फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   KSRTC to revert to khaki uniform for employees todaye news and updates in hindi

News Update: KSRTC अपने कर्मचारियों के लिए खाकी वर्दी में वापसी करेगा, ओडिशा शीतकालीन सत्र में हंगामे के आसार

Tue, 21 Nov 2023 02:48 AM IST
यशोधन शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: यशोधन शर्मा Updated Tue, 21 Nov 2023 02:48 AM IST
सार

केएसआरटीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि खाकी वर्दी के लिए कपड़ा प्रतीक चिन्ह के साथ कर्मचारियों को सौंपा जाएगा। अधिकारी ने कहा कि इस महीने के अंत तक इसके लागू होने की उम्मीद है। 

विज्ञापन
KSRTC to revert to khaki uniform for employees todaye news and updates in hindi
National News - फोटो : Social Media

विस्तार

केरल सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) ने अपने कर्मचारियों के लिए मौजूदा नीले रंग की जगह खाकी वर्दी में वापस लौटने का फैसला किया है। राज्य संचालित परिवहन निगम, जिसने 16 नवंबर को इस संबंध में एक आदेश जारी किया था, आठ साल के अंतराल के बाद अपनी पुरानी वर्दी में वापस आ रहा है। 

विज्ञापन


आदेश में कहा गया है कि यह निर्णय कर्मचारी संघों के सदस्यों के बीच हुई चर्चा के आधार पर लिया गया है। इसमें कहा गया है कि कंडक्टरों और ड्राइवरों की वर्दी खाकी कर दी गई है। 
विज्ञापन


इसमें कहा गया है कि पुरुष जेब पर केएसआरटीसी प्रतीक के साथ खाकी पतलून और आधी आस्तीन वाली शर्ट पहनेंगे, जबकि महिलाएं चूड़ीदार और बिना आस्तीन का ओवरकोट पहनेंगी। कर्मचारियों को अपने स्थायी कर्मचारी नंबर के साथ अपना नाम टैग लगाना होगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन


केएसआरटीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि खाकी वर्दी के लिए कपड़ा प्रतीक चिन्ह के साथ कर्मचारियों को सौंपा जाएगा। अधिकारी ने कहा कि इस महीने के अंत तक इसके लागू होने की उम्मीद है। 

आदेश में यह भी कहा गया है कि स्टेशन मास्टरों, वाहन पर्यवेक्षकों और चार्जमैनों को भी खाकी पतलून और आधी आस्तीन वाली शर्ट मिलेंगी, जिनके कंधे के फ्लैप पर श्रेणी अंकित होगी। वाहन निरीक्षकों के पास नेम टैग वाला खाकी सफारी सूट होगा। 

ओडिशा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में हंगामे की संभावना

ओडिशा में विपक्षी भाजपा और कांग्रेस मंगलवार से शुरू होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र में गैर-एसटी लोगों को आदिवासी भूमि हस्तांतरण को एक प्रमुख मुद्दा बनाएगी।

राज्य मंत्रिमंडल ने 14 नवंबर को एक कानून में संशोधन करने का फैसला किया था, जिससे अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लोगों को राज्य सरकार की अनुमति से अपनी जमीन गैर-आदिवासियों को हस्तांतरित करने की अनुमति मिल गई थी। हालांकि, सरकार ने दो दिन बाद निर्णय रोक दिया।

विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक मोहन माझी ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि पार्टी इस मुद्दे को सदन में उठाएगी और प्रस्तावित कानून को वापस लेने की मांग करेगी।

उन्होंने इस कदम को आदिवासी विरोधी करार देते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने एसटी लोगों को भूमिहीन बनाने के लिए आदिवासियों की जमीन माफियाओं, व्यापारियों और ठेकेदारों को हस्तांतरित करने की साजिश रची है।

माझी ने कहा, 'अगर सरकार प्रस्तावित कानून वापस नहीं लेती है तो हम राज्य भर में प्रदर्शन करेंगे।'

कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता नरसिंह मिश्रा ने कहा कि उनकी पार्टी विधानसभा में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, मूल्य वृद्धि और "बिगड़ती" कानून व्यवस्था के अलावा आदिवासी भूमि का मुद्दा उठाएगी। सरकारी मुख्य सचेतक प्रशांत मुदलुई ने कहा कि बीजद विधायक दल की बैठक मंगलवार सुबह होगी जहां शीतकालीन सत्र के लिए रणनीति तैयार की जाएगी.

