असर: पीएम मोदी के लिए क्या हैं पांच राज्यों के चुनावी नतीजों के मायने? छवि हुई धूमिल या दिखाई ताकत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल में पश्चिम बंगाल का विधानसभा चुनाव सबसे बड़ा चुनाव था। जैसा कि पहले कार्यकाल में उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव था। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी के लिए इन पांच राज्यों के चुनावी नतीजों के क्या मायने हैं?
विस्तार
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों के नतीजे रविवार को आ गए। इन चुनावी परिणामों ने राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं की राजनीतिक किस्मत बदल दी है। किसी के सितारे चमक गए, तो किसी के हाथ से निकल गया मौका। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल में पश्चिम बंगाल का विधानसभा चुनाव सबसे बड़ा चुनाव था। जैसा कि पहले कार्यकाल में उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव था। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी के लिए इन पांच राज्यों के चुनावी नतीजों के क्या मायने हैं? क्या उनकी छवि पर इसका असर पड़ा है या वो अपनी ताकत दिखाने में कामयाब हुए...
जब देश में कोरोना महामारी ने रफ्तार पकड़ ली थी, उस वक्त भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल में व्यापक चुनाव प्रचार किया। बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी को चुनौती दी और भारतीय जनता पार्टी को जीत पर एक सुनहरे बंगाल का वादा किया।
मोदी बनाम ममता के परिणाम
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को भगवा पार्टी ने पीएम मोदी और सीएम ममता के बीच की लड़ाई बना दिया। हालांकि, चुनाव परिणाम को पीएम की हार के रूप में देखना एक गलती होगी। राज्य के चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाते हैं और पीएम की लोकप्रियता राष्ट्रीय स्तर पर बनी हुई है। यह निश्चित रूप से उनके लिए एक राजनीतिक झटका है। वो भी ऐसे समय में जब कोरोना महामारी के प्रबंधन के लिए केंद्र की जमकर आलोचना हो रही है।
पीएम की चुनौतियां बढ़ीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिखाया कि उन्हें कभी भी कम नहीं आंका जा सकता है। हालांकि, असम में पार्टी की जीत के बावजूद इन चुनावों के समग्र परिणाम ने आने वाले महीनों में पीएम मोदी सामने ढेर सारी चुनौतियां बढ़ा दी हैं।
पीएम ने बंगाल की जनता का जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनाव के नतीजों पर पश्चिम बंगाल की जनता को धन्यवाद दिया। पीएम मोदी ने कहा, 'मैं पश्चिम बंगाल में अपनी बहनों और भाईयों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने हमारी पार्टी को आशीर्वाद दिया है। पहले की तुलना में राज्य में भाजपा की उपस्थिति में काफी वृद्धि हुई है। भाजपा जनता की सेवा करती रहेगी। पीएम मोदी ने आगे कहा कि मैं चुनावों में उनके उत्साही प्रयास के लिए हर कार्यकर्ता की सराहना करता हूं।
पीएम ने ममता दीदी को दी बधाई
पीएम मोदी ने ट्वीट कर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी की मुखिया ममता बनर्जी को भी जीत की बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट में कहा, ''बंगाल में जीत के लिए ममता दीदी को बधाई। केंद्र लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए और कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में पश्चिम बंगाल सरकार की हर संभव समर्थन देना जारी रखेगा।''