फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   India deports Gangster Prasad Pujari from China to land at Mumbai Crime Branch Latest News in Hindi

Big News: 20 साल से फरार गैंगस्टर प्रसाद पुजारी चीन से भारत लाया गया; वडाला में बहुमंजिला इमारत में लगी आग

Sat, 23 Mar 2024 02:18 AM IST
गुलाम अहमद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: गुलाम अहमद Updated Sat, 23 Mar 2024 02:18 AM IST
सार

मुंबई क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर प्रसाद पुजारी को चीन से भारत प्रत्यर्पित किया है। पुजारी के खिलाफ मुंबई में हत्या और जबरन वसूली के कई मामले दर्ज हैं। पढ़ें प्रमुख राष्ट्रीय खबरें....

विज्ञापन
India deports Gangster Prasad Pujari from China to land at Mumbai Crime Branch Latest News in Hindi
National News - फोटो : Social Media

विस्तार

हत्या, जबरन वसूली और अपहरण जैसे गंभीर अपराधों के दर्जनों मामलों में 20 साल से वांछित गैंगस्टर प्रसाद पुजारी को शनिवार को चीन से भारत लाया गया। वह 2008 से वहां छिपा था। 2012 में सीबीआई ने इंटरपोल के जरिये रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया था। सीबीआई प्रत्यर्पण के तहत उसे लेकर मुंबई पहुंची, जहां उसे मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया। मुंबई पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर स्पेशल मकोका कोर्ट में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रसाद पुजारी का पूरा नाम सुभाष विट्ठल पुजारी है। इसके अलावा सिद्धार्थ शेट्टी, सिद्धू, सिद्ध और जॉनी नाम से भी जाना जाता है। वह गैंगस्टर कुमार पिल्लई व छोटा राजन के लिए काम कर चुका है।
विज्ञापन


आठ गंभीर मामलों में वांछित
पुजारी मुंबई में गोलीबारी, जबरन वसूली और हत्या सहित आठ गंभीर मामलों में वांछित है। वह विक्रोली के टैगोर नगर का निवासी है। पूर्वी मुंबई में बिल्डर और व्यापारियों को धमकी देकर उनसे वसूली उसका पेशा रहा है।
विज्ञापन


:

ओडिशा के वयोवृद्ध राजनेता दामोदर राउत का निधन, राष्ट्रपति ने शोक व्यक्त किया 

ओडिशा के वयोवृद्ध बीजद नेता दामोदर राउत का शुक्रवार को 81 वर्ष की आयु में भुवनेश्वर के एक अस्पताल में निधन हो गया। राउत के परिवार में उनके बेटे संबित राउत्रे और उनकी बेटी प्रीतिनंदा हैं। संबित बीजद से पारादीप के विधायक हैं, जबकि प्रीतिनंदा भुवनेश्वर की पार्षद हैं। राउत की पत्नी स्नेहलता महापात्रा की पहले ही मृत्यु हो गई थी। वे एक सेवानिवृत्त स्कूल शिक्षिका थीं। राउत को 18 मार्च को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वे वेंटिलेटर पर थे। उन्हें बृहस्पतिवार को ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया था। पेशे से पशु चिकित्सक राउत ने 1970 के दशक में राजनीति में शामिल में प्रवेश किया था। वे 1977 में पहली बार विधानसभा सदस्य चुने गए थे। वे सात बार विधायक रहे, पांच बार जगतसिंहपुर के इरासामा से और दो बार पारादीप से। उन्होंने बीजू पटनायक और उनके बेटे नवीन पटनायक दोनों के नेतृत्व वाली सरकारों में मंत्री के रूप में कई महत्वपूर्ण विभाग भी संभाले।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल रघुबर दास, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और कई प्रसिद्ध हस्तियों ने राउत के निधन पर दुख व्यक्त किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया पर कहा, ओडिशा सरकार में कई बार मंत्री रहे वरिष्ठ नेता दामोदर राउत के निधन से दुःख हुआ। ओडिशा और देश की प्रगति में राउत के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार के सदस्यों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।
विज्ञापन

वरिष्ठ पत्रकार और नेशनल हेराल्ड के पूर्व प्रधान संपादक जफर आगा का निधन

देश के जाने-माने पत्रकार और कांग्रेस के अखबार नेशनल हेराल्ड के पूर्व प्रधान संपादक जफर आगा (70) का शुक्रवार तड़के दिल्ली के बसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। 1979 में लिंक पत्रिका से अपना पत्रकारीय जीवन शुरू करने वाले आगा के निधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई लोगों ने शोक व्यक्त किया है। राहुल ने सोशल मीडिया पर लिखा, वरिष्ठ पत्रकार और नेशनल हेराल्ड, नवजीवन व कौमी आवाज के पूर्व प्रधान संपादक, स्तंभकार जफर आगा के निधन की खबर से दुखी हूं। पत्रकारिता की दुनिया के दिग्गज आगा कई लोगों के लिए मित्र, दार्शनिक, मागदर्शक और प्रेरणा थे। वह उन मूल्यों के लिए मजबूती से खड़े रहे जिनपर हमारे गणतंत्र की नींव रखी गई। 45 वर्षों के पत्रकारीय जीवन में आगा ने द पेट्रियट, बिजनेस एंड पॉलिटिकल ऑब्जर्वर, इंडिया टुडे, ईटीवी और इंकलाब दैनिक जैसे संस्थानों में काम किया। पत्रकार के रूप में उनका आखिरी योगदान नेशनल हेराल्ड के प्रधान संपादक के रूप में रहा।

विज्ञापन

मुंबई के वडाला में बहुमंजिला इमारत में लगी आग, कोई हताहत नहीं

मुंबई के वडाला में शुक्रवार रात 38 मंजिला एक इमारत में आग लग गई। हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात 11 बजे के बजे के आसपास एंटोप हिल में वडाला बस डिपो के पास दोस्ती अंब्रोसिया बिल्डिंग के 26वें और 27वें फ्लोर पर आग लग गई। सूचना मिलने पर आग बुझाने के लिए दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

ईडी ने दानी एप और अन्य के 16.43 करोड़ किए जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वेब आधारित मोबाइल एप्लिकेशन दानी डाटा और अन्य की कुल 16.43 करोड़ की राशि जब्त की है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत की गई। ईडी के अहमदाबाद जोनल कार्यालय ने 20 मार्च को बंगलूरू और पुणे स्थित एक पेमेंट एग्रीगेटर्स के छह परिसरों पर छापा मारा था। ईडी ने गुजरात के बनासकांठा जिले में साइबर अपराध पुलिस स्टेशन, पालनपुर के ‘दानी डाटा’नामक एप के नियंत्रकों और अन्य के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की थी।

नस्लवादी टिप्पणी मामले में नृत्यांगना सत्यभामा के खिलाफ जांच शुरू
एक यूट्यूब चैनल पर साथी कलाकार डॉ. आरएलवी रामकृष्णन के खिलाफ विवादास्पद नस्लवादी टिप्पणी को लेकर केरल राज्य मानवाधिकार आयोग ने शुक्रवार को वरिष्ठ मोहिनीअट्टम नृत्यांगना कलामंडलम सत्यभामा जूनियर के खिलाफ जांच शुरू की। आयोग ने मीडिया रिपोर्टों के आधार पर स्वत: कार्रवाई शुरू की है। मानवाधिकार कार्यकर्ता गिनीज मदासामी ने भी इसी मुद्दे पर शिकायत दर्ज कराई है। नस्लीय टिप्पणी का सत्यभामा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। 

हरियाणा के लाइसेंस पर वसई में फर्म, आयुर्वेदिक दवाएं जब्त
महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई में शुक्रवार को एक फर्म पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने छापा मारा। प्रशासन ने मौके से बिना लाइसेंस के निर्मित आयुर्वेदिक दवाएं और एक करोड़ रुपये मूल्य की अन्य वस्तुएं जब्त कीं। उन्होंने बताया कि एफडीए ने बृहस्पतिवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा था। फर्म के पास हरियाणा के पंचकूला के लिए विनिर्माण लाइसेंस था, लेकिन यह वसई के नवघर में अपनी फर्म में विनिर्माण गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। आगे की जांच जारी है।  

नफरती पोस्ट के लिए भाजपा सांसद सूर्या के खिलाफ केस दर्ज
कर्नाटक में सोशल मीडिया पर नफरत भरे पोस्ट को लेकर भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या के खिलाफ हलासुरु गेट पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई है। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि इस मामले में चुनाव निकाय व बृहत बंगलूरू महानगर पालिका के अधिकारियों ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने एक पोस्ट के जरिये एक अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाया था और दो समुदायों के बीच दुश्मनी फैलाने का प्रयास किया था।

डेलहमैन री-आईटी ट्रेड मामले में ईडी की छापेमारी में 80 लाख बरामद
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने डेलहमैन री-आईटी ट्रेड प्रा.लि. मामले में दिल्ली, मुंबई और गोवा में छापा मारा। ईडी ने कार्रवाई के दौरान 80 लाख नकद और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए। कंपनी कानूनी, ऑडिंटिंग और कर परामर्श में संलग्न हैं। धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत दिल्ली, मुंबई और गोवा में नौ जगहों पर छापा मारा गया। इस दौरान अजय हरिनाथ सिंह और उनके सहयोगियों के आवास से 78 लाख की नकदी और 2 लाख की विदेशी मुद्रा, विभिन्न डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए। ईडी के दिल्ली जोनल कार्यालय ने उक्त कार्रवाई की। डेलहमैन री-आईटी ट्रेड प्रा.लि. हरिप्रसाद अकालू पासवान और रमेश यादव कुमार के निर्देशन में और अजय हरिनाथ के नियंत्रण वाली कंपनी है। ईडी ने अपनी जांच दिल्ली पुलिस की एफआईआर के आधार पर शुरू की थी।

बिग बॉस कन्नड़ से विख्यात  हुई इन्फ्लुएंसर सोनू गिरफ्तार
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बिग बॉस कन्नड़ से प्रसिद्ध हुई सोनू श्रीनिवास गौड़ा को एक बच्ची को गोद लेते समय उचित प्रक्रियाओं का पालन नहीं करने के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई बाल कल्याण समिति के एक अधिकारी की शिकायत के आधार पर की गई।

शंकराचार्य मठ में आग लगाने की कोशिश, पुजारी को मारने की धमकी
गुजरात के भरूच शहर में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति ने शंकराचार्य मठ को आग लगाने की कोशिश की और पुजारी को जान से मारने की धमकी वाला एक संदेश छोड़ा। यह धार्मिक संस्था नर्मदा नदी के तट पर नवचौकी ओवारा क्षेत्र में स्थित है। पुलिस अधीक्षक मयूर चावड़ा ने कहा, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसमें व्यक्ति ने आग लगाने की कोशिश में मठ के दरवाजे पर कुछ सामान फेंक दिया। मामले की विस्तृत जांच के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed