फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Amethi News ›   If Rahul gandhi will not contest election from Amethi, then who will do? varun gandhi name at the forefront

Amethi: क्या अमेठी से राहुल भी नहीं लड़ेंगे चुनाव? अगर ऐसा हुआ तो किसकी होगी दावेदारी? यह नाम है सबसे आगे

Tue, 20 Feb 2024 02:16 PM IST
Ashish Tiwari आशीष तिवारी
Updated Tue, 20 Feb 2024 02:16 PM IST
विज्ञापन
सार
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इन दिनों उत्तर प्रदेश में है। इस दौरान राहुल गांधी न सिर्फ अमेठी में यात्रा करते हुए आगे बढ़े, बल्कि रात को अमेठी के ही एक इलाके तेंदुआ अमेठी में रात्रि विश्राम भी किया। तकरीबन दो साल बाद अमेठी पहुंचे राहुल गांधी ने इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं समेत इलाके के ग्राम प्रधानों से मुलाकात की...
loader
If Rahul gandhi will not contest election from Amethi, then who will do? varun gandhi name at the forefront
Amethi: Rahul Gandhi - फोटो : Amar Ujala/Rahul Bisht

विस्तार

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बीती रात अमेठी में रुकी। मंगलवार को वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंच रहे हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा की उत्तर प्रदेश में होने के दौरान चर्चाएं सबसे ज्यादा अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीटों को लेकर हो रही है। दरअसल रायबरेली सीट पर सोनिया गांधी ने चुनाव न लड़ने का एलान किया है, जबकि अमेठी सीट पर आने वाले लोकसभा में कांग्रेस का कौन प्रत्याशी होगा, इसे लेकर भी अभी पत्ते नहीं खोले गए हैं। सोनिया गांधी की चिट्ठी के बाद सियासी गलियारों में चर्चाएं इस बात की हैं कि रायबरेली से प्रियंका गांधी चुनावी मैदान में उतर सकती हैं। जबकि अमेठी से अगर राहुल गांधी चुनाव नहीं लड़ते हैं, तो वहां कांग्रेस का प्रत्याशी कौन होगा, इसे लेकर खूब कयास लगाया जा रहे हैं।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इन दिनों उत्तर प्रदेश में है। इस दौरान राहुल गांधी न सिर्फ अमेठी में यात्रा करते हुए आगे बढ़े, बल्कि रात को अमेठी के ही एक इलाके तेंदुआ अमेठी में रात्रि विश्राम भी किया। तकरीबन दो साल बाद अमेठी पहुंचे राहुल गांधी ने इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं समेत इलाके के ग्राम प्रधानों से मुलाकात की। यात्रा में शामिल सूत्रों के मुताबिक स्थानीय लोगों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस मुलाकात के दौरान राहुल गांधी से अमेठी में चुनाव लड़ने को लेकर भी चर्चा की। हालांकि राहुल गांधी ने अमेठी के लोगों और मिलने आए जनप्रतिनिधियों को अपने परिवार का सदस्य बताते हुए बहुत इत्मीनान से बातचीत की। चुनाव लड़ने या ना लड़ने को लेकर किसी तरह की उन्होंने कोई बात नहीं की। सियासी गलियारों में राहुल गांधी की इन मुलाकातों और स्थानीय लोगों से हुई बातचीत के बाद कयास लगाए जाने लगे कि क्या राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ेंगे या नहीं।

दरअसल यह कयास इसलिए भी लगाए जा रहे हैं कि राहुल गांधी पिछला चुनाव अमेठी से हार चुके हैं। यही नहीं 2022 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान ही वह प्रियंका गांधी के साथ अमेठी आए थे। उसके बाद तकरीबन दो साल बाद ही भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साथ अमेठी पहुंचे। सियासी जानकारों का कहना है कि जिस तरीके से राहुल गांधी बीते दो सालों से अमेठी से दूर रहे हैं, उससे सियासी गलियारों में कयास यही लगाए जा रहे हैं कि संभव है वह अगला चुनाव केरल से ही लड़ेंगे। ऐसे में चर्चा इस बात की भी ज्यादा हो रही है कि अगर राहुल गांधी अमेठी से चुनाव नहीं लड़ते हैं, तो अगला प्रत्याशी कांग्रेस का कौन हो सकता है। अमेठी के कांग्रेस कार्यकर्ता और गांधी परिवार के करीबी रहे मोहम्मद अनवारुल शरीफ बताते हैं कि वैसे तो राहुल गांधी की दावेदारी अभी भी अमेठी पर सबसे ज्यादा है। फिर भी अगर राहुल गांधी अमेठी से चुनाव नहीं लड़ते हैं, तो मजबूत दावेदारी के तौर पर संजय गांधी के बेटे वरुण गांधी यहां से अपनी किस्मत आजमा सकते हैं। वह कहते हैं कि संजय गांधी अमेठी से सांसद रह चुके हैं। ऐसे में अगर गांधी परिवार में वरुण गांधी के चुनाव लड़ने से एकता होती है, तो यह फैसला लिया जाना चाहिए।

दरअसल कहा यह भी जा रहा है कि राहुल गांधी अमेठी में जिस गर्मजोशी से पहले लोगों से मुलाकात करते थे, इस बार भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान वह नहीं दिखा। राहुल गांधी अपनी पुरानी यात्राओं में स्थानीय लोगों से अपने वाहन से उतरकर मिलते थे, बल्कि घर परिवार और बच्चों से भी मुलाकात करते थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस दौरान राहुल गांधी की ओर से उतनी गर्मजोशी अमेठी में नहीं दिखी। स्थानीय पत्रकार पीके शुक्ल कहते हैं कि राहुल गांधी ने अमेठी में रात्रि विश्राम कर यह संदेश दिया है कि उनका और उनके परिवार का नाता अमेठी रायबरेली से उतना ही मजबूत है जितना कि पहले था। अब यह बात अलग है कि राहुल गांधी ही अमेठी से दोबारा चुनाव लड़ेंगे या नहीं। लेकिन अमेठी में राहुल गांधी को लेकर लोगों में एक अलग तरह का उत्साह तो देखा ही गया है।

राहुल गांधी की यात्रा के दौरान चर्चा इस बात की भी रही कि सोनिया गांधी की जगह पर रायबरेली से कांग्रेस का प्रत्याशी कौन होगा? उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व पदाधिकारी और पूर्व विधायक रहे एक वरिष्ठ नेता बताते हैं कि सोनिया गांधी की चिट्ठी के बाद स्पष्ट हो गया है कि प्रियंका गांधी कांग्रेस से प्रत्याशी हो सकती हैं। हालांकि आखिरी फैसला टिकट घोषित होने के साथ ही होगा। वह कहते हैं कि कांग्रेस के लिए रायबरेली और अमेठी महज दो सीट ही नहीं है, बल्कि कांग्रेस के नजरिए से पूरे प्रदेश की सियासत को संदेश देने के बड़े समीकरण वाले महत्वपूर्ण केंद्र भी हैं। ऐसे में अगर कांग्रेस इन सीटों पर मजबूत संदेश देने वाले प्रत्याशी नहीं उतारेगी, तो आने वाले लोकसभा चुनाव में सियासी संदेश के लिए एक बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed