भाजपा नेता की चेतावनी- एक हजार कब्रें खोदकर रखे पाक, जल्द लगेगा लाशों का अंबार
गुरुवार को पुलवामा में हुए आतंकी हमले पर देश का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूरा देश इस हिंसा का प्रतिशोध लेना चाहता है। इसी क्रम में भाजपा प्रवक्ता बिजय सोनकर शास्त्री ने कहा है कि पाकिस्तान को एक हजार कब्रें खोदकर रख लेना चाहिए क्योंकि उसके उन सभी आकाओं की लाशें गिरने वाली हैं जो उसकी जमीन पर बैठकर हिंदुस्तान के खिलाफ आतंक को पैदा कर रहे हैं।
शास्त्री ने कहा कि भारत एक शांतिप्रिय देश है। पूरे इतिहास में भारत ने कभी किसी दूसरे देश पर हमला नहीं किया क्योंकि हम दूसरे के मान-सम्मान की कद्र करने वाले लोग हैं। लेकिन जब बार-बार देश के स्वाभिमान को कायराना हरकत के माध्यम से कुचलने की कोशिश की जाएगी तो वह प्रतिक्रिया करने के लिए पूरी तरह सक्षम और स्वतंत्र है।
भारत का नेतृत्व बदल चुका है, जनता में भी आया बदलाव
रविवार को एक ट्वीट के माध्यम से भाजपा प्रवक्ता शास्त्री ने कहा कि वे पूरे जीवन में भाजपा की संस्कृति को देखते हुए बड़े हुए हैं। वे सभी वरिष्ठ नेताओं और देश के प्रति उनकी प्रतिबद्धताओं को बेहतर ढंग से समझते हैं। उन्होंने कहा कि भारत का नेतृत्व बदल चुका है। जनता भी अब पूर्व की तरह नहीं रही।
जनता किसी भी कीमत पर पाकिस्तान को माफ करने को तैयार नहीं है। ऐसे में उन्हें पूरा विश्वास है कि केंद्र सरकार जल्दी ही ऐसा कदम उठाएगी जिससे देश के घायल हुए स्वाभिमान पर मरहम लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने पुलवामा की घटना को अंजाम देकर भारी भूल की है और उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
दिल्ली में लगातार प्रदर्शन
पाकिस्तान के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। रविवार को दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर इंडिया गेट और कनाट प्लेस तक पर प्रदर्शन होते रहे। आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद सहित अनेक संगठनों ने देश के शहीदों को याद करते हुए उनके सम्मान में कार्यक्रम किए। इसमें पाकिस्तान के आतंक पर हमेशा के लिए लगाम लगाने की मांग की गई।