Big News: राहुल गांधी को राहत, भिवंडी कोर्ट में दायर मानहानि मामले में सुनवाई 21 अक्तूबर तक स्थगित
आरएसएस के स्थानीय कार्यकर्ता राजेश कुंटे ने छह मार्च 2014 को भिवंडी के पास एक चुनावी रैली में राहुल गांधी के कथित बयान को लेकर उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला दायर किया है।
विस्तार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी को आरएसएस कार्यकर्ता द्वारा दायर मानहानि मामले में राहत मिल गई है। ठाणे जिले की भिवंडी मजिस्ट्रेट अदालत ने कांग्रेस सांसद के खिलाफ मानहानि मामले की सुनवाई 21 अक्तूबर तक के लिए स्थगित कर दी है। राहुल गांधी के वकील नारायण अय्यर ने शनिवार को अदालत को बताया कि मुकदमे के संबंध में उनके मुवक्किल द्वारा बॉम्बे हाईकोर्ट में दायर एक रिट याचिका अभी भी लंबित है।
आरएसएस के स्थानीय कार्यकर्ता राजेश कुंटे ने छह मार्च 2014 को भिवंडी के पास एक चुनावी रैली में राहुल गांधी के कथित बयान को लेकर उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला दायर किया है। जिसमें कांग्रेस नेता ने कहा था कि आरएसएस के लोगों ने (महात्मा) गांधी को मार डाला। कुंटे ने अपनी शिकायत में कहा है कि राहुल गांधी ने इस तरह का झूठा दावा करके आरएसएस को बदनाम किया है।
संसदीय समितियों का पुनर्गठन: राहुल रक्षा मामलों की समिति के सदस्य
कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस्तीफे के संकेत के एक महीने बाद भी रक्षा मामलों की संसद की स्थायी समिति के सदस्य बने हुए हैं, जबकि पार्टी के साथी सहयोगी और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन संबंधी समिति के अध्यक्ष बने हुए हैं।
संसद का 18 से 22 सितंबर तक चलने वाला विशेष सत्र शुरू होने से दो दिन पहले शनिवार को विभाग संबंधी संसदीय स्थायी समिति के सदस्यों पर लोकसभा बुलेटिन जारी किया गया। नवगठित विभाग संबंधी संसदीय स्थायी समिति 13 सितंबर से प्रभाव में आ गई है। बुलेटिन के मुताबिक, छह प्रमुख संसदीय समितियों - गृह, आईटी, रक्षा, विदेश, वित्त और स्वास्थ्य - के अध्यक्ष सभी भाजपा या उसके सहयोगियों के पास हैं।
इस बीच, विपक्ष की ओर से कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी को वाणिज्य संबंधी संसदीय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। द्रमुक सांसद कनिमोई करूणानिधि को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है और कांग्रेस सांसद शशि थरूर को रसायन एवं उर्वरक संबंधी समिति का अध्यक्ष नामित किया गया है।
इसके अलावा, द्रमुक के तिरुचि शिवा को उद्योग संबंधी समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है; जदयू सांसद राजीव रंजन सिंह को आवास और शहरी मामलों की समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है और वाईएसआरसीपी सांसद वी विजयसाई रेड्डी को परिवहन, पर्यटन और संस्कृति समिति का अध्यक्ष नामित किया गया है।
केरल की एक विशेष अदालत ने शनिवार को अलुवा में पांच साल की बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के आरोपी बिहार निवासी अशफाक आलम के खिलाफ गंभीर यौन उत्पीड़न, दुष्कर्म और हत्या समेत पॉक्सो अधिनियम और आईपीसी के विभिन्न प्रावधानों के तहत आरोप तय किए। अपराध को जुलाई में अंजाम दिया गया था। एर्नाकुलम विशेष पॉक्सो अदालत के न्यायाधीश के सोमन ने आलम को लगभग 15 आरोप पढ़कर सुनाए, हालांकि उसने कई आरोपों को नकार दिया। हालांकि, आरोपी ने यह नहीं बताया कि उसने कौन से अपराध किए हैं। मुकदमा 4 अक्तूबर से शुरू होगा। आरोपों के सिद्ध होने पर दोषी 10 साल से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है।
जिले के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अपराध होने के 35वें दिन आरोप पत्र दाखिल किया गया था और 46वें दिन आरोप तय किए गए। मामले में 99 गवाह हैं, लेकिन यह अदालत पर निर्भर करेगा कि वह किससे पूछताछ करे। पुलिस और अभियोजन पक्ष का प्रयास होगा कि मुकदमा एक महीने के भीतर पूरा हो जाए।
पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ने अंतरिम कुलपतियों को कहा गुलाम
पश्चिम बंगाल में अंतरिम कुलपतियों की नियुक्ति को लेकर राजभवन और राज्य सचिवालय के बीच बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब शिक्षामंत्री ब्रात्य बसु ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस द्वारा नियुक्त अंतरिम कुलपतियों को ‘गुलाम‘ बताया है। इसकी अब हर ओर आलोचना हो रही है। पश्चिम बंगाल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन के महासचिव केशब भट्टाचार्य ने कहा कि यह और भी दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि राज्य के शिक्षा मंत्री खुद एक कॉलेज शिक्षक हैं।
शिक्षामंत्री नहीं, राजनेता के तौर पर कही: बसु
चारों ओर आलोचनाओं के बावजूद बसु अपनी बात पर अड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, मैंने यह बात एक राजनेता के तौर पर कही है, न कि राज्य के शिक्षा मंत्री के तौर पर। मैंने जो कहा है वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और हमारी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के बारे में इस्तेमाल की जा रही भाषा और विशेषणों की तुलना में कुछ भी नहीं है। अब इस मामले में विवाद या बहस शुरू करना किसी की भी स्वतंत्रता है।
500 कारें चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चोरी के 10 वाहन बरामद
गुजरात पुलिस ने 500 से ज्यादा कार चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने बताया कि गिरोह कारों के इलेक्ट्रॉनिक सिक्योरिटी सिस्टम को बदलकर कार चुराते थे। गिरोह के दो सदस्यों को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में मेरठ का रहने वाला अशरफ सुल्तान गिरोह का सरगना है, जबकि दूसरा आरोपी इरफान झारखंड के रांची का रहने वाला है।
लोन एप से धमकियों से परेशान युवक ने वायनाड में की खुदकुशी
केरल के वायनाड जिले के बाथेरी में 44 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके घर के पास लटका मिला। पुलिस को शक है कि उसने इंस्टेंट लोन एप की ओर से मिल रही धमकियों के चलते आत्महत्या की है। इससे पहले कोच्चि में भी पूरे परिवार ने इसी तरह की धमकियों से परेशान होकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस ने बताया कि बाथेरी निवासी अजयराज का शव उसके घर के पास फंदे से लटकता मिला था। वह 14 सितंबर से लापता था।
महाराष्ट्र के सिविल अस्पताल में तीन माह में 179 बच्चों की मौत
महाराष्ट्र के नंदुरबार सिविल अस्पताल में पिछले तीन महीने में 179 बच्चों की मौत हो गई। नंदुरबार के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एम सावन कुमार के अनुसार इन बच्चों की दुखद मौत के लिए कई कारक जिम्मेदार हैं। जैसे जन्म के समय कम वजन, जन्म से सांस की तकलीफ, सेप्सिस और श्वास रोग। उन्होंने कहा कि जुलाई में 75, अगस्त में 86 और सितंबर में अब तक 18 मौतें हो चुकी हैं।