हनुमान चालीसा पाठ पर आर-पार: राउत बोले- हिम्मत है तो सामने आकर लड़ें, नवनीत का पलटवार- महाराष्ट्र के हालात बंगाल की तरह
बडनेरा से निर्दलीय विधायक रवि राणा और उनकी सांसद पत्नी नवनीत राणा ने आज मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने का एलान कर दिया है।
विस्तार
महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा और लाउडस्पीकर विवाद पर राजनीति और भी गरमाती जा रही है। बडनेरा से निर्दलीय विधायक रवि राणा और उनकी पत्नी व सांसद नवनीत राणा ने आज मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने का एलान कर दिया है। जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। वहीं इस एलान के बाद से शिवसेना के सैकड़ों कार्यकर्ता राणे परिवार के आवास के बाहर जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कई कार्यकर्ता तो बैरिकेड्स तोड़कर गेट के अंदर भी घुस गए। यहां पढ़िए एक-एक ताजा अपडेट्स...
#WATCH Shiv Sena workers protest outside the residence of Amravati MP Navneet Rana in Mumbai as the MP plans to chant Hanuman Chalisa along with her husband MLA Ravi Rana outside 'Matoshree' the residence of #Maharashtra CM Uddhav Thackeray pic.twitter.com/OR7CQQpWlk
अमरावती सांसद नवनीत राणा का बड़ा बयान
अमरावती सांसद नवनीत राणा ने कहा कि मुझे लगता है कि मेरा उद्देश्य स्पष्ट तरीके से पूरा हो गया। हम मातोश्री तक नहीं पहुंच पाए, लेकिन जो हनुमान चालीसा हम करने वाले थे, वो कई भक्त वहां मातोश्री के सामने हनुमान चालीसा पढ़ रहे हैं। कहीं ने कहीं ये सिद्ध होता है कि हमारी आवाज वहां तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि जो भी गुंडे उद्धव ठाकरे ने हमारे घर तक भेजे हैं, अमरावती के घर में हो या मुंबई के घर में हो। बाला साहब के साथ ही उनके शिवसैनिक कब के चले गए। आज की शिवसेना गुंडों की शिवसेना रह गई है। उद्धव ठाकरे के इशारों पर गुंडागर्दी करने का काम महाराष्ट्र में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीएम उद्धव ठाकरे केवल लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज करना और उन्हें सलाखों के पीछे डालना जानते हैं। वह महाराष्ट्र में बंगाल जैसी स्थिति पैदा कर रहे हैं।
अगर आप में हिम्मत है तो सामने आकर लड़ें: संजय राउत
शिवसेना से राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि यदि कोई मातोश्री पर आकर हनुमान चालीसा का पाठ करेगा तो क्या शिवसेना चुप बैठेगी। यदि आप हमारे घर तक पहुंचेंगे तो हमें अधिकार है उसी भाषा में जवाब देने का। महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था आप खराब कर रहे हैं अगर आप में हिम्मत है तो सामने आकर लड़ें।
देवेंद्र फडणवीस ने साधा निशाना
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जब महाराष्ट्र सरकार से कोई चीज संभलती नहीं है, तो ऐसी सभी चीजों को ये भाजपा स्पॉन्सर बोलते हैं। अपनी नाकामी छिपाने का प्रयास करते हैं। राणा दंपति ने क्या कहा था कि हम जाकर हनुमान चालीसा बोलेंगे। अगर जाने देते तो किसी कोने में जाकर हनुमान चालीसा बोलते न कोई न्यूज बनती, न इसका कोई असर होता। लेकिन इतने लोग जमा करना, मानो वो कोई हल्ला करने आ रहे हैं, हमला करने आ रहे हैं। रास्ते में जाने वाले हर व्यक्ति पर हमला करना, ये कौन सी राजनीति है।
'मातोश्री' के बाहर हनुमान चालीसा करने की क्या जरूरत: दिलीप वलसे पाटिल
महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने कहा कि अमरावती के सांसद नवनीत राणा और उनके पति राज्य सरकार की छवि खराब करना चाहते हैं और माहौल खराब करना चाहते हैं। 'मातोश्री' के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने की क्या जरूरत है, वे इसे अपने घर में कर सकते हैं। वे किसी के इशारे पर ऐसा कर रहे हैं।
दोनों पति-पत्नी कानून-व्यवस्था की स्थिति को चुनौती दे रहे: अनिल देसाई
'मातोश्री' के बाहर शिवसेना नेता अनिल देसाई ने कहा कि विधायक रवि राणा और उनकी पत्नी व सांसद नवनीत राणा कानून-व्यवस्था की स्थिति को चुनौती दी है। उन्हें किसी ने ऐसा करने के लिए प्रेरित किया। 'मातोश्री' की रक्षा के लिए शिवसेना कार्यकर्ता यहां हैं। पुलिस स्थिति को संभाल रही है।
शिवसैनिक बैरिकेड्स तोड़ कर गेट के अंदर कैसे आ गए?: नवनीत राणा
निर्दलीय सांसद नवनीत राणा ने कहा कि हमें परेशान किया जा रहा है, मेरा सवाल है कि शिवसैनिक बैरिकेड्स तोड़ कर गेट के अंदर कैसे आ गए ? मैं नीचे जाऊंगी और गेट के बाहर भी जाऊंगी और मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ भी करूंगी। हमें कोई नहीं रोक सकता। सीएम लोगों को सिर्फ जेल में डालना जानते हैं।
हम उन्हें सबक सिखाने का इंतजार कर रहे: किशोरी पेडनेकर
मुंबई में 'मातोश्री' के बाहर हनुमान चालीसा पाठ पढ़ने को लेकर मुंबई की पूर्व मेयर और शिवसेना नेता किशोरी पेडनेकर ने कहा कि हम इंतजार कर रहे हैं, हम हनुमान चालीसा सामने रखेंगे। हम उन्हें सबक सिखाने का इंतजार कर रहे हैं।
शिवसैनिक हमारे आवास के बाहर हमला करने की कोशिश में: रवि राणा
वहीं सांसद नवनीत राणा के पति और विधायक रवि राणा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पुलिस हमें घर से बाहर कदम रखने नहीं दे रही है। शिवसेना कार्यकर्ता हमारे आवास पर हमला करने की कोशिश कर रहे। हमने हमेशा 'मातोश्री' को मंदिर के रूप में माना है। उद्धव ठाकरे केवल राजनीतिक लाभ चाहते हैं।
मोहित कंबोज की कार पर हमले मामले में मुंबई पुलिस आयुक्त से मिलेंगे भाजपा नेता
महाराष्ट्र भाजपा के उपाध्यक्ष प्रसाद लाड ने कहा कि भाजपा नेता मोहित कंबोज की कार पर हमले के मुद्दे पर मुंबई के भाजपा विधायक, सांसद और विधायक आज मुंबई पुलिस आयुक्त से मिलेंगे।
नवनीत और रवि राणा अभी अपने खार स्थित आवास पर मौजूद
नवनीत और रवि राणा अभी अपने खार स्थित घर पर मौजूद हैं। उम्मीद है कि वे कुछ देर में मातोश्री के लिए निकलेंगे। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नवनीत राणा को वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करने का फैसला किया है।
राणा दंपत्ति के घर के बाहर भारी संख्या में शिवसैनिक मौजूद
उनके घर के बाहर भारी संख्या में शिवसैनिक मौजूद हैं और लगातार राणा दंपत्ति के खिलाफ नारेबाजी की है। शिवसैनिको का कहना है कि अगर वे अपने घर से भी बाहर निकलते हैं, तो हम उन्हें अपने स्टाइल में समझायेंगे।