बीमारी  ठीक करने के नाम पर 14.5 लाख की ठगी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

मुंबई में एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मुंबई अपराध शाखा ने एक व्यक्ति से कथित तौर पर 14.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

अधिकारी ने कहा कि जांच में पता चला है कि गिरोह ने यूनानी और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों का उपयोग करके ट्यूमर सहित उनकी बीमारियों को ठीक करने का वादा करके कम से कम छह लोगों से कई लाख रुपये की ठगी की थी।

उन्होंने बताया कि जांच तब शुरू हुई जब एक 61 वर्षीय व्यक्ति ने मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में संपर्क किया। पीड़ित ने बताया कि चार लोगों ने उसकी बीमारियों के इलाज का वादा करके उससे 14.50 लाख रुपये ले लिए। आरोपियों में से एक ने खुद को यूनानी और आयुर्वेदिक डॉक्टर बताया था।

उन्होंने कहा, 'क्राइम ब्रांच यूनिट III की टीम ने चारों की पहचान की और पाया कि वे राजस्थान के रहने वाले हैं। एक टीम गुप्त सूचना पर नासिक के मालेगांव गई और मुख्य आरोपी मोहम्मद शेरू शेख मकसूद और तीन अन्य को पकड़ लिया'।

यात्री ने नशे में एयर होस्टेस से की बदसलूकी, गिरफ्तार
बंगलूरू। जयपुर से बंगलूरू जा रहे इंडिगो के विमान में यात्री ने एयर होस्टेस के साथ बदसलूकी की। शिकायत के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी यात्री की पहचान राजस्थान के सीकर निवासी रणधीर सिंह (33) के रूप में हुई है।

इंडिगो के मुताबिक, शुक्रवार को यात्रा के दौरान रणधीर शराब के नशे में था। कई बार मना करने के बावजूद वह एयर होस्टेस का हाथ पकड़ा। यात्रियों ने इसकी सूचना फ्लाइट क्रू को दी। बंगलूरू एयरपोर्ट पर केबिन क्रू ने रणधीर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। इंडिगो के अधिकारी वरुण कुमार ने शनिवार को एयरपोर्ट पुलिस में मामला दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने रविवार को रणधीर को गिरफ्तार कर लिया।  
 

गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद मुरुघा संत शिवमूर्ति की रिहाई का आदेश
कर्नाटक हाईकोर्ट ने सोमवार को जेल अधिकारियों को चित्रदुर्ग मुरुघाराजेंद्र बृहन मठ के महंत शिवमूर्ति शरण को तुरंत रिहा करने का निर्देश दिया। महंत को सोमवार को ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

चित्रदुर्ग में द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बीके कोमला ने महंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। पुलिस को महंत शिवमूर्ति शरण को मंगलवार तक अदालत में पेश करने का आदेश दिया था। महंत के खिलाफ बच्चों का यौन अपराधों से संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत दर्ज दूसरे मामले में यह वारंट जारी किया गया था। महंत दो मामलों में से पहले में एक सितंबर, 2022 से हिरासत में थे। इसमें हाईकोर्ट ने उन्हें आठ नवंबर को जमानत दे दी थी। इसके बाद उन्हें 16 नवंबर को यहां जेल से रिहा कर दिया गया था।

