{"_id":"68593de67e0871e71804f348","slug":"gujarat-congress-chief-shaktisinh-gohil-resigns-over-party-s-defeat-in-bypolls-2025-06-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"गुजरात: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने दिया इस्तीफा, उपचुनाव में मिली हार की ली जिम्मेदारी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
गुजरात: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने दिया इस्तीफा, उपचुनाव में मिली हार की ली जिम्मेदारी
Mon, 23 Jun 2025 05:13 PM IST
राहुल कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद
Published by: राहुल कुमार
Updated Mon, 23 Jun 2025 05:13 PM IST
सार
Gujarat Byelection Result: गुजरात की दो सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। यहां पर एक सीट आप के खाते में गई है। जबकि एक सीट पर भाजपा ने कब्जा जमाया है। पार्टी को मिली करारी हार के बाद शक्तिसिंह गोहिल ने प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है।
विज्ञापन
गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल
- फोटो : पीटीआई
विस्तार
गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने सोमवार को कडी और विसावदर विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनावों में पार्टी उम्मीदवारों की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। बता दें कि, आम आदमी पार्टी (आप) के नेता गोपाल इटालिया ने विसावदर सीट जीती, जबकि भाजपा के राजेंद्र चावड़ा ने कडी निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के उम्मीदवारों का निराशाजनक प्रदर्शन रहा है।
विज्ञापन
जून 2023 में गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे शक्तिसिंह गोहिल
शक्तिसिंह गोहिल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, चूंकि उपचुनाव के नतीजे हमारी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहे हैं, इसलिए मैंने पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। मैंने अपना इस्तीफा पहले ही हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेज दिया है। राज्यसभा सदस्य शक्ति सिंह गोहिल को 2024 के आम चुनावों से पहले जून 2023 में राज्य कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
विज्ञापन
गुजरात की कडी विधानसभा सीट पर उपचुनाव
कडी विधानसभा अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है, जो भाजपा विधायक कर्सन सोलंकी के निधन के बाद खाली हुई। इस सीट से भाजपा के राजेंद्र चावड़ा ने उपचुनाव में जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने कांग्रेस के रमेश चावड़ा को 39452 वाटों से हराया। वहीं आप के जगदीश चावड़ा यहां तीसरे नंबर पर रहे।
विज्ञापन
विसावदर सीट से जीते 'आप' के गोपाल इटालिया
राज्य के विसावदर सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा उममीदवार किरीट पटेल को 17 हजार 554 वोटों से मात दी है। बता दें कि, यह सीट आप विधायक भूपेंद्र भयाणी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। यहां पर भी कांग्रेस का प्रदर्शन खराब रहा और कांग्रेस उम्मीदवार नितिन रणपरिया तीसरे नंबर पर रहे। एक खास बात और, राज्य में सत्ताधारी दल भाजपा यहां पर साल 2007 से जीत नहीं दर्ज कर पाई है।
ये भी पढ़ें: Delhi: पंजाब उपचुनाव में AAP की जीत, केजरीवाल ने राज्यसभा जाने से किया इनकार; कहा- यह राजनीतिक समिति तय करेगी