Canada: टोरंटो में शॉपिंग सेंटर की पार्किंग में भारतीय-कनाडाई की गोली मारकर हत्या, पुलिस कर रही मामले की जांच
टोरंटो में एक भारतीय-कनाडाई की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। 37 साल के व्यक्ति को कुछ अज्ञात लोगों ने एक शॉपिंग सेंटर की पार्किंग में गोली मार दी।
विस्तार
कनाडा के टोरंटो से एक भारतीय-कनाडाई व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। 37 साल के व्यक्ति को कुछ अज्ञात लोगों ने एक शॉपिंग सेंटर की पार्किंग में गोली मार दी। मृत व्यक्ति की पहचान चंदन कुमार राजा नंदकुमार के रूप में की। वह कनाडा के ब्राम्पटन में रहता था।
पुलिस ने बताया कि कि शनिवार को, लगभग 3:31 बजे, पुलिस ने रेक्सडेल बुलेवार्ड और हाईवे 27 पर स्थित वुडबाइन शॉपिंग सेंटर की पार्किंग में गोलीबारी की जानकारी मिली। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पीड़ित को जल्दी से अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि गोली मारने वाले संदिग्ध, एक गाड़ी में बैठकर घटनास्थल से भाग गए। पीड़ित ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। नंदकुमार मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले थे और कनाडा में एक आईटी प्रोफेशनल के रूप में काम कर रहे थे। इस साल टोरंटो में गोलीबारी से यह तीसरी हत्या है।
कनाडा के सीटीवी न्यूज़ के अनुसार, घटनास्थल से ली गई तस्वीरों में एक सफेद एसयूवी दिखाई दे रही है, जिसकी विंडशील्ड पर गोलियों के निशान हैं और ड्राइवर की तरफ की खिड़की टूटी हुई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
माता-पिता चाहते थे बेटा वतन लौट आए
टोरंटो में गोलीबारी के शिकार हुए भारतीय आईटी पेशेवर चंदन कुमार के माता-पिता लंबे समय से चंदन को भारत लौटने का कह रहे थे। वह 6-7 वर्षों से कनाडा में रह रहे थे। मृतक की मां का मानना है कि चंदन द्वारा टोरंटो में एक कन्नड़ एसोसिएशन बनाने की कोशिश ही उनकी हत्या का कारण हो सकती है। पिता ने शव भारत लाने की मांग की है।