{"_id":"64e67567fad52fcb62046d28","slug":"fire-in-company-of-bharuch-28-people-admitted-to-hospital-due-to-leak-gas-latest-big-news-in-hindi-2023-08-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Big News: भरूच की कंपनी में लगी आग, गैस लीक होने से 28 लोगों को सांस लेने में दिक्कत; अस्पताल में भर्ती","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Big News: भरूच की कंपनी में लगी आग, गैस लीक होने से 28 लोगों को सांस लेने में दिक्कत; अस्पताल में भर्ती
Thu, 24 Aug 2023 02:38 AM IST
जलज मिश्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गांधीनगर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गांधीनगर
Published by: जलज मिश्रा
Updated Thu, 24 Aug 2023 02:38 AM IST
सार
भरूच के अतिरिक्त कलेक्टर एनआर धांधल ने बताया कि सरोद गांव के पास पीआई इंडस्ट्रीज में आग लग गई थी, जिस वजह से ब्रोमीन गैस लीक हो गई।
विज्ञापन
गुजरात पुलिस
- फोटो : Social media
विस्तार
गुजरात के भरूच जिले में जंबुसर के पास एक रसायनिक कारखाने में गैस लीक हो गई। गैस की चपेट में 28 लोग आ गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भरूच के अतिरिक्त कलेक्टर एनआर धांधल ने बताया कि सरोद गांव के पास पीआई इंडस्ट्रीज में आग लग गई थी, जिस वजह से ब्रोमीन गैस लीक हो गई। इसकी चपेट में 28 लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही थी। इलाज के लिए उन सभी को अस्पताल भेजा गया है।
विज्ञापन
दो मंत्रियों की रिहाई पर हाईकोर्ट ने कहा-अदालत अमीरों के लिए नहीं
मद्रास हाईकोर्ट के जस्टिस आनंद वेंकटेश ने बुधवार को तमिलनाडु की विशेष अदालतों पर निशाना साधते हुए कहा कि अदालत अमीरों के लिए नहीं है। जस्टिस आनंद विशेष अदालतों के द्रमुक सरकार के मंत्रियों थंगम थेनारासु और केकेएसएसआर रामचंद्रन को रिहा करने पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। हाईकोर्ट ने आय से अधिक संपत्ति के मामलों में थेनारासु और रामचंद्रन को बरी करने के आदेशों में स्वत: संशोधन किया था। पिछले माह प्रधान सत्र न्यायालय, श्रीविलीपुथुर ने रामचंद्रन और उनकी पत्नी और अन्य करीबियों को एक मामले में बरी कर दिया था। इसी अदालत ने 2022 में थेनारासु और उनकी पत्नी को मामले में बरी कर दिया था। अगली सुनवाई 20 सितंबर को होगी।
विज्ञापन
आईपीएस रश्मि शुक्ला को बड़ी राहत, फोन टैपिंग की फाइल बंद
महाराष्ट्र की राजनीति में हड़कंप मचाने वाले फोन टैपिंग प्रकरण में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रश्मि शुक्ला को बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार करते हुए इस मामले की फाइल हमेशा के लिए बंद कर दी। सीबीआई ने जुलाई 2022 में फोन टैपिंग मामले की जांच शुरू की थी। मामले की जांच के दौरान देवेंद्र फडणवीस का भी बयान दर्ज किया गया था। कोर्ट में दाखिल सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट में कहा गया है कि इस मामले में जांच के लिए उनके पास अब कुछ शेष नहीं है। लिहाजा इस मामले को बंद किया जाए। 1988 बैंच की आईपीएस अधिकारी रश्मि शुक्ला पर महाराष्ट्र पुलिस ने कांग्रेस और शिवसेना के कई नेताओं के कथित अवैध फोन टैपिंग का आरोप लगाया था। साल 2019 में जब राज्य में सत्ता संघर्ष शुरू था और उद्धव ठाकरे ने भाजपा से नाता तोड़कर कांग्रेस-एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। उस समय रश्मि शुक्ला राज्य गुप्तवार्ता विभाग की आयुक्त थीं। इसी दौरान नेताओं के फोन टेपिंग का मामला सामने आया था। कांग्रेस नेता नाना पटोले, शिवसेना के संजय राउत समेत अन्य नेताओं ने इनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थीं। शुक्ला तत्कालीन सीएम उद्धव ठाकरे के निशाने पर भी आ गई थीं।
विज्ञापन
सिक्किम में बंदरों को खाना खिलाने पर लगेगा 5,000 रुपये का जुर्माना
सिक्किम में अब बंदरों को खाना खिलाने पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगेगा। सिक्किम के वन, पर्यावरण और वन्यजीव विभाग ने कहा है कि बंदरों को खाना खिलाना या खाद्य अपशिष्ट का अनुचित निपटान अपराध माना जाएगा। साथ ही इन नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगेगा। विभाग ने कहा कि मकाऊ प्रजाति के बंदर एक संरक्षित प्रजाति है और इसे वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 और पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम 1986 के तहत खाना खिलाना वर्जित है।
डीआरडीओ में सुधार के लिए सरकार ने बनाई समिति
केंद्र ने रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) के कामकाज की समीक्षा के लिए सरकार के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय समिति का गठन किया है। सूत्रों ने कहा कि समिति का गठन हाल ही में किया गया है और यह डीआरडीओ को अधिक परिणामोन्मुख बनाने और देश में सैन्य उद्योग के विकास के लिए सुधार के उपाय सुझाएगी। समिति में सैन्य, रक्षा उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र से तीन सेवानिवृत्त सदस्य शामिल हैं।
अदालतों का इस्तेमाल साक्ष्य जुटाने के लिए नहीं किया जा सकता : कोर्ट
विशेष एनआईए अदालत ने 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले से जुड़े कुछ दस्तावेजों की मांग वाली याचिका पर कहा है कि अभियोजन पक्ष सबूत इकट्ठा करने के लिए अदालत का इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं। विशेष जज एके लाहोटी ने मंगलवार को एक गवाह की याचिका खारिज करते हुए कहा कि साक्ष्य एकत्र करना अभियोजन एजेंसी का कर्तव्य है। उन्होंने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि अदालतों का इस्तेमाल इस उद्देश्य के लिए नहीं किया जा सकता।
समुद्र के रास्ते अकेले दुनिया नापने वाले अभिलाष टॉमी बने इसरो के सलाहकार
पू्र्व नौसेना कमांडर अभिलाष टॉमी को इसरो ने पहले मानवयुक्त अंतरिक्ष अभियान गगनयान के लिए सलाहकार बनाया है। टॉमी ने 2022 में 82 दिनों में अकेले दुनिया की जलयात्रा कर प्रतिष्ठित गोल्डन ग्लोब रेस में दूसरा स्थान हासिल किया था। टॉमी गगनयान के अंतरिक्ष यात्रियों को समुद्र में सर्वाइवल के गुर सिखाएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसरो के साथ काम करने की जानकारी देते हुए कहा, नौसेना के साथ अगली जलयात्रा की तैयारी में जुटा हूं। इसके अलावा भारत के पहले मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन में इसरो की भी मदद कर रहा हूं। एक साथ समुद्र और अंतरिक्ष परिभ्रमण के लिए सलाहकार बनकर रोमांचित महसूस कर रहा हूं। दोनों मेरे दिल के बहुत करीब हैं। सचमुच, साहसिक कार्य का एक अज्ञात परिणाम होता है। गगनयान परियोजना के तहत तीन सदस्यों के एक दल को अंतरिक्ष मेें भेजा जाएगा।