चुनाव : रूठे नेताओं को नहीं मना रही कांग्रेस, स्टार प्रचारकों की सूची से आजाद, शर्मा और तिवारी के नाम गायब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं की पार्टी नेतृत्व से नाराजगी है। पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव से पहले भी वे इसे जाहिर कर चुके हैं, लेकिन अब कांग्रेस पार्टी असंतुष्ट नेताओं की मनुहार करने को तैयार नहीं है। इसका साफ संदेश पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव के लिए जारी कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची में दिया गया है।कांग्रेस ने शुक्रवार रात को बंगाल और असम विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, इसमें गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा और मनीष तिवारी समेत असंतुष्ट नेताओं को जगह नहीं दी गई है। इससे असंतुष्ट जी-23 और पार्टी नेतृत्व के बीच चल रही अंदरूनी जंग की खाई और चौड़ी हो गई है।
पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ ही क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिंह सिद्धू और मुहम्मद अजहरुद्दीन को बंगाल के पहले चरण के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है। कांग्रेस पार्टी ने दिग्गज नेता और असंतुष्टों का नेतृत्व कर रहे गुलाम नबी आजाद के साथ आनंद शर्मा और मनीष तिवारी को स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल नहीं किया है।
असंतुष्ट से किया किनारा, लेकिन इन बेटों को दिया मौका
कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा के पहले चरण के चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव आयोग को भेज दी है। इसमें गुलाम नबी आजाद के साथ ही जी-23 के दूसरे नेताओं-हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कपिल सिब्बल, मनीष तिवारी, आनंद शर्मा जैसे वाकपटु नेताओं को शामिल नहीं किया गया है। हालांकि, कांग्रेस पार्टी ने अपनी स्टार प्रचारकों की सूची में इन दिग्गजों के मामले में प्रतिशोध की बात को नकारने के लिए बिहार से राज्यसभा सदस्य अखिलेश सिंह और भूपेंद्र हुड्डा के सांसद पुत्र दीपेंद्र हुड्डा को शामिल किया है।
सूची में इन नेताओं को दी जगह
स्टार प्रचारकों की इस सूची में कांग्रेस ने अपने सभी मुख्यमंत्रियों कैप्टन अमरिंदर सिंह, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल के साथ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, मल्लिकार्जुन खड़गे, जितिन प्रसाद, सचिन पायलट, अधीर रंजन चौधरी, रणदीप सुरजेवाला, बीके हरिप्रसाद, आरपीएन सिंह, पवन खेड़ा और पार्टी के मौजूदा संकट में नेतृत्व के पक्ष में मुखर बैटिंग कर रहे सलमान खुर्शीद को शामिल किया है।