चीन के साथ झड़प के बाद भारत ने सीमा पर बढ़ाई सैनिकों की संख्या
लद्दाख में चीन के साथ विवाद बढ़ने के बाद हिमाचल में चीन से सटी समदो बॉर्डर पर सेना की तैनाती बढ़ा दी गई है। जबकि लाहौल होकर मनाली-लेह सामरिक मार्ग पर भारतीय सेना की टुकड़ी की गतिविधि लेह की तरफ बढ़ गई है।
पिछले दो दिनों से भारतीय सेना के वाहन पलचान और दालंग ट्रांजिट कैंप से लेह की तरफ रवाना हो रहे थे। एसपी लाहौल-स्पीति राजेश धर्माणी ने कहा कि सीमा पर विवाद के चलते जिला में भी पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।
बता दें कि पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। सोमवार रात को पूर्वी लद्दाख की गलवां घाटी में सेनाओं के पीछे हटने की प्रक्रिया के दौरान दोनों तरफ से हिंसक झड़प हुई। इसमें भारतीय सेना का एक अधिकारी और दो जवान शहीद हो गए।
भारतीय सेना ने अपने बयान में कहा है कि हिंसक झड़प में दोनों पक्षों को नुकसान हुआ है। दोनों पक्षों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी स्थिति को सामान्य करने के लिए बैठक कर रहे हैं। सेना के सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि भारत और चीन के मेजर जनरल मौजूदा स्थिति पर बातचीत कर रहे हैं।
वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे लेकर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, जनरल एमएम नरवणे ने पठानकोट सैन्य स्टेशन का दौरा रद्द कर दिया है।
भारत और चीन के बीच करीब एक महीने से सीमा विवाद जारी है और इसे बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की जा रही है।