Maharashtra: एमएलसी चुनाव से पहले एमवीए में दरार? कांग्रेस ने उद्धव से दो प्रत्याशियों का नाम वापस लेने को कहा
Maharashtra: महाराष्ट्र में आगामी विधान परिषद चुनाव से पहले कांग्रेस और शिवसेना- यूबीटी के बीच तनातनी के संकेत मिल रहे हैं। कांग्रेस ने उद्धव ठाकरे से अपने दो प्रत्याशियों के नाम वापस लेने को कहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लोकसभा चुनाव के दौरान महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन के तहत कांग्रेस और शिवसेना-यूबीटी के बीच दोस्ताना व्यवहार देखने को मिला था। लेकिन अब लग रहा है कि यह दोस्ताना व्यवहार सिर्फ लोकसभा चुनाव तक ही सीमित था। दरअसल, आगामी विधान परिषद चुनाव से पहले कांग्रेस और शिवसेना- यूबीटी के बीच तनातनी के संकेत मिल रहे हैं। इसकी वजह ये है कि कांग्रेस ने उद्धव ठाकरे की घोषणा पर नाराजगी जताई है।
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले का दावा
दरअसल, उद्धव ठाकरे ने कोंकण स्नातक और नासिक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। इस पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। इसके साथ ही कांग्रेस ने शिवसेना से दोनों प्रत्याशियों के नाम वापस लेने की मांग की है। उधर, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने दावा किया कि उद्धव ठाकरे ने एमवीए गठबंधन के सहयोगियों से बातचीत किए बिना नासिक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए उस उम्मीदवार का चयन किया, जिसका नाम पहले ही कांग्रेस ने तय किया हुआ था।
उद्धव ने बिना किसी से चर्चा किए घोषित किए नाम- कांग्रेस
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने बिना किसी चर्चा के कोंकण स्नातक और नासिक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि इन सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने से पहले शिवसेना- यूबीटी द्वारा महा विकास अघाड़ी के घटक दलों से परामर्श लिया जाएगा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्होंने ठाकरे से इन दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से शिवसेना-यूबीटी के उम्मीदवारों के नाम वापस लेने को कहा है। पटोले ने यह भी कहा कि उन्होंने इस बारे में उद्धव से बातचीत करनी चाही लेकिन शिवसेना-यूबीटी प्रमुख विदेश गए हुए हैं।
महाराष्ट्र में विधान परिषद की चार सीटों पर चुनाव
आपको बता दें कि महाराष्ट्र में विधान परिषद की चार सीटों (मुंबई स्नातक, कोंकण स्नातक, मुंबई शिक्षक और नासिक शिक्षक) में 26 जून को मतदान होगा और 1 जुलाई को चुनाव के नतीजे सामने आ जाएंगे। इन चारों सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है।