उफनाई यमुना में डूबी फॉरच्यूनर, पूर्व एमएलसी के बेटे समेत दो की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अरैल मार्ग पर डीपीएस (दिल्ली पब्लिक स्कूल) के पास सोमवार आधी रात उफनायी यमुना के पानी में फॉरच्यूनर समेत डूबने से सेंट जोंस एकेडमी के संचालक मिचेल ईनिस उर्फ बाबा भैया और उनके साथी कारोबारी अम्बुज पांडेय की मौत हो गई।
साथ मौजूद कैंटीन संचालक नीरज केसरवानी किसी तरह पानी से बाहर निकल आया। उसने फोन से खबर दी तो रात में ही अम्बुज के परिजनों ने खोजबीन कर उसका शव निकाल लिया। बाबा भैया का शव मंगलवार सुबह मिला।
बाढ़ के पानी में डूबी गाड़ी नहीं निकाली जा सकी। शाम को मृतकों की अंत्येष्टि की गई। मिचेल रॉयल ईनिस उर्फ बाबा भैया (38) ब्वॉयज हाईस्कूल के प्रधानाचार्य रहे पूर्व एमएलसी सीवी ईनिस के इकलौते पुत्र थे। वह करछना में रामपुर चौराहा के निकट स्थित सेंट जोंस एकेडमी का संचालन करते थे। एकेडमी परिसर के ही फ्लैट में वह परिवार सहित रहते थे।
बाढ़ के पानी में फंस गई थी कार
सोमवार आधी रात बाबा शहर से एकेडमी लौट रहे थे। फॉरच्यूनर में उनके साथ शहर में लूकरगंज निवासी नीरज केसरवानी उर्फ मोनू तथा आईटीआई ट्रेनिंग स्कूल के पास रहने वाले पूर्व जिला पंचायत सदस्य इच्छानंद पांडेय का पुत्र अम्बुज पांडेय उर्फ पिंटू (40) भी था।
नीरज सेंट जोंस एकेडमी के हॉस्टल में कैंटीन चलाता था। वह भी एकेडमी परिसर में परिवार सहित रहता था। नया पुल पार करने के बाद वे अरैल मार्ग पर डीपीएस की तरफ बढ़ गए। डीपीएस के पीछे सड़क पर बाढ़ का पानी था। उस वक्त फॉरच्यूनर खुद मिचेल उर्फ बाबा चला रहे थे।
गाड़ी बाढ़ के पानी में फंस गई। किसी तरह तीनों बाहर आकर गाड़ी की छत पर चढ़ गए। मगर कुछ ही देर बाद तेज लहर आने पर वे गहरे पानी में जा गिरे। नीरज तो तैरकर बाहर निकल गया लेकिन अम्बुज और बाबा डूब गए। सड़क किनारे खड़ी फॉरच्यूनर भी लहरों के धक्के से गहरे पानी में जा गिरी।
नीरज ने कुछ दूर पर गुजर रहे बाइक सवार युवक से मोबाइल लेकर अम्बुज के भाई रीतू पांडेय को फोन किया जो उस वक्त ट्रेन में जयपुर जा रहे थे। उनसे खबर पाकर परिजन करीबियों के साथ पहुंचे। रात करीब दो बजे अम्बुज का शव मिल गया। मिचेल उर्फ बाबा का शव मंगलवार सुबह निकाला जा सका। बाबा का शव एकेडमी ले जाया गया, जहां शाम को ईसाई रीति से उनका अंतिम संस्कार हुआ। अम्बुज के शव की अंत्येष्टि पोस्टमार्टम के बाद रसूलाबाद घाट पर की गई।