वामदलों पर वार: राहुल पर विवादित बयान को लेकर दीपंकर भट्टाचार्य बोले-कामुकता व नफरत छोड़ें
कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर माकपा समर्थित पूर्व सांसद जॉयस जॉर्ज के विवादित बयान को लेकर भाकपा माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने वाम दलों पर हमला बोला है। भट्टाचार्य ने मंगलवार को कहा कि वामपंथी आंदोलन को रोजमर्रा की कामुकता व नफरत से बाहर निकलना चाहिए।
भाकपा माले के नेता ने कहा कि वामदलों को हर मोर्चे पर प्रगतिशील बनने की जरूरत है। ट्विटर से चर्चा में भट्टाचार्य ने कहा, यह कोई मजाक नहीं है। भारत के वाम दलों को कामुकता व घृणा से बाहर आना चाहिए। सारे वाम दलों के कॉमरेडों को इस पर गौर करना चाहिए और इस तरह की बातों की निंदा करना चाहिए। वाम दलों को हर मोर्चे व हर क्षेत्र में प्रगतिशील विचारों वाला बनना चाहिए।
हालांकि माकपा ने जॉर्ज के बयान से किनारा कर लिया है, जबकि विवाद पैदा होने के बाद पूर्व सांसद जॉर्ज ने भी खेद जताया है।
बता दें कि केरल की इरेत्तयार सीट से माकपा प्रत्याशी के समर्थन में सोमवार को एक रैली को संबोधित करते हुए जॉर्ज ने राहुल गांधी को लेकर कहा था कि वे कुंआरे हैं इसलिए वे महिलाओं व लड़कियों के कॉलेजों में ही जाते हैं। महिलाओं व लड़कियों को राहुल से व्यवहार करते समय सावधान रहना चाहिए। जॉर्ज ने पिछले सप्ताह कोच्चि के एक महिला कॉलेज में राहुल के दौरे को लेकर ये विवादित बातें कही थीं।