फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   karnataka Congress MLAs return to party

कर्नाटक में कांग्रेस के लिए राहत, पार्टी में वापस लौटे नाराज विधायक

Thu, 17 Jan 2019 10:24 PM IST
आसिम खान भाषा, बेंगलुरु
भाषा, बेंगलुरु Published by: आसिम खान Updated Thu, 17 Jan 2019 10:24 PM IST
विज्ञापन
karnataka Congress MLAs return to party

कांग्रेस विधायक दल की शुक्रवार को यहां होने वाली विधायक दल की अहम बैठक से पहले कई कांग्रेस विधायक पार्टी में लौट आए जिससे एचडी कुमारस्वामी नीत गठबंधन सरकार के लिए संकट के टलने की उम्मीद जगी है। इन विधायकों पर कथित तौर पर भाजपा की नजर थी। कांग्रेस ने पार्टी के अंदर असंतोष थामने की कोशिश तेज कर दी हैं। उधर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा यहां पहुंचे और उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सरकार को गिराने के किसी भी अभियान में शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के विधायक भी गुरुग्राम से लौट रहे हैं जहां वे कुछ दिनों से ठहरे हुए थे।

विज्ञापन


सरकार को अस्थिर करने की ‘व्यर्थ कोशिश’ करने को लेकर भाजपा पर हमला करते हुए कुमारस्वामी ने उसपर अपने विधायकों को गुरूग्राम के एक होटल में ‘बंधक बना कर’ रखने का आरोप लगाया। सरकार गठन के अपने प्रयास के तहत कांग्रेस विधायकों को फुसलाने की भाजपा की कथित कोशिशों की खबरों से पैदा राजनीतिक उथल-पुथल से जूझ रहे कुमारस्वामी ने भगवा पार्टी के इस आरोप को खारिज कर दिया कि वह भाजपा विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। शुक्रवार की कांग्रेस विधायक दल की बैठक को सरकार गिराने की भाजपा की कथित कोशिश के जवाब में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। सत्तारुढ़ गठबंधन ने कहा है कि भाजपा की कोशिश विफल रही है।
विज्ञापन


कांग्रेस विधायकों को जारी नोटिस विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने चेतावनी दी कि शुक्रवार की बैठक में विधायकों की गैर-मौजूदगी को गंभीरता से लिया जाएगा। सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘मैं आपके संज्ञान में लाना चाहता हूं कि आपकी गैर हाजिरी को गंभीरता से लिया जाएगा और यह माना जाएगा कि आपने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिकता सदस्यता स्वेच्छा से छोड़ने का फैसला कर लिया है।’’ उन्होंने कहा कि ऐसे में दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। हुबली में सिद्धरमैया ने दावा किया कि पार्टी के सभी विधायक सीएलपी की बैठक में आयेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


जब उनसे पूछा गया कि क्या पार्टी में लौटने वाले असंतुष्ट विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा तो उन्होंने कहा, ‘‘हमने किसी से नहीं कहा है कि हम उन्हें मंत्री या कुछ और बनायेंगे। कांग्रेस में कोई असंतोष नहीं है।’’ कांग्रेस के लिए राहत की बात है कि कुछ और विधायक, जो कथित रुप से पार्टी के संपर्क से कट गये गये थे तथा जिन्हें कथित रुप से भाजपा अपने पाले में करने के लिए बहला फुसला रही थी, सामने आए और उन्होंने पार्टी के प्रति निष्ठा जताई। येल्लापुर के विधायक शिवराम हेब्बार ने बृहस्पतिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गुंडू राव से भेंट की और कहा कि वह परिवार के साथ अंडमान निकोबार गये थे जिसकी योजना एक महीने पहले बनी थी।

उन्होंने अपनी इस यात्रा को वर्तमान घटनाक्रम के साथ महज संयोग बताया और कहा , ‘‘मैं कांग्रेस का कार्यकर्ता हूं... किसी भी कारण से बिक जाने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता।’’ उनकी तरह कई और विधायकों ने करीब करीब ऐसी ही बात कही। वैसे असंतोष से इनकार करने वाले बल्लारी के विधायक बी नागेंद्र ने अदालती सुनवाई के चलते विधायक दल की बैठक में पहुंच पाने पर संदेह प्रकट किया। कुमारस्वामी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष येद्दियुरप्पा का बार बार यह दावा करना कि मुख्यमंत्री समेत कांग्रेस जदएस के नेता उनकी पार्टी के विधायकों को लालच दे रहे हैं, उनके लिए हैरत की बात है।

उन्होंने कहा, ‘‘वे (सरकार को अस्थिर करने के लिए) सभी प्रकार की व्यर्थ कोशिशें कर रहे हैं। कौन आगे आगे चल रहा है और (विधायकों को) फुसलाने में जुटा है?’’ 
उन्होंने सवाल दागा, ‘‘आज मैं येदियुरप्पा और उनके मित्रों से से पूछना चाहता हूं कि कबतक आप गुरुग्राम के एक होटल में ठहरे रहेंगे, आपने किस वजह से विधायकों को बंधक बना रखा है।’’ भाजपा पर विधायकों को फुसलाने के लिए ‘हर चीज’ करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अब आप हमपर आरोप मढ़ रहे हैं, यदि आप महसूस करते हैं कि आप जो कुछ कह रहे हैं लोग मान लेंगे, तो आप गलत हैं। लोग सही समय पर भाजपा नेताओं को जवाब देंगे।’’ 

उधर, येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘भाजपा से कोई भी किसी भी प्रकार के अभियान या कांग्रेस-जदएस गठबंधन के विधायकों को फुसलाने में नहीं लगा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने एक स्थान पर अपने सभी विधायकों को एकत्रित किया था और पिछले दो तीन दिन से आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी पर चर्चा कर रहे थे। आज सभी लौट रहे हैं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने विधायकों को एकत्रित करते हैं तो उन्हें डर किस बात का है, मुझे समझ में नहीं आता। कांग्रेस और जदएस के बीच की अंदरुनी लड़ाई नियंत्रण के बाहर जा रही है, अपनी अंदरुनी लड़ाई पर पर्दा डालने के लिए वे भाजपा पर दोष मढ़ रहे हैं।’’ 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed