रेलवे के 18000 कर्मचारियों-अफसरों की सैलरी पर संकट
इस कार्रवाई से अट्ठारह हजार कर्मचारियों और अधिकारियों की मार्च की सैलरी पर संकट खड़ा हो सकता है। वहीं रेलवे ने टीडीएस जमा नहीं करने वजह दो हजार कर्मचारियों का पेन कार्ड नहीं होना बताई है।
रेलवे कर्मचारियों का हर महीने टीडीएस कटता है, जिसे आयकर विभाग में जमा किया जाता है। लेकिन 2007-08 से करीब दो हजार कर्मचारियों का टीडीएस जमा नहीं किया गया। टीडीएस की ये रकम करीब चौंतीस करोड़ है।
टीडीएस जमा नहीं होने पर आयकर विभाग ने सीज किए रेलवे के खाते
आयकर विभाग की नोटिस के बाद भी रेलवे ने टीडीएस जमा नहीं किया। इसके बाद आयकर विभाग ने कार्रवाई करते हुए रेलवे का एसबीआई में संचालित खाता ही सीज कर दिया। साथ ही जल्द टीडीएस की रकम जमा करने के निर्देश दिए हैं।
इस मामले में सीनियर डीसीएम विवेक शर्मा ने बताया कि करीब दो हजार रेल कर्मचारी ऐसे हैं, जिनके पास पेन कार्ड नहीं है। इसलिए इन कर्मचारियों का टीडीएस जमा नहीं हो सका है।
इसलिए आयकर विभाग ने खाता सीज कर दिया है। इन कर्मचारियों को जल्द पेन कार्ड जमा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि टीडीएस की रकम जमा की जा सके।