Karnataka: भारी वर्षा से बेंगलुरु में सड़कें डूबीं, खफा लोग बोले- घटिया निकासी से हर साल की मुसीबत
कोरमंगला सहित बेंगलुरु के कई हिस्सों में जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम हो गया और लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। एक ने कहा कि भारी बारिश के कारण जलजमाव वाहन चलाना बहुत मुश्किल हो गया। भारी बारिश के बीच बेंगलुरु के विभिन्न हिस्सों में लंबे समय तक यातायात बाधित रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश के हाईटेक शहर बेंगलुरु में एक बार फिर भारी वर्षा के बाद सड़कें पानी में डूब गईं। लोगों को आवाजाही में भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। नाराज लोगों ने कहा कि शहर के घटिया ड्रेनेज सिस्टम की वजह से हर साल यह मुसीबत आती है।
कोरमंगला सहित बेंगलुरु के कई हिस्सों में जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम हो गया और लोगों का सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। स्थानीय लोगों में से एक ने कहा कि भारी बारिश के कारण जलजमाव हो गया है और वाहन चलाना बहुत मुश्किल हो गया।
एक नागरिक ने बताया कि आज सुबह जागे तो भारी बारिश हो रही थी और जलजमाव शुरू हो गया था। सड़कों पर डिवाइडर तक पानी जमा हो गया था। इसके बाद हमने तलघरों में भरा पानी पंपों से निकालना शुरू किया। एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि शहर के घटिया ड्रेनेज सिस्टम के कारण हर साल ऐसे हालात बनते हैं और हमें पंपों से पानी निकालना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि जब सड़कें बनाई गईं तो ड्रेनेज सिस्टम को अच्छे से नहीं बनाया गया। इसके कारण कई परेशानियां आती हैं। महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को आवाजाही में भारी परेशानी आती है। सड़कें तो बनाई जा रही हैं, लेकिन ड्रेनेज को अच्छे से तैयार नहीं किया जा रहा है। कई महिलाएं फिसलकर पानी में गिर चुकी हैं।
सीएम बोम्मई ने कही यह बात
मामले में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि बेंगलुरु में भारी बारिश हुई है। मैंने बेंगलुरु नगर निगम के आयुक्त और अन्य अधिकारियों से बात की है। मैंने अधिकारियों से कहा है कि शहर में महादेवपुरा तथा बोम्मनहल्ली क्षेत्रों में एसडीआरएफ के दो दलों को तैनात करने को कहा है। इससे पहले जुलाई में भी कर्नाटक में बारिश के कारण भारी बाढ़ आई थी। इसके बाद राहत व बचाव अभियान चलाना पड़ा था। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को केंद्र से आर्थिक मदद लेना पड़ी थी।
#WATCH | Karnataka: Long traffic snarls in various parts of Bengaluru amid heavy rainfall#BengaluruRain pic.twitter.com/YRmVISuirC
— ANI (@ANI) September 5, 2022
ट्रैक्टर से पहुंच स्कूल-दफ्तर, आईटी कंपनियों का कामकाज प्रभावित
राहत कार्यों के लिए नौकाओं तथा ट्रैक्टरों को लगाना पड़ा। लोगों ने ट्विटर पर अपनी नाराजगी जाहिर की। जानेमाने आईटी उद्यमी मोहन दास पई ने भी ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा, ‘कृपया बेंगलुरु को देखिए।’ कुछ इलाकों में जलभराव की ऐसी स्थिति है कि सुबह के समय छात्रों और दफ्तर जाने वालों को निकालने के लिए नौकाओं व ट्रैक्टरों का इस्तेमाल करना पड़ा। बारिश और जलभराव की वजह से कई आईटी कंपनियों का कामकाज भी प्रभावित हुआ।
आईटी कंपनियों को 225 करोड़ के नुकसान की भरपाई का आश्वासन
एक अनुमान के मुताबिक भारी बारिश की वजह से बेंगलुरु में आईटी कंपनियों को करीब 225 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने आईटी कंपनियों को आश्वस्त किया है कि भारी बारिश और जल-जमाव से हुए 225 करोड़ के नुकसान पर वह बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार इस नुकसान की भरपाई करेगी। हालांकि मुख्यमंत्री बोम्मई ने सोमवार रात में ही भारी बारिश की वजह से बेंगलुरु में बने हालात से निपटने के लिए अलग से 300 करोड़ रुपये जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। हालांकि राज्य सरकार की ओर से पूरे राज्य बाढ़ के हालात से निपटने के लिए कुल 600 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
अगले चार दिनों तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
मौसम विभाग के अनुसार बंगलूरू के शहरी जिले में रविवार को 28.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। यह समान्य से 368 फीसदी अधिक था। पुणे स्थित मौसम दफ्तर के मुताबिक बारिश का यह सिलसिला शुक्रवार तक जारी रहेगा। शनिवार से इसमें गिरावट दर्ज की जाएगी।