FCRA: एफसीआरए उल्लंघन मामले में NGO के खिलाफ सीबीआई जांच की सिफारिश, इस कांग्रेस नेता का नाम भी शामिल
अधिकारियों ने बताया कि फाउंडेशन के बैंक खातों में जमा की गई धनराशि और उन लेन-देन के समर्थन में प्रस्तुत दस्तावेजों के बीच भी विसंगतियां पाई गईं। सूत्रों ने बताया कि इन निष्कर्षों के आधार पर सतर्कता विभाग ने यह नतीजा निकाला कि वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं और मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से कराने की सिफारिश की।
विस्तार
केरल सतर्कता विभाग ने राज्य के विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन से जुड़ी एक पुनर्वास परियोजना के संबंध में कथित एफसीआरए उल्लंघन के आरोप में राज्य के एक गैर सरकारी संगठन और उसके अध्यक्ष के खिलाफ सीबीआई जांच की सिफारिश की है। मामले से जुड़े आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक सरकारी सूत्रों ने रविवार को खुलासा किया था कि राज्य की भ्रष्टाचार विरोधी एजेंसी ने कांग्रेस नेता सतीशन के खिलाफ सीबीआई जांच की सिफारिश की है। इसमें 'पुनर्जनी' परियोजना के लिए विदेश से धन जुटाने में विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) के कथित उल्लंघन का हवाला दिया गया है।
सीएम पिनरई विजयन को सौंपी गई थी रिपोर्ट
सोमवार को सरकारी सूत्रों ने बताया कि मनप्पट फाउंडेशन, उसके अध्यक्ष और सीईओ अमीर अहमद के खिलाफ केंद्रीय एजेंसी की ओर से जांच की सिफारिश वाली सतर्कता रिपोर्ट हाल ही में मुख्यमंत्री पिनरई विजयन को सौंपी गई थी।
सूत्रों के अनुसार आरोप थे कि बाढ़ प्रभावित लोगों के पुनर्वास के नाम पर विदेशी धनराशि एकत्र की गई और अहमद और वीडी सतीशन की मिलीभगत से केरल भेजी गई। सूत्रों के अनुसार राज्य सतर्कता और भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (VACB) ने पाया कि पुनर्जनी परियोजना की अवधि (2018 और 2022) के दौरान मनप्पट फाउंडेशन के FCRA खाते में लगभग 1.22 करोड़ रुपये जमा किए गए थे।
यह भी पढ़ें: PM Modi Gujarat Visit: 11 जनवरी को सोमनाथ जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी, सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में लेंगे हिस्सा
एनजीओ ने किया एफसीआरए के नियम का उल्लंघन
सतर्कता विभाग को मिली शिकायत के अनुसार सतीशन की ओर से 'पुनर्जनी' परियोजना के नाम पर विभिन्न देशों से धनराशि एकत्र की गई थी। सतर्कता रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि मनप्पट फाउंडेशन विदेश से मिलने वाली धनराशि से जुड़े रिकॉर्ड या दस्तावेज बनाए रखने में असफल रहा, जो कि एफसीआरए के नियम 19 का उल्लंघन है।
इस घटनाक्रम पर अभी तक गैर सरकारी संगठन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। सरकारी सूत्रों ने रविवार को आरोप लगाया कि सतीशन ने निजी यात्रा के लिए केंद्र सरकार से अनुमति प्राप्त करने के बाद विदेश यात्रा की और विदेशों में धनराशि एकत्र की। इसे बाद में पुनर्वास पहल के नाम पर केरल के खातों में स्थानांतरित कर दिया गया, जो एफसीआरए मानदंडों का उल्लंघन है।
इसके जवाब में सतीशन ने कहा है कि वह इस मामले से व्यक्तिगत और राजनीतिक दोनों तरह से लड़ेंगे। विपक्ष के नेता ने कहा कि उन्हें सीबीआई जांच पर कोई आपत्ति नहीं है और उन्हें विश्वास है कि मामला कानूनी जांच में खरा नहीं उतरेगा।
अन्य वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.