेजप्रताप यादव ने जरूर इस मामले पर बयान दिया है। परिवार से बेदखल लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप ने कहा, जो हुआ उसने अंदर तक झकझोर दिया है...मेरे साथ जो हुआ, उसे तो मैंने सह लिया, पर बहन का अपमान बर्दाश्त से बाहर है। उन्होंने तेजस्वी के सहयोगियों पर निशाना साधते हुए चेतावनी दी, सुन लो, गद्दारों तुम हमारे परिवार को निशाना बनाओगे, तो जनता तुम्हें कभी माफ नहीं करेगी।"

तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव और रोहिणी आचार्य
तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव और रोहिणी आचार्य - फोटो : अमर उजाला प्रिंट

अब जानते हैं लालू प्रसाद यादव के पूरे परिवार के बारे में....


शुरुआत लालू प्रसाद यादव से करते हैं
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव का जन्म बिहार के गोपालगंज जिले में हुआ था। पिता का नाम कुंदन राय और माता का नाम मरछिया देवी था। लालू प्रसाद यादव कुल सात भाई-बहन थे। 
 
1. मंगरु यादव: लालू के भाई-बहनों में मंगरु यादव सबसे बड़े थे। इनका परिवार आज भी लालू यादव के पैतृक गांव फुलवरिया में बसा है। बिहार में हुए पिछले पंचायत चुनाव में मंगरु यादव की पुत्रवधू मुखिया पद की उम्मीदवार थीं। हालांकि, वे चुनाव हार गईं। 
 
2. गुलाब यादव: लालू के भाई-बहनों में गुलाब दूसरे नंबर पर आते हैं। गुलाब यादव के दो बेटे और चार बेटियां हैं। 2011 में 75 साल की उम्र में गुलाब यादव का निधन हो गया था। वह दमा और दिल की बीमारी से पीड़ित थे। गुलाब भी सक्रिय राजनीति में रहे थे। वह फुलवरिया प्रखंड के पूर्व प्रमुख भी रहे। 

3. मुकुंद यादव: कुंदन राय और मरछिया देवी के तीसरे बेटे मुकुंद यादव रहे। मुकुंद पशुपालन विभाग में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी थे। लालू यादव के साथ रह कर ही इन्होंने अपनी पढ़ाई की थी। मुकुंद के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। 2013 में 75 साल की उम्र में मुकुंद का भी निधन हो गया था। 
 
4. महावीर यादव: भाई-बहनों में महावीर यादव चौथे नंबर पर थे। ये भी अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनकी पत्नी का नाम गिरजा देवी था। महावीर यादव के तीन बेटे और दो बेटियां थीं।
 
5. गंगोत्री देवी: लालू की इकलौती बहन गंगोत्री देवी थीं। 2018 में गंगोत्री देवी का निधन दिल का दौरा पड़ने के कारण हुआ था। कहा जाता है कि छह भाइयों में अकेली बहन होने के कारण गंगोत्री सबकी लाडली रहीं। इनके पति का नाम जगधारी चौधरी था। 

 

6. लालू प्रसाद यादव: गंगोत्री के बाद लालू प्रसाद यादव का नंबर आता है। लालू का जन्म 1948 में गोपालगंज जिले में हुआ था। लालू के साथ-साथ पत्नी राबड़ी देवी भी बिहार की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। लालू प्रसाद यादव की सात बेटियां और दो बेटे हैं। बेटों का नाम तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव है। वहीं, बेटियों में मीसा भारती, रोहिणी आचार्य, चंदा सिंह, रागिनी यादव,  हेमा, अनुष्का और राज लक्ष्मी हैं। 
 
7. शुकदेव यादव: लालू के भाई-बहनों में शुकदेव यादव सबसे छोटे हैं। 


अब पढ़िए लालू के बच्चे क्या करते हैं? 
1. मीसा भारती: लालू और राबड़ी देवी के बच्चों में सबसे बड़ी मीसा भारती हैं। मीसा की शादी 1999 में सॉफ्टवेयर इंजीनियर शैलेश कुमार से हुई है। शैलेश अब खुद की कंपनी चलाते हैं। दोनों की दो बेटियां- दुर्गा, गौरी और एक बेटा है। उन्होंने महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की है। 2014 में मीसा ने पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, 2024 में वह  चुनाव जीत गईं और फिलहाल सांसद हैं। 

