KIIT Suicide Case: नेपाल दूतावास के अधिकारियों से ओडिशा के सीएम ने की बात, कहा- छात्रा को मिलेगा न्याय
सीएम मोहन चरण माझी ने अधिकारियों को आश्वासन दिया कि छात्रा प्रकृति को न्याय मिलेगा। केआईआईटी परिसर में शांति और सामान्य स्थिति बहाल की जाएगी। मुख्यमंत्री ने नेपाली छात्रों से परिसर में लौटने और अपनी पढ़ाई फिर से शुरू करने के लिए कहा। केआईआईटी में सामान्य स्थिति की बहाली के लिए नेपाल के अधिकारियों के साथ राज्य अतिथि गृह में चर्चा हुई।
विस्तार
ओडिशा में कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी’ (केआईआईटी) में नेपाली छात्रा के आत्महत्या करने और संस्थान से नेपाली छात्रों को बाहर निकाले जाने के बाद नेपाल सरकार बेहद सतर्क है। बुधवार को नेपाल दूतावास के अधिकारियों ने ओडिशा के मंत्री के साथ बैठक की। सीएम मोहन चरण माझी ने भी अधिकारियों से बात की। उन्होंने कहा कि छात्रा प्रकृति को न्याय मिलेगा।
ओडिशा में एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की बीटेक तृतीय वर्ष की नेपाली छात्रा प्रकृति लामसाल ने अपने छात्रावास में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। संस्थान में तनाव के बाद सोमवार को नेपाल के छात्रों के एक समूह को परिसर से बाहर निकाल दिया गया था। इसके बाद नेपाल के पीएम ने सख्ती जताई थी। बुधवार को भारत में नेपाली दूतावास के काउंसलर संजीव शर्मा दास और नबीन राज अधिकारी ने ओडिशा के मंत्री मुकेश महालिंग और सूर्यवंशी सूरज के साथ बैठक की। ओडिशा के सीएम ने भी दोनों अधिकारियों से बात की।
सीएम कार्यालय के मुताबिक सीएम मोहन चरण माझी ने अधिकारियों को आश्वासन दिया कि छात्रा प्रकृति को न्याय मिलेगा। केआईआईटी परिसर में शांति और सामान्य स्थिति बहाल की जाएगी। मुख्यमंत्री ने नेपाली छात्रों से परिसर में लौटने और अपनी पढ़ाई फिर से शुरू करने के लिए कहा। केआईआईटी में सामान्य स्थिति की बहाली के लिए नेपाल के अधिकारियों के साथ राज्य अतिथि गृह में चर्चा हुई। इसमें मंत्री मुकेश महालिंग और सूर्यवंशी सूरज के साथ-साथ मुख्य सचिव मनोज आहूजा भी शामिल हुए। नेपाल की विदेश मंत्री डॉ. आरज़ू राणा देउबा ने भी मंत्री सूर्यवंशी सूरज से फोन पर बात की।
ओडिशा के मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि हमने नेपाली प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। हमने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह हमारे राज्य की बेटी थी। हम उसे बाहरी नहीं मानते। हमने नेपाल के विदेश मंत्री से भी बात की और उन्होंने हमारे द्वारा उठाए गए कदमों पर संतोष व्यक्त किया। हम नेपाली विद्यार्थियों के माता-पिता और छात्रों का विश्वास जीतने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी करेंगे। पुलिस जांच कर रही है। सरकार ने एक उच्च स्तरीय समिति गठित की है। मुआवजे पर चर्चा की जा रही है।
क्या है मामला?
ओडिशा में एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की बीटेक तृतीय वर्ष की नेपाली छात्रा ने अपने छात्रावास में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। संस्थान में तनाव के बाद सोमवार को नेपाल के छात्रों के एक समूह को परिसर से बाहर निकाल दिया गया। छात्रा की पहचान नेपाल की प्रकृति लामसाल के रूप में हुई है। ‘कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी’ (केआईआईटी) के रजिस्ट्रार ने बताया कि लामसाल संस्थान में बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा थी। छात्रा के आत्महत्या करने के बाद परिसर में स्थिति बिगड़ने पर केआईआईटी अधिकारियों ने कुछ नेपाली छात्रों को छात्रावास से कथित तौर पर निकाल दिया और उनकी यात्रा की कोई व्यवस्था किए बिना उन्हें कटक रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया। मामले में नेपाल के प्रधानमंत्री ने दखल दी। इसके बाद छात्रों को वापस बुलाया गया।
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.