गुजरात चुनाव: मैदान में 397 करोड़पति, जानिए भाजपा-कांग्रेस के कितने उम्मीदवार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुजरात विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामे का विश्लेषण करने वाले दो गैर सरकारी संगठनों ने बताया है कि चुनाव मैदान में कुल 397 उम्मीदवार करोड़पति हैं।
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और गुजरात इलेक्शन वॉच (जीईडब्ल्यू) की रिपोर्ट के मुताबिक दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव में कुल 1828 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 1098 ने या तो बारहवीं कक्षा या उससे भी कम पढ़ाई की है।
महिला उम्मीदवारों की कुल संख्या 118 है। उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामे के विश्लेषण के मुताबिक पहले चरण में चुनाव में उतरने वाले कुल 977 उम्मीदवारों में से 198 ने एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है। दूसरे चरण के कुल 851 उम्मीदवारों में से 199 करोड़पति हैं।
इस अध्ययन के मुताबिक 397 करोड़पति उम्मीदवारों में से 131 ने पांच करोड़ रुपये की संपत्ति की घोषणा की है, जबकि 124 अन्य उम्मीदवारों ने दो करोड़ रुपये से पांच करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति घोषित की है।
सत्तारूढ़ भाजपा ने 142 करोड़पति उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, जबकि विपक्षी कांग्रेस की ओर से ऐसे 127 उम्मीदवार मैदान में उतारे गए हैं। राकांपा ने 17 करोड़पति उम्मीदवारों को उतारा है, जबकि आप के 13 उम्मीदवार और बसपा के पांच उम्मीदवार करोड़पति हैं। रिपोर्ट के मुताबिक 56 निर्दलीय उम्मीदवार भी करोड़पति हैं। बाकी करोड़पति उम्मीदवार छोटी पार्टियों और संगठनों के हैं।
किस पार्टी के कितने करोड़पति उम्मीदवार
सबसे अमीर उम्मीदवार दसकरोई सीट से कांग्रेस के पंकज पटेल हैं। उनकी कुल संपत्ति 231.93 करोड़ रुपये है। उनके बाद दूसरे नंबर पर कांग्रेस के ही राजकोट-वेस्ट सीट से इंद्रनील राजगुरु हैं। उनकी कुल संपत्ति 141.22 करोड़ रुपये है।
तीसरे नंबर पर बोटाड सीट से भाजपा उम्मीदवार सौरभ पटेल हैं। वह गुजरात के पूर्व वित्त मंत्री भी हैं। उनकी कुल संपत्ति 123.78 करोड़ रुपये है। चौथे स्थान पर वधवान सीट से भाजपा उम्मीदवार और प्रमुख कारोबारी धानजीभाई पटेल हैं। उनकी कुल संपत्ति 113.47 करोड़ है। इसके ठीक विपरीत छह निर्दलीय उम्मीदवारों ने घोषणा की है कि उनके पास कोई चल-अचल संपत्ति नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक 13 उम्मीदवारों ने पिछले साल के आयकर रिटर्न के आधार पर अपनी वार्षिक आय एक करोड़ रुपये से अधिक बताई है।
शैक्षणिक योग्यता के मामले में 1098 उम्मीदवारों ने पांचवी, आठवीं, दसवीं या बारहवीं कक्षा पास की है। 119 उम्मीदवारों ने कहा कि वह महज साक्षर हैं और 23 उम्मीदवारों ने खुद को निरक्षर बताया है। पहले चरण का मतदान शनिवार को हुआ। दूसरे चरण का मतदान 14 दिसंबर को होगा और मतगणना 18 दिसंबर को होगी।
किस पार्टी के कितने करोड़पति उम्मीदवार
पार्टी उम्मीदवारों की संख्या
भाजपा 142
कांग्रेस 127
राकांपा 17
आप 13
बसपा 05
निर्दलीय 56
शेष छोटी पार्टियों व संगठनों के
टॉप फोर करोड़पति
नंबर पार्टी सीट उम्मीदवार का नाम संपत्ति
1. कांग्रेस दसकरोई पंकज पटेल 231.93 करोड़
2. कांग्रेस राजकोट वेस्ट इंद्रनील राजगुरु 141.22 करोड़
3. भाजपा बोटाड सौरभ पटेल 123.78 करोड़
4. भाजपा वधवान धानजीभाई पटेल 113.47 करोड़