2. रोहिणी आचार्य:  रोहिणी आचार्य लालू की दूसरी बेटी हैं। रोहिणी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। खासतौर पर पिता और भाई के लिए सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव रहती हैं। रोहिणी को 2024 के लोकसभा चुनाव में सारण से चुनाव लड़ाया गया था, हालांकि वे यहां से हार गई थीं। 

रोहिणी आचार्य 2022 में अपने पिता लालू यादव को किडनी देकर चर्चा में आई थीं। रोहिणी सिंगापुर में अपने परिवार के साथ रहती हैं। लेकिन चुनाव के बाद भारत आ गई थीं। रोहिणी की शादी 2002 में राव समरेश सिंह के साथ हुई है। समरेश भी कंप्यूटर इंजीनियर हैं। दोनों के तीन बच्चे हैं।

3. चंदा: लालू-राबड़ी की तीसरी बेटी चंदा भी काफी पढ़ी-लिखी हैं। चंदा ने पिता की तरह एलएलबी की पढ़ाई की है। चंदा की शादी 2006 में फ्लाइट पायलट विक्रम सिंह से हुई है। दोनों का एक बेटा है।



 

4. रागिनी यादव: लालू-राबड़ी की चौथी बेटी रागिनी यादव हैं। रागिनी इंटर पास हैं। उन्होंने 12वीं के बाद रांची के बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से बीटेक करने के लिए एडमिशन लिया था। हालांकि, वह पढ़ाई पूरी नहीं कर पाईं। रागिनी की शादी 2012 में समाजवादी पार्टी के नेता जितेंद्र यादव के बेटे राहुल यादव से हुई।

5. हेमा यादव: लालू की पांचवी बेटी का नाम हेमा यादव है। हेमा ने बीआईटी कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई की है। हेमा का दाखिला मुख्यमंत्री कोटे से हुआ था। हेमा की शादी विनीत यादव से हुई है। विनीत भी सक्रिय राजनीति में हैं।

6. धन्नु उर्फ अनुष्का राव: लालू-राबड़ी की छठवीं बेटी धन्नु उर्फ अनुष्का राव हैं। अनुष्का की शादी हरियाणा सरकार में मंत्री रहे अजय सिंह यादव के बेटे चिरंजीव राव के साथ हुई है। चिरंजीव का परिवार अभी भी हरियाणा में सक्रिय राजनीति में है। अनुष्का ने इंटीरियर डिजाइनिंग का कोर्स किया है।

7. राजलक्ष्मी यादव: लालू यादव-राबड़ी की सबसे छोटी बेटी राजलक्ष्मी यादव हैं। राजलक्ष्मी की शादी समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पोते तेज प्रताप यादव से हुई है। तेज प्रताप भी सक्रिय राजनीति में हैं। सांसद भी रह चुके हैं। वहीं, राजलक्ष्मी ने स्नातक की पढ़ाई की है।

8. तेज प्रताप: भाइयों में सबसे बड़े तेज प्रताप ही हैं। तेज प्रताप ने इंटर तक की पढ़ाई की है। इनका जन्म 16 अप्रैल 1988 में हुआ था। तेज प्रताप बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। तेज प्रताप वर्तमान में चुनाव लड़े थे, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2015 के विधानसभा चुनाव में तेज प्रताप महुआ विधानसभा सीट से जीतकर पहली बार विधायक बने थे।

9. तेजस्वी यादव: सबसे छोटे तेजस्वी यादव दो बार बिहार के उप-मुख्यमंत्री रह चुके हैं। राजनीति में आने से पहले तेजस्वी क्रिकेट खेलते थे। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड का प्रतिनिधित्व भी किया है। तेजस्वी नौवीं पास और स्कूल ड्रॉपआउट हैं। कहते हैं कि क्रिकेट में करियर बनाने के लिए उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी थी। तेजस्वी आईपीएल टीम दिल्ली डेयरडेविल्स का भी हिस्सा रह चुके हैं।  वह बिहार विधानसभा में राघोपुर से विधायक हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed