MEA: भारत-PAK ने साझा की जेलों में बंद एक-दूसरे के नागरिकों की सूची, सरकार ने की इतने कैदियों की रिहाई की मांग
MEA: भारत ने पाकिस्तान के 366 नागरिक कैदियों और 86 मछुआरों के नामों की सूची को साझा किया है। इसी तरह पाकिस्तान ने भी भारत के 43 नागरिक कैदियों और हिरासत में लिए 211 मछुआरों के नामों की सूची को साझा किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे से अपने नागरिक कैदियों और हिरासत में लिए गए मछुआरों के नामों की सूची साझा की है। भारत के विदेश मंत्रालय का कहना है कि वर्ष 2014 से अब तक पाकिस्तान ने 2,639 भारतीय मछुआरों और 71 नागरिक कैदियों को भारत में वापस भेजा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार नागरिक कैदियों और मछुआरों की स्वदेश वापसी के लिए भारत द्वारा लगातार कोशिशें की गईं हैं।
दोनों देशों ने साझा की नागरिक कैदियों और मछुआरों के नामों की सूची
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि वर्ष 2008 में एक द्विपक्षीय समझौते के तहत प्रत्येक वर्ष एक जनवरी और एक जुलाई को दोनों देशों के बीच ऐसी सूचियों का आदान-प्रदान किया जाता है। आज भारत और पाकिस्तान ने नागरिक कैदियों और दोनों देशों की हिरासत में लिए गए मछुआरों की सूची को साझा किया है। भारत ने पाकिस्तान के 366 नागरिक कैदियों और 86 मछुआरों के नामों की सूची को साझा किया है। इसी तरह पाकिस्तान ने भी भारत के 43 नागरिक कैदियों और हिरासत में लिए 211 मछुआरों के नामों की सूची को साझा किया है।
पाकिस्तान से भारतीय कैदियों को जल्द रिहा करने की मांग
भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, सरकार ने भारत के नागरिक कैदियों और मछुआरों को उनकी नावों के साथ जल्द से जल्द रिहाई की मांग की है। इसके अलावा पाकिस्तान में हिरासत में लिए गए भारत के लापता सैन्य कर्मियों को भी रिहा करने की मांग की गई है। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान में बताया गया है कि पाकिस्तान से उन 185 भारतीय मछुआरों और नागरिक कैदियों को भी जल्द से जल्द रिहा करने की मांग की गई है, जो अपनी सजा पूरी कर चुके हैं। इसके अलावा भारत ने पाकिस्तान से 47 भारतीय नागरिक कैदियों और हिरासत में लिए गए मछुआरों को राजनयिक पहुंच प्रदान करने को भी कहा है। पाकिस्तान से उन सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया गया है, जो वहां सजा काट रहे हैं।
इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान से अनुरोध किया है कि भारतीय जेलों में बंद पाकिस्तानी नागरिक कैदियों और मछुआरों की राष्ट्रीयता की पहचान करने की कार्रवाई को शुरू करें। दरअसल, इन सभी की पहचान होने के बाद उन्हें पाकिस्तान भेज दिया जाएगा। विदेश मंत्रालय ने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक पाकिस्तान से 478 भारतीय मछुआरों और 13 नागरिक कैदियों की भारत भेजा गया है।