Gujarat: गुजरात में बड़ा हादसा, श्रद्धालुओं को लेकर जा रही बस खाई में गिरी, पांच की मौत
पुलिस ने बताया कि गुजरात के डांग जिले में रविवार सुबह तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक निजी बस के गहरी खाई में गिर जाने से पांच लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
गुजरात के डांग जिले में मध्य प्रदेश (एमपी) के तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही बस के रविवार सुबह खाई में गिरने से पांच की मौत हो गई और 35 लोग घायल हो गए। घायलों में 17 की हालत बेहद गंभीर है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपये और हादसे में घायल अन्य लोगों को 50,000 रुपये की मदद देने का एलान किया है।
डांग कलेक्टर महेश पटेल के मुताबिक, एमपी के रहने वाले ये तीर्थयात्री 23 दिसंबर, 2024 को विभिन्न राज्यों में धार्मिक स्थलों की यात्रा पर चार अलग-अलग बसों में सवार होकर निकले थे। पुलिस अधीक्षक (एसपी) एसजी पाटिल के मुताबिक, हादसा सुबह 4.15 बजे सापुतारा हिल स्टेशन के पास बस के ब्रेक फेल होने से चालक के बस पर नियंत्रण खोने के चलते हुआ। इससे 48 तीर्थयात्रियों को ले जा रही यह बस क्रैश बैरियर तोड़कर करीब 35 फीट गहरी खाई में जा गिरी। ये यात्री रात में महाराष्ट्र के नासिक जिले के त्र्यंबकेश्वर मंदिर से गुजरात के द्वारका के लिए निकले थे।
सापुतारा में चाय के लिए कुछ देर रुकने के बाद दोबारा से यात्रा शुरू करने के बाद ढाई किलोमीटर आगे जाते ही उनके साथ यह हादसा हो गया। इसमें बस चालक सहित पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। पाटिल ने आगे बताया कि कुल 35 घायल यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में ले जाया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 17 को जिले के आहवा के सिविल अस्पताल भेजा गया।
कल शव पहुंचेंगे एमपी
वहीं, एमपी के ग्वालियर जोन के पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना के मुताबिक, हादसाग्रस्त बस 52 सीटों वाली थी, लेकिन इसमें 48 लोग ही सवार थे। सक्सेना ने कहा कि मृतकों की पहचान एमपी के विदिशा के रहने वाले बस चालक रतन लाल जाटव, बोलाराम कुशवाह, पप्पू यादव और शिवपुरी जिले की रहने वाली गुड्डी बाई और कमलेश बाई यादव के तौर पर की गई। आईजी सक्सेना ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को एम्बुलेंस से सोमवार सुबह शिवपुरी और विदिशा पहुंचने की उम्मीद है।