Khalistan: कनाडा से खालिस्तानी आतंकियों ने बनाया 'ऑपरेशन 21', निशाने पर इन यूरोपीय देशों में भारतीय दूतावास
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
कनाडा के कुछ शहरों से दुनिया के अलग-अलग देशों में भारत के खिलाफ एक बड़ी साजिश रची जा रही है। इस साजिश का नाम खालिस्तानी आतंकियों ने 'ऑपरेशन 21' रखा है। इस साजिश के तहत जो घटना अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को के वाणिज्य दूतावास में हुई, वहीं ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और यूरोपीय देशों समेत दुनिया के कई जगहों पर ऐसी ही घटनाओं को अंजाम दिए जाने की योजना बनाई गई है। इस साजिश के पीछे दुनिया के अलग-अलग मुल्कों में खालिस्तानी समर्थकों को इकट्ठा करने की साजिश रचने वाला सिख फॉर जस्टिस का आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू है। पन्नू ने ही कनाडा से दुनियाभर में फैले भारतीय दूतावासों में न सिर्फ प्रदर्शन करने की योजना बनाई, बल्कि एक बड़ी साजिश के तहत 'किल इंडिया' नाम की मुहिम का भी आगाज किया है। फिलहाल पूरे मामले में खुफिया एजेंसियों ने आगे की रणनीति पर काम करते हुए खालिस्तानी समर्थकों के मंसूबों को नाकाम करने की योजना बनाई है।
यह भी पढ़ें: Canada: खालिस्तानियों ने भारतीय राजनयिकों को दी धमकी, लगाए पोस्टर, भारत ने कनाडा उच्चायुक्त को भेजा समन
गुरपतवंत सिंह पन्नू ने तैयार किया देश विरोधी "ऑपरेशन 21"
खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कनाडा में रह रहे गुरपतवंत सिंह पन्नू लगातार देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होता रहा है। सिख फॉर जस्टिस के मुखिया के तौर पर पन्नू ने कनाडा, अमेरिका, आस्ट्रेलिया, जर्मनी, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड समेत यूरोपीय देशों में पाकिस्तान की आईएसआई की मदद के साथ देश के विरोध में साजिशें रचनी शुरू की। 'ऑपरेशन 21' की शुरुआत गुरपतवंत सिंह पन्नू ने 30 जून को की। इस ऑपरेशन के तहत पन्नू ने दुनिया के अलग-अलग देशों में फैले खालिस्तानी समर्थकों को इक्कीस-इक्कीस लोगों के समूह बनाने का हुक्म दिया। खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पन्नू ने इस दौरान इन सभी इक्कीस-इक्कीस लोगों के समूह को भारत के दूतावासों के बाहर प्रदर्शन करने के साथ-साथ खतरनाक साजिशों को अंजाम देने की रणनीति भी बनाई।
खालिस्तान समर्थकों का 'किल इंडिया' मिशन
खुफिया एजेंसियों से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं कि कनाडा में बैठे खालिस्तानी आतंकियों ने न सिर्फ ऑपरेशन 21 को लॉन्च किया बल्कि 'किल इंडिया' मिशन के माध्यम से माहौल खराब करने के लिए पोस्टर वॉर की भी तैयारी शुरू की। खुफिया सूत्रों के इनपुट के मुताबिक किल इंडिया पोस्टर वॉर से आतंकी संगठनों ने खालिस्तानी आतंकी सरगना हरदीप निज्जर की हत्या के बदले के तौर पर साजिशें रचनी शुरू की। खुफिया जानकारी के मुताबिक अंडरग्राउंड हुए कनाडा में रह रहे आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने निज्जर की हत्या के बाद टोरंटो में एक अहम बैठक की थी। इस बैठक में निज्जर की हत्या का बदला लेने के लिए भारत के खिलाफ साजिशों की पूरी रणनीति तैयार की गई। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में ही तय हुआ कि कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, इंग्लैंड, जर्मनी, फ्रांस और न्यूजीलैंड समेत दुनिया के कई अलग-अलग देशों में भारत के खिलाफ अभियान चलाकर न सिर्फ माहौल बिगाड़ा जाए बल्कि दूतावासों पर उग्र प्रदर्शन किया जाए।
आईएसआई ने तैयार कराया यह मिशन
कनाडा में भारत के खिलाफ तैयार की जा रही मुहिम में पाकिस्तान की आईएसआई ने भी अपनी साजिशों को अंजाम दिया है। खुफिया एजेंसियों से जुड़े सूत्रों का कहना है कि कनाडा में रह रहे खालिस्तान समर्थकों और आतंकी संगठन से जुड़े लोगों को आईएसआई ने न सिर्फ फंड के स्तर पर बल्कि हथियारों की आपूर्ति करके भी भारत के खिलाफ माहौल तैयार करने में मदद का भरोसा दिलाया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आईएसआई और खालिस्तानी आतंकी संगठनों के गठजोड़ की साजिश का पर्दाफाश भी हुआ। सूत्रों के मुताबिक निज्झर की हत्या के बाद जब सिख फॉर जस्टिस के गुरपतवंत सिंह पन्नू ने टोरंटो में बड़ी बैठक बुलाई, तो इस बैठक में आईएसआई से जुड़े लोग भी शामिल थे। इस बैठक में तय हुआ कि 'किल इंडिया' नाम की एक मुहिम भी भारत के खिलाफ शुरू की जाए, जिसे ऑनलाइन और ऑफलाइन सभी माध्यमों से माहौल खराब करने के लिए आगे बढ़ाया जाए।
इन तीन संगठनों ने बनाई बड़ी योजना
सूत्रों के मुताबिक कनाडा में भारत में खिलाफ माहौल खराब करने के लिए सिख फॉर जस्टिस समेत खालिस्तान टाइगर फोर्स और बब्बर खालसा इंटरनेशनल ने बड़ी साजिशें रचनी शुरू की। जानकारी के मुताबिक सिख फॉर जस्टिस के गुरपतवंत सिंह पन्नू, बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकी लखबीर सिंह संधू उर्फ लाडा समेत खालिस्तान टाइगर फोर्स के अर्दीशप सिंह गिल उर्फ अर्श डल्ला ने मिलकर कनाडा के टोरंटो में खालिस्तान फ्रीडम रैली के आयोजन की योजना बनाई। इस रैली के पीछे की योजना तो हरजीत सिंह निज्जर की हत्या के विरोध में प्रदर्शन था। लेकिन खुफिया सूत्रों की जानकारी के मुताबिक आईएसआई इन तीन प्रमुख आतंकी संगठनों ने "किल इंडिया" के तहत पूरे माहौल को दहशत में करने की तैयारी की है। फिलहाल कनाडा की सरकार ने भारत विरोधी ऐसे किसी आयोजन की अनुमति न दिए जाने की बात कही है।