महंत के वकील ने शाम को न्यायमूर्ति सूरज गोविंदराज की पीठ के समक्ष गिरफ्तारी को चुनौती दी। अदालत को सूचित किया कि विशेष लोक अभियोजक ने अदालत के समक्ष ज्ञापन दायर कर संत के खिलाफ गैर जमानती वारंट की मांग की थी। ज्ञापन में कहा गया कि उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंस से पेश होने की इजाजत देने वाला उच्च न्यायालय का कोई आदेश नहीं था।  
 
मुंबई में रिश्वतखोरी में नौसेना का मेडिकल नाविक गिरफ्तार
सीबीआई ने सोमवार को रिश्वतखोरी में मुंबई के कोलाबा में भारतीय नौसेना अस्पताल स्टेशन (अश्विनी अस्पताल) में काम करने वाले मेडिकल नाविक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजू एच अरलीकट्टी के रूप में हुई है।

नाविक और अज्ञात अन्य लोक सेवकों के खिलाफ एक शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। आरोप के मुताबिक, आरोपी अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण की सकारात्मक रिपोर्ट देने के लिए अनुचित लाभ की मांग कर रहा था। लिखित और फिजिकल टेस्ट में सफल हुए रक्षा अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच आईएनएचएस अश्विनी अस्पताल में चल रही थी। आरोपी ने 30 हजार की मांग की और यूपीआई से पैसा भेजने को कहा।  

केरल : सरकारी ऑफिस में प्रार्थना करवाने वाली अधिकारी निलंबित
केरल के एक सरकारी कार्यालय में नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने के लिए प्रार्थना करवाने वाली अधिकारी केए बिंदू को विभागीय जांच के बाद निलंबित कर दिया गया। बिंदू ने कहा, मैं छुट्टी के बाद ऑफिस आई, तो मुझे निलंबन आदेश मिला। सूत्रों ने कहा कि त्रिशूर जिला बाल संरक्षण अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई उनकी बात सुने बिना की गई है। बिंदू के मुताबिक, प्रार्थना कार्यालय का समय खत्म होने के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे हुई थी और इससे विभाग का कामकाज किसी भी तरह प्रभावित नहीं हुआ था।  
 
बंगाल : फ्लैट में मिले एक ही परिवार के चार लोगों के शव
 बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में खरदाह इलाके में एमएस मुखर्जी रोड स्थित बंद अपार्टमेंट में एक परिवार के चार सदस्यों के क्षत-विक्षत शव मिले हैं। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें व्यक्ति ने दावा किया गया है कि उसकी पत्नी का विवाहेतर संबंध था। इसलिए उसने यह कदम उठाया। एक व्यक्ति का शव छत से लटका हुआ पाया गया था, जबकि तीन अन्य शव फ्लैट में अलग-अलग स्थानों पर थे।  
 
 
म्यांमार के 75 सैनिकों, पांच हजार लोगों को वापस भेजा
मिजोरम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनिल शुक्ला ने सोमवार को बताया कि अब तक म्यांमार के 75 सैनिकों सहित करीब 5 हजार लोगों को वापस म्यांमार भेजा जा चुका है। अक्तूबर के आखिरी सप्ताह में म्यांमार में सेना और पब्लिक डिफेंस फोर्स (पीडीएफ) के बीच शुरू हुए संघर्ष में भारतीय सीमा से लगे चिन राज्य में म्यांमार की सेना जब हारने लगी, तो करीब 75 सैनिक भारतीय सीमा में घुस आए थे, जिन्हें वापस भेज दिया गया है। इसके अलावा 5 हजार से ज्यादा शरणार्थी भी भारतीय सीमा में आए, जिनमें से ज्यादातर को वापस भेजा जा चुका है।

शुक्ला ने बताया कि म्यांमार की सेना और पीडीएफ के बीच जारी संघर्ष में भारतीय सीमा के भीतर किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। बीएसएफ, सेना, मिजोरम पुलिस व असम राइफल्स मिलकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं। शुक्ला ने राज्य के हालात पर चर्चा करते हुए कहा कि तनाव के बावजूद हालात नियंत्रण में हैं।  

