{"_id":"5944127a4f1c1bbe128b4651","slug":"gorkha-janmukti-morcha-chairman-gurung-says-taht-prepare-for-gorkhaland-s-last-fight-in-darjeeling","type":"story","status":"publish","title_hn":"गोरखालैंड की आखिरी लड़ाई के लिए रहें तैयार : गुरुंग","category":{"title":"India News","title_hn":"भारत","slug":"india-news"}}
गोरखालैंड की आखिरी लड़ाई के लिए रहें तैयार : गुरुंग
ब्यूरो/ अमर उजाला, दार्जिलिंग
Updated Fri, 16 Jun 2017 11:22 PM IST
विज्ञापन
विमल गुरुंग, अध्यक्ष गोरखा जनमुक्ति मोर्चा
- फोटो : ie
गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष विमल गुरुंग ने दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र के लोगों से अलग गोरखालैंड हासिल करने की खातिर आखिरी लड़ाई के लिए तैयार रहने को कहा है। अपने अज्ञात ठिकाने से शुक्रवार को स्थानीय लोगों के नाम जारी एक संदेश में उन्होंने कहा कि अलग राज्य के सपने को पूरा करने के लिए करो या मरो की लड़ाई का वक्त आ गया है। इसलिए लोगों को इस आखिरी लड़ाई के लिए तैयार रहना चाहिए। कल अपने ठिकाने पर हुई छापेमारी के बाद से ही गुरुंग भूमिगत हैं।
विज्ञापन
गोरखा मोर्चा के महासचिव रोशन गिरि ने पत्रकारों से कहा कि अब स्वायत्तता, गोरखालैंड टेरीटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन (जीटीए) और दार्जिलिंग गोरखा पर्वतीय परिषद का दौर खत्म हो गया है। अब अलग गोरखालैंड की मांग पूरी नहीं होने तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। इस बीच, जन आंदोलन पार्टी के नेता हरका बहादुर छेत्री ने सुरक्षा बलों के जरिए आंदोलन का मुकाबला करने की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की रणनीति की आलोचना की है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि इससे पर्वतीय इलाके के लोगों के मन में अलगाव की भावना और मजबूत होगी। छेत्री ने कहा कि पुलिस के जरिए इलाके की समस्या का समाधान नहीं किया जा सकता। गोरखा मोर्चा के पूर्व विधायक छेत्री ने दो साल पहले अपनी अलग पार्टी बनाई थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा समस्या को समाधान के लिए एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की जानी चाहिए। छेत्री ने कहा कि उनकी पार्टी भी गोरखालैंड के गठन के पक्ष में है। लेकिन यह काम बातचीत के जरिए होना चाहिए।
विज्ञापन