एमपी जाकर कश्मीर की बात करते हैं पीएम, पर संसद में नहीं बोलते: आजाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आज राज्यसभा में कश्मीर मुद्दे पर हुई बहस के दौरान राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा, ''प्रधानमंत्री सारी दुनिया के मसलों पर बोलते हैं और ट्वीट करते हैं। वह मध्य प्रदेश में जाकर कश्मीर के युवाओं के बारे में कहते हैं लेकिन उनके पास संसद में कश्मीर के बारे में बोलने के लिए वक्त नहीं है। उन्होंने कहा कि कश्मीर की खूबसूरती से तो सभी को प्यार है लेकिन उन बच्चों और मासूमों से तो प्यार करें, जिनकी आंखे पैलेट गन की वजह से चली गईं। आजाद ने आगे कहा, "हिंदुस्तान का ताज जल रहा है लेकिन पीएम को फुर्सत नहीं है।"
कश्मीर मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाते हुए आजाद ने कहा कि जब संसद चल रही हो, तब सदन से सभी राजनीतिक दलों को यह संदेश देना चाहिए कि कश्मीर के लोग अमन -चैन बनाए रखें। हमें कश्मीरियों का दर्द बांटना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यूपीए शासन के दौरान जम्मू-कश्मीर की स्थिति को सुधारने और लोगों का विश्वास जीतने के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए गए। कश्मीर को लेकर खास योजनाए बनाई गईं और उन्हें लागू किया गया। उन्होंन मांग की कि कश्मीर की स्थिति की समीक्षा के लिए वहां एक सर्वदलीय समिति को भेजा जाना चाहिए। सरकार को इसकी घोषणा संसद में करनी चाहिए।
'कश्मीर पर अभी दिलों को जोड़ने की जरूरत'
उन्होंने यह भी कहा कि कश्मीर को हम भारत का अभिन्न अंग कहते हैं, लेकिन अभी भी दिलों को जोड़ने की जरूरत है। आजाद ने कश्मीर के बुनियादी मसलों को उठाते हुए कहा कि हम (कश्मीरी) विकास के लिए, शिक्षा के लिए, इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए केंद्र सरकार के भरोसे रहते हैं। हर जगह कानून व्यवस्था राज्य पुलिस के जिम्मे होती है लेकिन कश्मीर में यह सेना और अर्ध सैन्य बलों के जिम्मे है।
आतंकवादियों की आलोचना करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आतंकियों का कोई धर्म नहीं होता, चाहे वो किसी भी जगह या देश का हो चाहे वो कश्मीर का हो या पंजाब का हो या आईएसआईएस का।
आजाद ने यह भी कहा कश्मीर के इस स्थिति के लिए उनकी पार्टी सरकार को जिम्मेदार नहीं ठहराया, बल्कि स्थिति पर नियंत्रण करने के लिए सरकार की मदद के लिए तैयार थे।