S Jaishankar: 'भारत अपनी सुरक्षा और स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं करेगा', जयशंकर ने दुश्मनों को दिया सख्त संदेश
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने वडोदरा में कहा कि भारत एक पुरानी सभ्यता है जो अब दुनिया में अपनी सही पहचान और सम्मान पा रहा है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत परमाणु धमकियों से नहीं डरता और अपनी सुरक्षा से कभी समझौता नहीं करेगा।
विस्तार
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को भारत की ताकत और दुनियाभर में पहचान की बात पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत एक ऐसा अनोखा देश है जो सिर्फ एक राष्ट्र नहीं, बल्कि एक पुरानी सभ्यता है और अब वह दुनिया में अपनी सही पहचान और सम्मान फिर से हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ देशों में यह चलन बन गया है कि वे आपसी रिश्तों को सिर्फ फायदे के नजरिए से देखते हैं, लेकिन भारत की सोच इससे अलग है।
बता दें कि विदेश मंत्री ने ये बयान गुजरात के वडोदरा में पारुल विश्वविद्यालय के विदेशी छात्रों के दीक्षांत समारोह को संबोधित करने के दौरान दिया। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए साफ तौर पर कहा कि भारत किसी भी तरह की परमाणु धमकी से डरने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत अपनी सुरक्षा और स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं करेगा।
ये भी पढ़ें:- 'समय पर पूरे नहीं होते डिफेंस प्रोजेक्ट': IAF चीफ क्यों निराश, कौन से प्रोजेक्ट अटके; इनमें देरी की क्या वजह?
जयशंकर का सख्त संदेश
इसके साथ ही विदेश मंत्री ने आतंकवादियों को समर्थन देने वालों को भी सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश या संगठन आतंकवाद का साथ देते हैं या उसका इस्तेमाल करते हैं, उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि ऐसे लोगों को सजा मिले ताकि वे फिर ऐसी हरकत न कर सकें।
ये भी पढ़ें:- सेवा को सलाम: अमूल्य सेवा के लिए 15 नर्सों को राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल अवॉर्ड; राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
'परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा भारत'
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत कभी भी परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा। विदेश मंत्री की यह टिप्पणी भारतीय सशस्त्र बलों की ओर से पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर आई है। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि जो लोग आतंकवाद को प्रायोजित, पोषित और उपयोग करते हैं, उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़े।