 ब्रिटेन ने 35 मछुआरे भारत को सौंपे, लगाया 26 लाख का जुर्माना
तिरुवनंतपुरम। ब्रिटिश जलक्षेत्र में मछली पकड़ने गए तमिलनाडु के 35 मछुआरों को सोमवार को सैनिकों ने भारतीय तट रक्षकों को सौंप दिया। ये लोग लगभग डेढ़ माह पहले हिंद महासागर में ब्रिटिश हिंद महासागर क्षेत्र (बीआईओटी) के पास से गिरफ्तार किए गए थे, जिसके बाद इन पर मुकदमा चला और 25,000 पाउंड (लगभग 26 लाख रुपये) का जुर्माना लगाया गया।  

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा गया है कि मछुआरे बीआईओटी के पास लगभग 230 मील गहरे समुद्र में मछली पकड़ने गए थे। बीआईओटी 58 द्वीपों का द्वीपसमूह है, जो 640,000 वर्ग किमी महासागर को कवर करता है। यह ब्रिटिश विदेशी क्षेत्र है, जो पूर्वी अफ्रीका और इंडोनेशिया के बीच स्थित है।  
 
कोलकाता में अमित शाह की रैली के लिए पुलिस को देनी चाहिए इजाजत : हाईकोर्ट
कोलकाता। कलकत्ता हाईकोर्ट ने पुलिस प्रशासन को 29 नवंबर को कोलकाता में एक जनसभा के लिए भाजपा को इजाजत देने को कहा है। जनसभा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करने वाले हैं।

भाजपा ने कोलकाता के मध्य में एस्प्लेनेड में जनसभा करने की अनुमति देने के लिए पुलिस को निर्देश देने की मांग करते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। पार्टी ने याचिका में दावा किया कि अधिकारियों ने दो बार इजाजत देने से इन्कार किया। जस्टिस राजशेखर मंथा की पीठ ने कहा कि हमारा देश स्वतंत्र है। ऐसे में प्रशासन को उक्त तिथि पर जनसभा करने की इजाजत देनी चाहिए। पीठ ने पुलिस की अनुमति से इन्कार के औचित्य पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस जनसभा करने के लिए कुछ शर्तें लगा सकती है, लेकिन वह इन्कार के लिए कोई वैध कारण बताए बिना अनुमति देने से मना नहीं कर सकती। पीठ बुधवार को फिर से मामले पर सुनवाई करेगी। याचिकाकर्ता के वकील श्रीजीब चक्रवर्ती ने दावा किया कि भाजपा ने दो बार आवेदन भेजा, लेकिन अनुमति नहीं दी गई।  
 
पीएम मोदी की मौजूदगी में कोलकाता में एक लाख लोग करेंगे गीता पाठ
कोलकाता। प.बंगाल में 24 दिसंबर को भव्य गीता पाठ का आयोजन हो रहा है, जिसमें एक लाख लोग एकसाथ गीता के श्लोकों का पाठ करेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी हिस्सा लेने की संभावना है। सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमने पीएम मोदी को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है और उन्होंने हमारा निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।  


इंफाल : वायुसेना ने यूएफओ की तलाश में भेजे दो राफेल
इंफाल हवाई अड्डे के पास दिखे यूएफओ की तलाश में भारतीय वायुसेना ने दो राफेल भेजे हैं। हालांकि,  कुछ खास जानकारी नहीं मिली है। हवाई अड्डे के पास रविवार दोपहर करीब ढाई बजे संदिग्ध वस्तु उड़ती दिखी थी। अत्याधुनिक सेंसर से युक्त राफेल ने उस जगह काफी नीची उड़ान भरते हुए यूएफओ का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कुछ नहीं मिला। एजेंसियां हरसंभव छानबीन में लगी हैं।  
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed